Cucumber Tambuli Recipe: गर्मी के दिनों में सबसे बड़ी परेशानी यही होती है कि खाने का मन कम करता है और भारी सब्जियां देखकर ही आलस आने लगता है. ऐसे वक्त में लोग कुछ ऐसा खाना चाहते हैं जो पेट को हल्का लगे, जल्दी बन जाए और शरीर को ठंडक भी दे. साउथ इंडिया की कई पारंपरिक डिशेज इसी वजह से पूरे देश में पसंद की जाती हैं. वहां की रेसिपीज सिर्फ स्वाद के लिए नहीं बल्कि मौसम और सेहत को ध्यान में रखकर भी बनाई जाती हैं. इन्हीं में से एक बेहद खास डिश है कर्नाटक की फेमस खीरा तंबुली. देखने में यह रायते जैसी लगती है, लेकिन इसका स्वाद बिल्कुल अलग और काफी रिफ्रेशिंग होता है. इसे बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती और कम इंग्रेडिएंट्स में तैयार हो जाती है.
खास बात यह है कि जब घर में कोई सब्जी बनाने का मन न हो, तब यह डिश गर्म चावल के साथ ऐसा स्वाद देती है कि लोग उंगलियां चाटते रह जाते हैं. दही, नारियल और खीरे का कॉम्बिनेशन इसे गर्मियों के लिए परफेक्ट बनाता है, अगर आप भी रोज-रोज की सब्जियों से बोर हो चुके हैं, तो इस बार लंच में कर्नाटक की देसी खीरा तंबुली जरूर ट्राई करें.
क्या है खीरा तंबुली?
तंबुली कर्नाटक की एक ट्रेडिशनल डिश है, जिसे खासतौर पर गर्मियों में बनाया जाता है. “तंबुली” शब्द कन्नड़ भाषा के दो शब्दों से मिलकर बना है, जिनका मतलब होता है ठंडक देने वाली करी. यह पतली दही बेस्ड डिश होती है, जिसमें अलग-अलग सब्जियों या पत्तों का इस्तेमाल किया जाता है. खीरे से बनने वाली तंबुली सबसे ज्यादा पसंद की जाती है क्योंकि खीरा शरीर को ठंडा रखने में मदद करता है. इसमें नारियल, जीरा और हरी मिर्च का पेस्ट मिलाया जाता है, जिससे इसका स्वाद काफी यूनिक बन जाता है. यह खाने में हल्की होती है और डाइजेशन के लिए भी अच्छी मानी जाती है.
खीरा तंबुली बनाने के लिए जरूरी चीजें
-1 कप कद्दूकस किया हुआ खीरा
-1 कप ताजा दही
-1/2 कप कद्दूकस नारियल
-1 से 2 हरी मिर्च
-1 छोटा चम्मच जीरा
-1 चम्मच तेल
-1/2 छोटा चम्मच राई
-1 से 2 सूखी लाल मिर्च
-करी पत्ता
-स्वाद के मुताबिक नमक
इस तरीके से घर पर बनाएं खीरा तंबुली
1. मसाले का पेस्ट तैयार करें
सबसे पहले एक पैन में थोड़ा सा तेल गर्म करें. अब इसमें जीरा और हरी मिर्च डालकर हल्का सा भून लें. ज्यादा भूनने की जरूरत नहीं है, बस खुशबू आने तक पकाएं. इसके बाद इसे कद्दूकस किए हुए नारियल के साथ मिक्सर में डालें और थोड़ा पानी मिलाकर स्मूद पेस्ट तैयार कर लें.
2. दही और खीरा मिलाएं
अब एक बड़े बाउल में कद्दूकस किया हुआ खीरा लें. इसमें ताजा दही डालें और अच्छे से मिक्स करें. इसके बाद तैयार नारियल वाला पेस्ट डाल दें. अब स्वाद के मुताबिक नमक मिलाकर इसे अच्छी तरह चलाएं ताकि सारे फ्लेवर आपस में अच्छे से मिल जाएं.
3. तड़का लगाएं
एक छोटी कड़ाही में तेल गर्म करें. उसमें राई डालें. जब राई चटकने लगे तब सूखी लाल मिर्च और करी पत्ता डाल दें. तैयार तड़के को सीधे तंबुली के ऊपर डाल दें. इससे इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है और एक शानदार खुशबू भी आती है.
किसके साथ खाएं खीरा तंबुली?
खीरा तंबुली को गर्म चावल और थोड़ा घी डालकर खाया जाता है. इसका स्वाद इतना बढ़िया लगता है कि बिना किसी सब्जी के भी पूरा खाना मजेदार हो जाता है. इसके साथ पापड़, आलू फ्राई या कोई हल्की सूखी सब्जी भी सर्व की जा सकती है. कई लोग इसे ठंडा करके भी खाना पसंद करते हैं, जिससे गर्मी में और ज्यादा राहत मिलती है.
गर्मियों में क्यों फायदेमंद है ये डिश?
खीरा और दही दोनों ही शरीर को ठंडा रखने में मदद करते हैं. गर्मियों में जब शरीर जल्दी थकने लगता है, तब ऐसी हल्की डिश पेट को आराम देती है. नारियल और जीरा डाइजेशन को बेहतर बनाने में मदद करते हैं. यही वजह है कि साउथ इंडिया में लोग इसे लंच में खाना काफी पसंद करते हैं, अगर आपको गर्मी में भारी खाना खाने का मन नहीं करता, तो यह रेसिपी आपके लिए एकदम परफेक्ट हो सकती है.