Last Updated:

Kitchen Storage Tips: गुलनूर के बताए 5 आसान किचन हैक्स धनिया, नींबू, हरी मिर्च, टमाटर और प्याज को लंबे समय तक ताजा रखने में मदद कर सकते हैं. इन घरेलू तरीकों से खाने की बर्बादी कम होगी, पैसे बचेंगे और बार-बार बाजार जाने की परेशानी भी घटेगी.

ख़बरें फटाफट

Zoom

सब्जी स्टोर करने के तरीके

Kitchen Storage Tips: आजकल की व्यस्त जिंदगी में हर कोई चाहता है कि एक बार बाजार जाकर पूरे हफ्ते या कई दिनों की सब्जियां खरीद ली जाएं. इससे समय की बचत होती है और रोज-रोज खरीदारी करने की झंझट भी नहीं रहती, लेकिन परेशानी तब शुरू होती है जब कुछ ही दिनों में हरा धनिया मुरझाने लगता है, हरी मिर्च नरम होकर खराब हो जाती है और नींबू अपना रस खोने लगते हैं. कई बार टमाटर भी जल्दी सड़ जाते हैं और प्याज में अंकुर निकलने लगते हैं. नतीजा यह होता है कि खाने-पीने की चीजें खराब होने लगती हैं और घर का बजट भी बिगड़ जाता है, अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं तो सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर गुलनूर के बताए कुछ आसान किचन हैक्स आपके लिए बेहद काम के साबित हो सकते हैं. इन छोटे-छोटे उपायों की मदद से आप रोज इस्तेमाल होने वाली कई सब्जियों को लंबे समय तक ताजा रख सकते हैं.

1. हरे धनिए को फूलों की तरह रखें
हरा धनिया लगभग हर भारतीय रसोई में इस्तेमाल होता है, लेकिन यह सबसे जल्दी खराब होने वाली चीजों में से एक है. इसे लंबे समय तक ताजा रखने के लिए एक साफ कांच या प्लास्टिक का कंटेनर लें और उसमें थोड़ा पानी भर दें. अब धनिए के निचले हिस्से को पानी में डुबोकर उसे फूलदान में रखे फूलों की तरह खड़ा कर दें. इसके बाद कंटेनर को फ्रिज में रख दें. ऐसा करने से धनिया लंबे समय तक हरा-भरा और ताजा बना रह सकता है.

2. नींबू को पानी में स्टोर करें
अक्सर लोग नींबू को सीधे फ्रिज में रख देते हैं. इससे कुछ दिनों बाद उसकी ऊपरी परत सख्त होने लगती है और अंदर का रस भी कम हो जाता है, अगर आप चाहते हैं कि नींबू लंबे समय तक रसीले बने रहें तो उन्हें पानी से भरे कांच के जार में डालकर फ्रिज में रखें. पानी नींबू की नमी बनाए रखने में मदद करता है, जिससे वे कई दिनों तक ताजा बने रहते हैं.

3. हरी मिर्च के लिए अपनाएं टिशू पेपर ट्रिक
हरी मिर्च जल्दी खराब होने की सबसे बड़ी वजह अतिरिक्त नमी होती है. इसे रोकने के लिए सबसे पहले मिर्च के डंठल अलग कर दें. इसके बाद एक एयरटाइट कंटेनर में नीचे टिशू पेपर बिछाएं. फिर मिर्च रखें और ऊपर से भी टिशू पेपर ढक दें. टिशू पेपर अतिरिक्त नमी को सोख लेता है, जिससे मिर्च ज्यादा समय तक कड़क और ताजा बनी रहती है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

4. टमाटर के स्टेम वाले हिस्से पर लगाएं हल्का तेल
टमाटर अक्सर ऊपर वाले हिस्से से जल्दी खराब होने लगते हैं. यही वह जगह होती है जहां से हवा और नमी अंदर पहुंचती है, अगर टमाटर को ज्यादा दिनों तक सुरक्षित रखना है तो उसके स्टेम वाले हिस्से पर थोड़ा सा कुकिंग ऑयल लगा दें. तेल एक तरह की परत बना देता है, जिससे बाहरी असर कम पड़ता है और टमाटर जल्दी खराब नहीं होते.

5. प्याज के बीच रखें मुड़ा हुआ पेपर
गर्मी और बरसात के मौसम में प्याज जल्दी सड़ने लगते हैं या उनमें अंकुर निकल आते हैं. इस परेशानी से बचने के लिए जिस टोकरी में प्याज रखते हैं उसमें कुछ पुराने अखबार या पेपर के टुकड़े रख दें. ये पेपर अतिरिक्त नमी को सोख लेते हैं और प्याज को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में मदद करते हैं. साथ ही प्याज में बदबू आने की संभावना भी कम हो जाती है.

इन हैक्स से कैसे होगी बचत?
अक्सर लोग यह नहीं समझ पाते कि थोड़ी-थोड़ी मात्रा में खराब होने वाली सब्जियां महीने भर में कितने पैसे का नुकसान कर देती हैं, अगर सब्जियां जल्दी खराब होती हैं तो उन्हें दोबारा खरीदना पड़ता है. ऐसे में खर्च बढ़ता है और मेहनत भी ज्यादा लगती है. ये आसान किचन हैक्स न सिर्फ सब्जियों की उम्र बढ़ाते हैं, बल्कि खाने की बर्बादी को भी कम करते हैं.

छोटी आदतें, बड़ा फायदा
किचन को व्यवस्थित रखना सिर्फ साफ-सफाई तक सीमित नहीं है. खाने की चीजों को सही तरीके से संभालना भी उतना ही जरूरी है. गुलनूर के बताए ये आसान उपाय किसी महंगे सामान की मांग नहीं करते. घर में मौजूद सामान्य चीजों की मदद से आप सब्जियों को ज्यादा दिनों तक ताजा रख सकते हैं. इससे समय, पैसा और मेहनत तीनों की बचत होती है, अगर आपने अभी तक इन आसान हैक्स को नहीं अपनाया है, तो अगली बार सब्जियां खरीदने के बाद इन्हें जरूर आजमाएं. हो सकता है कि आपकी रसोई में होने वाली आधी बर्बादी यहीं से रुक जाए.

About the Author

Mohit Mohit

मीडिया इंडस्ट्री में 8+ साल का अनुभव, ABP, NDTV, दैनिक जागरण और इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़कर काम किया। लाइफस्टाइल, धर्म और संस्कृति की कहानियों को रोचक अंदाज़ में प्रस्तुत करने का खास हुनर।…और पढ़ें



Source link

Write A Comment