Last Updated:
Vendu Vada Recipe: हैदराबाद के लोकप्रिय साउथ इंडियन व्यंजन वेंडू वडा, जिसे मेदू वडा भी कहा जाता है, अपनी कुरकुरी परत और नरम अंदरूनी बनावट के कारण हर उम्र के लोगों की पसंद बना हुआ है. यह रेसिपी अब महज 5 मिनट में भी तैयार की जा सकती है, जिससे यह तेज रफ्तार जिंदगी में एक आसान और स्वादिष्ट विकल्प बन जाती है. उड़द दाल, हरी मिर्च, अदरक और करी पत्ते से तैयार यह स्नैक न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद है. इसे आमतौर पर नारियल चटनी और सांभर के साथ परोसा जाता है.
हैदराबाद. दक्षिण भारतीय व्यंजनों की खुशबू और उनका अनोखा स्वाद आज सरहदों को पार कर पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना चुका है. जब भी साउथ इंडियन खाने की बात होती है तो इडली और डोसा का नाम सबसे पहले जुबान पर आता है. लेकिन नवाबी शहर हैदराबाद के खान-पान की बात ही कुछ अलग है. यहां का एक और बेहद लोकप्रिय और स्वादिष्ट व्यंजन है वेंडू वडा, जिसे देश के कई हिस्सों में मेदू वडा के नाम से भी जाना जाता है.
अपनी बाहरी कुरकुरी परत और अंदर की नरम बनावट के कारण यह स्नैक हर उम्र के लोगों की पसंद बना हुआ है. अक्सर माना जाता है कि पारंपरिक वडा बनाने में काफी समय लगता है, लेकिन भागदौड़ भरी जिंदगी में अब इस स्वादिष्ट डिश को महज 5 मिनट में भी तैयार किया जा सकता है. यह इंस्टेंट रेसिपी खासतौर पर उन लोगों के लिए बेहतरीन विकल्प मानी जाती है, जो कम समय में स्वादिष्ट और पौष्टिक नाश्ता बनाना चाहते हैं.
इन सामाग्रियों की पड़ती है जरूरत
झटपट वेंडू वडा बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती. इसके लिए पहले से भिगोई हुई उड़द दाल, बारीक कटी हरी मिर्च, कद्दूकस किया हुआ अदरक, चुटकीभर हींग, ताजा करी पत्ता, स्वादानुसार नमक और तलने के लिए तेल की आवश्यकता होती है. ये सभी सामग्री आसानी से घर में उपलब्ध हो जाती है.
घर पर आसानी से ऐसे बनाएं वेंडू वडा
वेंडू वडा बनाने की शुरुआत उड़द दाल को मिक्सर में पीसने से होती है. ध्यान रखना चाहिए कि दाल पीसते समय पानी का इस्तेमाल कम से कम हो, ताकि घोल गाढ़ा बना रहे. इसके बाद इस मिश्रण में हरी मिर्च, अदरक, हींग, करी पत्ता और नमक डालकर अच्छी तरह फेंटा जाता है. मिश्रण को अच्छे से फेंटने से वडा ज्यादा फूला और मुलायम बनता है. अब हाथों को हल्का गीला करके मिश्रण का छोटा हिस्सा लें और उसे गोल आकार देते हुए बीच में छोटा छेद बनाएं. इसके बाद गर्म तेल में मध्यम आंच पर इन्हें सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें. कुछ ही मिनटों में गरमा-गरम वेंडू वडा तैयार हो जाता है.
स्वाद के साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद है वेंडू वडा
यह व्यंजन केवल स्वाद में ही बेहतरीन नहीं है, बल्कि सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद माना जाता है. विशेषज्ञों के अनुसार उड़द दाल प्रोटीन का अच्छा स्रोत है, जो शरीर को ऊर्जा देने का काम करती है. वहीं, अदरक और हींग पाचन तंत्र को बेहतर बनाए रखने में मदद करते हैं. आमतौर पर वेंडू वडा को नारियल की चटनी और सांभर के साथ परोसा जाता है. नारियल चटनी में मौजूद फाइबर इसे और भी पौष्टिक बना देता है. अगर आप भी घर बैठे दक्षिण भारत के असली स्वाद का आनंद लेना चाहते हैं, तो इस आसान रेसिपी को जरूर आजमाएं.
About the Author
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से News18 हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें