Sattu Sharbat Recipe: मई-जून की तेज धूप, चिपचिपी गर्मी और हर समय होने वाली थकान के बीच लोग ऐसे देसी ड्रिंक की तलाश में रहते हैं जो शरीर को तुरंत ठंडक भी दे और लंबे समय तक एनर्जी भी बनाए रखे. ऐसे मौसम में सत्तू का शरबत फिर से लोगों की पहली पसंद बनता जा रहा है. खास बात यह है कि अब सोशल मीडिया पर भी सत्तू को लेकर जबरदस्त चर्चा हो रही है. फिटनेस इंफ्लुएंसर्स से लेकर हेल्थ एक्सपर्ट तक इसे “नेचुरल एनर्जी ड्रिंक” बता रहे हैं.

लेकिन इस बार सिर्फ पारंपरिक नमकीन सत्तू नहीं, बल्कि दही और गुड़ से तैयार होने वाला खट्टा-मीठा सत्तू शरबत तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. यह स्वाद में अलग, पेट के लिए हल्का और बिना रिफाइंड चीनी के भी बेहद टेस्टी लगता है. गांवों में लंबे समय से पिया जाने वाला यह देसी पेय अब शहरों के किचन और इंस्टाग्राम रील्स तक पहुंच चुका है. गर्मी में अगर आप कोल्ड ड्रिंक की जगह कोई हेल्दी विकल्प ढूंढ रहे हैं, तो यह रेसिपी रोजाना की डाइट का हिस्सा बन सकती है.

क्यों ट्रेंड कर रहा है सत्तू का शरबत?
कुछ साल पहले तक सत्तू को सिर्फ बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश का पारंपरिक भोजन माना जाता था. लेकिन अब हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाने वाले लोग इसे बड़े पैमाने पर पसंद कर रहे हैं. वजह साफ है यह सस्ता भी है, पेट भरने वाला भी और पोषण से भरपूर भी. भुने हुए चने से तैयार सत्तू की तासीर ठंडी मानी जाती है. यही कारण है कि गर्मियों में इसे पीने से शरीर में ठंडक बनी रहती है. कई लोग इसे सुबह खाली पेट पीना पसंद करते हैं, जबकि कुछ लोग दोपहर की थकान दूर करने के लिए इसका सेवन करते हैं.

सत्तू के फायदे जो इसे खास बनाते हैं

पेट को रखता है हल्का
गर्मी में अक्सर लोगों को एसिडिटी, जलन और अपच की शिकायत होती है. सत्तू में मौजूद फाइबर पाचन तंत्र को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है. यही वजह है कि इसे पीने के बाद लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होता है.

तुरंत देता है एनर्जी
तेज धूप में बाहर निकलने के बाद शरीर जल्दी थक जाता है. सत्तू में मौजूद प्रोटीन, आयरन और मैग्नीशियम शरीर को तुरंत ऊर्जा देने में मदद करते हैं. यही कारण है कि कई लोग इसे “देसी प्रोटीन ड्रिंक” भी कहते हैं.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

वजन कंट्रोल में भी मददगार
जो लोग बार-बार भूख लगने से परेशान रहते हैं, उनके लिए सत्तू अच्छा विकल्प माना जाता है. यह लंबे समय तक पेट भरा रखता है, जिससे अनहेल्दी स्नैकिंग कम होती है.

सामग्री
-4 चम्मच सत्तू
-2-3 चम्मच दही
-स्वादानुसार गुड़
-1 बड़ा चम्मच नींबू का रस
-काला नमक
-सफेद नमक
-चाट मसाला
-भुना जीरा पाउडर
-काली मिर्च पाउडर
-थोड़ा लाल मिर्च पाउडर
-2 गिलास ठंडा पानी
-हरा धनिया
-बर्फ के टुकड़े

ऐसे तैयार करें ठंडा सत्तू शरबत

स्टेप 1: बेस तैयार करें
सबसे पहले एक बड़े जग या मिक्सर जार में सत्तू डालें. इसमें दही और गुड़ मिलाएं. अब थोड़ा ठंडा पानी डालकर इसे अच्छी तरह ब्लेंड कर लें ताकि गुठलियां न रहें.

स्टेप 2: मसाले मिलाएं
अब इसमें काला नमक, सफेद नमक, चाट मसाला, काली मिर्च, भुना जीरा और थोड़ा लाल मिर्च पाउडर डालें. इसके बाद नींबू का रस मिलाकर फिर से अच्छी तरह मिक्स करें.

स्टेप 3: ठंडा करके सर्व करें
गिलास में बर्फ डालें और ऊपर से तैयार सत्तू शरबत भर दें. आखिर में हरा धनिया डालकर सर्व करें. इसका स्वाद खट्टा, मीठा और हल्का मसालेदार होता है जो गर्मी में बेहद रिफ्रेशिंग लगता है.

घरों में फिर बढ़ रहा देसी ड्रिंक्स का चलन
बीते कुछ समय में लोग पैकेज्ड कोल्ड ड्रिंक्स से दूरी बनाकर पारंपरिक भारतीय पेय की तरफ लौट रहे हैं. बेल शरबत, छाछ, आम पन्ना और सत्तू जैसे ड्रिंक्स अब फिर से लोकप्रिय हो रहे हैं. खासकर हेल्थ कॉन्शियस युवा इन्हें अपनी डेली रूटीन में शामिल कर रहे हैं.



Source link

Write A Comment