Last Updated:
Easy Breakfast Recipe: सुबह के नाश्ते में अगर कुछ ऐसा खाने का मन हो जो स्वादिष्ट भी हो और जल्दी तैयार भी हो जाए, तो ब्रेड पकोड़ा एक शानदार विकल्प है. चाय के साथ गर्मागर्म ब्रेड पकोड़े का स्वाद हर किसी को पसंद आता है. बाहर मिलने वाले पकोड़ों की जगह आप घर पर आसानी से आलू की मसालेदार स्टफिंग और बेसन के घोल से कुरकुरे ब्रेड पकोड़े बना सकते हैं. अगर आप भी जल्दी बनने वाला स्वादिष्ट नाश्ता तलाश रहे हैं, तो यह रेसिपी जरूर ट्राई करें.
सुबह-सुबह अगर कुछ ऐसा खाने का मन हो जो स्वादिष्ट भी हो और जल्दी भी बन जाए, तो ब्रेड पकोड़ा एक बेहतरीन विकल्प है. बच्चों से लेकर बड़ों तक हर उम्र के लोगों को इसका स्वाद पसंद आता है. बाहर मिलने वाले ब्रेड पकौड़ों की जगह घर पर बने ब्रेड पकोड़े ज्यादा ताजे, साफ-सुथरे और स्वादिष्ट होते हैं. इन्हें हरी चटनी, टमाटर सॉस और गर्म चाय के साथ परोसा जाए तो स्वाद और भी बढ़ जाता है.
ब्रेड पकोड़ा सबसे पसंदीदा स्ट्रीट फूड में शामिल है. इसे सुबह के नाश्ते, शाम की चाय या हल्की भूख के समय आसानी से बनाया जा सकता है. अगर इसमें मसालेदार आलू की स्टफिंग भर दी जाए तो इसका स्वाद और भी लाजवाब हो जाता है. इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है.
सबसे पहले उबले हुए आलू को अच्छी तरह मैश कर लें. अब एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और इसमें हींग, बारीक कटी हरी मिर्च और अदरक का पेस्ट डालकर हल्का भूनें. इसके बाद इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और स्वादानुसार नमक डालें. अब मैश किए हुए आलू डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. अंत में इसमें गरम मसाला और हरा धनिया डालकर 2 से 3 मिनट तक भूनें. जब मसाले अच्छी तरह मिल जाएं तो गैस बंद कर दें और स्टफिंग को ठंडा होने के लिए रख दें.
Add News18 as
Preferred Source on Google
एक बड़े बर्तन में बेसन लें और उसमें अजवाइन, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और स्वादानुसार नमक मिलाएं. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए इसका चिकना घोल तैयार करें. ध्यान रखें कि बेसन का घोल न ज्यादा पतला हो और न ज्यादा गाढ़ा, ताकि पकोड़े अच्छे से कुरकुरे बनें. इसके बाद घोल को करीब 10 मिनट के लिए ढककर रख दें. इससे बेसन अच्छी तरह फूल जाएगा और पकोड़ों का स्वाद बेहतर आएगा.
एक ब्रेड स्लाइस लें और उस पर तैयार आलू की स्टफिंग को बराबर मात्रा में फैलाएं. इसके ऊपर दूसरी ब्रेड स्लाइस रखकर हल्के हाथों से दबा दें, ताकि दोनों स्लाइस अच्छी तरह जुड़ जाएं. अब इसे अपनी पसंद के अनुसार तिकोने आकार में काट लें. इसी तरह सभी ब्रेड स्लाइस में आलू की स्टफिंग भरकर तैयार कर लें. अब इन सैंडविच को बेसन के घोल में अच्छी तरह डुबो दें, ताकि चारों तरफ बेसन की परत लग जाए.
कढ़ाही में तेल गर्म करें और बेसन में लिपटी हुई ब्रेड को सावधानी से तेल में डालें. मध्यम आंच पर ब्रेड पकोड़ों को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. पकने के बाद इन्हें टिश्यू पेपर पर निकाल लें, जिससे अतिरिक्त तेल निकल जाए.
गरमा-गरम ब्रेड पकोड़े को हरी धनिया-पुदीना की चटनी, इमली की मीठी चटनी या टमाटर सॉस के साथ परोस सकते हैं. ब्रेड पकोड़ा स्वादिष्ट होने के साथ पेट भी भरने वाला नाश्ता है. आलू से ऊर्जा मिलती है और बेसन में प्रोटीन व फाइबर पाया जाता है.