Last Updated:
समोसा बनाते समय अगर आटा सही तरीके से तैयार न हो, तो तलते वक्त समोसा फट सकता है या खुल सकता है. आटे में मोयन और पानी की सही मात्रा का ध्यान रखकर आप घर पर भी कुरकुरे और परफेक्ट समोसे बना सकते हैं.
समोसा बनाना देखने में आसान लगता है, लेकिन घर पर बनाते समय कई बार इसकी बाहरी परत फट जाती है. कभी तलते समय समोसा खुल जाता है तो कभी उसमें तेल भर जाता है. इसकी एक बड़ी वजह आटा तैयार करने का सही तरीका न होना है. अगर आटा बहुत नरम हो या उसमें मोयन कम हो, तो समोसे की परत ठीक से नहीं बन पाती. ऐसे में कुछ छोटी बातों का ध्यान रखकर आप घर पर भी कुरकुरे और अच्छी शेप वाले समोसे बना सकते हैं.
समोसे का आटा तैयार करते समय मैदा में मोयन यानी तेल या घी डालना बहुत जरूरी होता है. यही समोसे की परत को कुरकुरा बनाने में मदद करता है. अगर मोयन बहुत कम होगा तो समोसा तलने के बाद सख्त हो सकता है और उसकी परत आसानी से फट सकती है. मैदा में मोयन डालने के बाद उसे हाथों से अच्छी तरह मिलाएं. जब मैदा को मुट्ठी में दबाने पर वह हल्का बंधने लगे, तो समझें कि मोयन ठीक मात्रा में मिला है.
बहुत ज्यादा पानी न डालें
समोसे का आटा गूंथते समय सबसे आम गलती ज्यादा पानी डालना होती है. समोसे के लिए आटा रोटी के आटे की तरह मुलायम नहीं होना चाहिए. इसे थोड़ा सख्त रखना बेहतर होता है. पानी हमेशा थोड़ा-थोड़ा डालकर आटा गूंथें. इससे आटा जरूरत से ज्यादा नरम नहीं होगा और बेलते समय भी आसानी से काम करेगा.
आटा गूंथने के बाद तुरंत न बेलें
मैदा गूंथने के बाद उसे कुछ देर ढककर रखना भी जरूरी है. करीब 15 से 20 मिनट का आराम देने से आटा अच्छी तरह सेट हो जाता है. इससे समोसे की परत बेलते समय ज्यादा खिंचती नहीं है और उसके फटने की संभावना कम रहती है. समोसे की परत बहुत मोटी होगी तो वह कुरकुरी नहीं बनेगी, लेकिन बहुत पतली परत भी परेशानी पैदा कर सकती है. ज्यादा पतली परत तलते समय फट सकती है और भरावन बाहर निकल सकता है. इसलिए आटे की मध्यम मोटाई की परत बेलें.
किनारों को अच्छी तरह बंद करें
समोसे में भरावन भरने के बाद उसके किनारों को मैदा और पानी के हल्के घोल से अच्छी तरह चिपकाएं. अगर किनारे ठीक से बंद नहीं होंगे तो गर्म तेल में समोसा खुल सकता है. भरावन भी जरूरत से ज्यादा न भरें, क्योंकि ज्यादा भरावन होने पर समोसे की परत पर दबाव पड़ सकता है.
About the Author
विविधा सिंह हिंदी डिजिटल पत्रकारिता का उभरता हुआ नाम हैं. उन्हें डिजिटल मीडिया में साढ़े चार साल का अनुभव है. वर्तमान में वह News18 हिंदी में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह लाइफस्टाइल वर्टि…
और पढ़ें