Mango Chaas Recipe: गर्मी की दोपहर में बाहर से घर लौटने के बाद अगर हाथ में ठंडी-ठंडी छाछ का गिलास मिल जाए, तो सच मानिए आधी थकान वहीं उतर जाती है. खासकर जब उसमें कच्चे आम की हल्की खटास और पुदीने की ताजगी शामिल हो, तो साधारण छाछ भी कुछ खास बन जाती है. गर्मियों में दही से बनी छाछ भारतीय घरों का पुराना और भरोसेमंद पेय है. कोई इसे खाने के साथ पीता है, तो कोई दोपहर की चिलचिलाती धूप से लौटने के बाद. लेकिन अगर रोज की सादी या मसाला छाछ आपको अब थोड़ी बोरिंग लगने लगी है, तो इस बार इसमें आम का ट्विस्ट दीजिए. कच्चे आम, दही, पुदीना और भुने जीरे से तैयार मैंगो छाछ स्वाद में खट्टी-चटपटी और बेहद रिफ्रेशिंग लगती है.
कच्चे आम से बनेगी स्वादिष्ट मैंगो छाछ
मैंगो छाछ की खासियत यह है कि इसे बनाने के लिए आपको बाजार से कोई खास या महंगी सामग्री लाने की जरूरत नहीं पड़ती. गर्मियों में मिलने वाला कच्चा आम, घर की ताजी दही और रसोई में मौजूद कुछ मसाले ही इसके लिए काफी हैं. कच्चे आम की खटास जहां छाछ को एक अलग फ्लेवर देती है, वहीं पुदीना इसे ठंडक और ताजगी वाला स्वाद देता है. दोपहर के खाने के साथ इसे परोसा जा सकता है. चावल, पराठे या हल्के-फुल्के लंच के साथ इसकी चटपटी संगत खूब जमती है. वहीं, अगर आप धूप से लौटे हैं और कुछ ठंडा पीने का मन है, तो बर्फ डालकर सर्व की गई यह छाछ तुरंत मूड बदल सकती है.
मैंगो छाछ बनाने के लिए सामग्री
इसके लिए करीब एक कप कच्चे आम के टुकड़े, डेढ़ कप ताजी दही और एक से दो कप ठंडा पानी लें. इसके अलावा एक छोटा चम्मच भुना हुआ जीरा पाउडर, करीब डेढ़ छोटा चम्मच काला नमक, आधा छोटा चम्मच चाट मसाला और 6-7 ताजी पुदीने की पत्तियां चाहिए. स्वाद के अनुसार सादा नमक, कुछ बर्फ के टुकड़े और सजाने के लिए बारीक कटा हरा धनिया भी रख लें.
इमेज AI
ऐसे झटपट तैयार करें मैंगो छाछ
सबसे पहले कच्चे आम को अच्छी तरह धोकर छील लें. इसके बाद आम को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटें और गुठली अलग कर दें. अब ब्लेंडर जार में आम के टुकड़े, ताजी दही और पुदीने की पत्तियां डालें. इसे तब तक ब्लेंड करें, जब तक आम और दही मिलकर एक स्मूद मिश्रण न बना लें. अब इस मिश्रण में भुना हुआ जीरा पाउडर, काला नमक, चाट मसाला और स्वाद के अनुसार थोड़ा सादा नमक डालें. इसके बाद ठंडा पानी मिलाएं. यहां आप अपनी पसंद के हिसाब से छाछ की कंसिस्टेंसी तय कर सकते हैं.
अगर आपको गाढ़ी छाछ पसंद है, तो पानी कम रखें. हल्की और पतली छाछ के लिए थोड़ा अधिक पानी डाल सकते हैं. अब ब्लेंडर का ढक्कन बंद करके मिश्रण को करीब 10 से 15 सेकंड के लिए दोबारा ब्लेंड करें. इतना करने से पानी और मसाले दही-आम के मिश्रण में अच्छी तरह मिल जाएंगे. ध्यान रखें कि इसे बहुत देर तक ब्लेंड करने की जरूरत नहीं है.
इमेज AI
सर्व करने का तरीका भी बनाएं खास
अब कांच के गिलास में दो से तीन बर्फ के टुकड़े डालें और ऊपर से तैयार मैंगो छाछ डाल दें. इसके ऊपर थोड़ा भुना हुआ जीरा पाउडर छिड़कें. पुदीने की एक-दो पत्तियां और बारीक कटा हरा धनिया डालकर इसे सजाएं. बस, आपकी खट्टी-चटपटी मैंगो छाछ तैयार है. इस रेसिपी में स्वाद का असली मजा आम की खटास और मसालों के संतुलन में है. अगर आम बहुत ज्यादा खट्टा है, तो काला नमक और चाट मसाला थोड़ा कम रखें. इसी तरह, बच्चों के लिए बना रहे हैं तो मसालों की मात्रा हल्की रखी जा सकती है.
गर्मियों में हर बार कोल्ड ड्रिंक या पैकेज्ड जूस की तरफ जाने के बजाय घर की इस देसी मैंगो छाछ को भी मौका दिया जा सकता है. इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और स्वाद में यह किसी से कम नहीं. अगली बार दोपहर के खाने में कुछ अलग परोसने का मन हो, तो कच्चे आम की यह ठंडी-ठंडी छाछ जरूर आजमाएं.