Last Updated:
यहां आज आपको मूंग दाल चीला की आसान रेसिपी बताई गई, इसके लिये भिगोई दाल का गाढ़ा बैटर तवे पर सेंककर बनाया जाता है, यह प्रोटीन से भरपूर, हल्का और वजन घटाने वालों के लिए फायदेमंद नाश्ता होता है, तो इसे जरूर बनाकर ट्राई करें.
मूंग दाल का चीला एक स्वादिष्ट, हल्का और सेहतमंद नाश्ता है, जिसे खासतौर पर भारतीय घरों में काफी पसंद किया जाता है. यह प्रोटीन से भरपूर होता है और जल्दी बनने वाला व्यंजन भी है, इसलिए सुबह के नाश्ते या हल्के भोजन के लिए यह एक बेहतरीन विकल्प माना जाता सकता है. आइए जानते हैं मूंग दाल चीला बनाने की आसान रेसिपी.
सामग्री
1 कप धुली मूंग दाल
2-3 हरी मिर्च
1 छोटा टुकड़ा अदरक
1 बारीक कटा प्याज
2-3 चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
नमक स्वादानुसार
हल्दी
जीरा
तेल या घी सेंकने के लिए
- बनाने की विधि
सबसे पहले मूंग दाल को अच्छे से धोकर 3-4 घंटे के लिए भिगो दें. जब दाल अच्छी तरह फूल जाए, तो उसका पानी निकाल लें और मिक्सी में डालकर हरी मिर्च और अदरक के साथ पीस लें. ध्यान रखें बैटर अधिक पतला न हो, इसे थोड़ा गाढ़ा ही रखें. - अब तैयार बैटर में नमक, हल्दी, जीरा, बारीक कटा प्याज और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिला लें. यदि आप चाहें तो इसमें कद्दूकस की हुई गाजर या शिमला मिर्च भी मिला सकते हैं, इससे चीले का स्वाद और पौष्टिकता दोनों बढ़ जाते हैं.
- अब एक नॉन-स्टिक तवा या पैन को मध्यम आंच पर गर्म करें. तवा गरम होने के बाद उसमें थोड़ा सा तेल या घी लगाएं. फिर एक करछी भर बैटर लेकर तवे पर डालें और हल्के हाथ से गोल फैलाएं, जैसे डोसा बनाया जाता है.
- चीले के किनारों पर थोड़ा तेल डालें और 2-3 मिनट तक पकने दें. जब नीचे की तरफ से सुनहरा हो जाए, तो उसे पलट दें और दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह सेक लें. दोनों तरफ से कुरकुरा होने तक पकाएं.
परोसने का तरीका
तैयार मूंग दाल चीला को गर्मागर्म हरी चटनी, टमाटर सॉस या दही के साथ परोसें. आप इसे रोल की तरह बनाकर भी खा सकते हैं, जिसमें अंदर पनीर या सब्जियों की स्टफिंग डाल सकते हैं.
सेहत के फायदे
मूंग दाल चीला केवल स्वादिष्ट ही नहीं, बल्कि सेहत के लिहाज से भी काफी फायदेमंद है.
इसमें प्रोटीन भरपूर मात्रा में होता है, जो शरीर के लिए जरूरी है.
यह पचने में हल्का होता है, जिससे पेट भारी नहीं लगता.
वजन घटाने वालों के लिए यह एक अच्छा विकल्प है.
इसमें फाइबर भी होता है, जो पाचन को बेहतर बनाता है.