Banarasi Dum Aloo Recipe: सावन का महीना आते ही ज्यादातर घरों में सात्विक भोजन बनने लगता है. इस दौरान लोग प्याज और लहसुन से परहेज करते हैं, लेकिन कई बार रोज-रोज एक जैसी सब्जियां खाने से स्वाद फीका लगने लगता है. ऐसे में अगर आप कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो पूरी तरह सात्विक भी हो और स्वाद में शाही भी, तो बनारसी दम आलू एक शानदार विकल्प है. इस रेसिपी की खास बात यह है कि इसमें आलू के अंदर पनीर, काजू, किशमिश और मसालों की स्वादिष्ट स्टफिंग भरी जाती है. इसके बाद इन्हें टमाटर, दही और काजू की गाढ़ी ग्रेवी में धीमी आंच पर दम देकर पकाया जाता है.
बिना प्याज और लहसुन के बनने के बावजूद इसका स्वाद इतना शानदार होता है कि हर कोई इसकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाता. अगर इस सावन आप परिवार या मेहमानों के लिए कुछ खास बनाना चाहते हैं, तो यह आसान बनारसी दम आलू रेसिपी जरूर ट्राई करें.
बनारसी दम आलू की खासियत
बनारसी दम आलू उत्तर भारत की पारंपरिक रेसिपी है. इसमें साधारण आलू को खास अंदाज में तैयार किया जाता है. आलू के अंदर भरावन डालने और फिर दम पर पकाने की वजह से हर बाइट में ग्रेवी और मसालों का स्वाद भर जाता है. यही वजह है कि यह सब्जी त्योहारों और खास मौकों पर काफी पसंद की जाती है.
बनाने के लिए जरूरी सामग्री
इस रेसिपी के लिए 8 से 10 छोटे या मीडियम आकार के आलू, 200 ग्राम कद्दूकस किया हुआ पनीर, 2 बड़े चम्मच काजू, 1 बड़ा चम्मच किशमिश, 2 टमाटर की प्यूरी, 2 बड़े चम्मच दही या मलाई, 2 बड़े चम्मच काजू का पेस्ट, 2 हरी मिर्च, 1 इंच अदरक, 1 छोटा चम्मच जीरा, 2 हरी इलायची, 1 छोटा टुकड़ा दालचीनी, 1 तेजपत्ता, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, कसूरी मेथी, हरा धनिया, स्वादानुसार नमक और सरसों का तेल लें.
( इमेज AI)
सबसे पहले तैयार करें आलू
सबसे पहले आलुओं को उबाल लें या हल्का पकाकर उनका छिलका उतार लें. अब छोटे चम्मच या पीलर की मदद से आलू के बीच का हिस्सा सावधानी से निकाल दें ताकि वे कटोरी जैसे दिखें. इसके बाद इन्हें पानी से धोकर अलग रख दें.
मसालों में मैरिनेट करके करें फ्राई
एक बाउल में सरसों का तेल, हल्दी और लाल मिर्च पाउडर मिलाएं. अब इस मिश्रण में आलुओं को अच्छी तरह लपेट दें. कड़ाही में तेल गर्म करें और आलुओं को चारों तरफ से सुनहरा और हल्का कुरकुरा होने तक तल लें. इससे आलू टूटेंगे नहीं और उनका स्वाद भी बेहतर होगा.
तैयार करें शाही स्टफिंग
एक बर्तन में कद्दूकस किया हुआ पनीर लें. इसमें बारीक कटे काजू, किशमिश, अदरक, हरी मिर्च, काली मिर्च और थोड़ा सा नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इस मिश्रण को तले हुए आलुओं के अंदर भर दें. भरावन जितनी अच्छी होगी, सब्जी उतनी ही स्वादिष्ट बनेगी.
( इमेज AI)
बनाएं गाढ़ी सात्विक ग्रेवी
अब कड़ाही में थोड़ा सरसों का तेल गर्म करें. इसमें जीरा, हरी इलायची, दालचीनी और तेजपत्ता डालकर खुशबू आने तक भूनें. इसके बाद बारीक कटी हरी मिर्च और अदरक डालें. अब टमाटर की प्यूरी डालकर अच्छी तरह पकाएं. इसमें काजू का पेस्ट, दही या मलाई, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और स्वादानुसार नमक डालें. मसाले को तब तक भूनें जब तक किनारों पर तेल दिखाई न देने लगे.
दम पर पकाने से आएगा असली स्वाद
जब ग्रेवी अच्छी तरह तैयार हो जाए तो उसमें जरूरत के अनुसार पानी डालकर उबाल लें. अब स्टफ किए हुए आलुओं को धीरे-धीरे ग्रेवी में रखें. कड़ाही को ढक्कन से ढक दें और धीमी आंच पर 8 से 10 मिनट तक पकाएं. दम पर पकने से ग्रेवी का स्वाद आलुओं के अंदर तक पहुंच जाता है.
आखिर में ऐसे करें गार्निश
गैस बंद करने से पहले ऊपर से हाथों से मसलकर कसूरी मेथी डालें. चाहें तो थोड़ा ताजा क्रीम या मलाई भी डाल सकते हैं. आखिर में बारीक कटा हरा धनिया डालकर सजाएं. इससे सब्जी का स्वाद और लुक दोनों शानदार हो जाते हैं.
View this post on Instagram