Raw Mango Curry Recipe: गर्मी का मौसम आते ही किचन में कच्चे आम की खुशबू फैल जाती है. हर घर में आम से जुड़ी अलग-अलग चीजें बनती हैं-कहीं ठंडा पना, कहीं चटपटा अचार, तो कहीं मसालेदार चटनी, लेकिन अगर आप हर बार वही पुरानी रेसिपी खाकर बोर हो चुके हैं, तो इस बार कुछ अलग ट्राई करने का सही मौका है. पहाड़ों की रसोई से निकली एक ऐसी डिश है जो स्वाद के साथ यादें भी छोड़ जाती है-हिमाचली कच्चे आम की माहनी. यह सिर्फ एक रेसिपी नहीं, बल्कि एक ट्रेडिशन है जो पीढ़ियों से लोगों के दिलों में बसी हुई है. इसका स्वाद थोड़ा खट्टा, थोड़ा मीठा और मसालों से भरपूर होता है, जो इसे बाकी आम की डिश से अलग बनाता है.

खास बात यह है कि इसे बनाना बहुत आसान है और इसमें इस्तेमाल होने वाली चीजें भी घर में आसानी से मिल जाती हैं, अगर आप अपने खाने में पहाड़ी टच लाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए एकदम परफेक्ट है.

हिमाचली थाली में माहनी का खास स्थान
हिमाचल की बात हो और खाने का जिक्र न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता. यहां की थाली में हर डिश का अपना अलग रोल होता है. सिड्डू, राजमा, मदरा जैसी डिश के साथ माहनी भी खास जगह रखती है. खास मौकों, त्योहारों और गर्मियों में इसे खासतौर पर बनाया जाता है. माहनी को लोग खट्टी-मीठी करी भी कहते हैं, जो चावल या दाल-भात के साथ खाने पर स्वाद को कई गुना बढ़ा देती है. इसका फ्लेवर ऐसा होता है कि एक बार खाने के बाद आप इसे बार-बार बनाना चाहेंगे.

क्यों खास है कच्चे आम की माहनी?
इस डिश की सबसे बड़ी खासियत इसका बैलेंस्ड टेस्ट है. कच्चे आम की खटास, गुड़ की हल्की मिठास और देसी मसालों का तड़का मिलकर एक ऐसा कॉम्बिनेशन बनाते हैं जो हर किसी को पसंद आता है. यह हल्की भी होती है, इसलिए गर्मियों में पेट पर भारी नहीं लगती, अगर आपको ऐसा खाना पसंद है जो स्वादिष्ट होने के साथ हल्का भी हो, तो माहनी एक शानदार ऑप्शन है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

जरूरी सामग्री
-2-3 कच्चे आम
-2 बड़े चम्मच बेसन
-2 बड़े चम्मच गुड़
-1 छोटा चम्मच हल्दी
-1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
-1 छोटा चम्मच मेथी दाना
-1 छोटा चम्मच राई
-1-2 सूखी लाल मिर्च
-नमक स्वाद के हिसाब से
-2 बड़े चम्मच सरसों का तेल
-4-5 कप पानी

बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले कच्चे आम को अच्छे से धोकर छील लें और छोटे टुकड़ों में काट लें. अब एक बर्तन में पानी डालकर आम को उबालें जब तक वह नरम न हो जाए. दूसरी तरफ एक कटोरी में बेसन और पानी मिलाकर पतला घोल बना लें, ध्यान रखें कि उसमें गांठ न रहें. अब उबले हुए आम में यह घोल डालें और लगातार चलाते रहें.

इसके बाद इसमें गुड़, हल्दी, नमक और लाल मिर्च डालें और 8-10 मिनट तक पकने दें. जब मिश्रण थोड़ा गाढ़ा हो जाए, तब गैस धीमी कर दें. अब एक पैन में सरसों का तेल गर्म करें. उसमें राई, मेथी दाना और सूखी लाल मिर्च डालकर तड़का तैयार करें और इसे माहनी में डाल दें. बस आपकी टेस्टी हिमाचली माहनी तैयार है.

कैसे करें सर्व
माहनी को गरमा-गरम चावल, रोटी या दाल-भात के साथ परोसें. इसका खट्टा-मीठा स्वाद सिंपल खाने को भी खास बना देता है.



Source link

Write A Comment