Last Updated:

केले के फूल की सब्जी बनाने से पहले उसकी अच्छी तरह सफाई करना जरूरी है. सबसे पहले फूल की पंखुड़ियां हटाकर छोटे-छोटे फूल अलग कर लें। इसके बाद हर फूल के अंदर मौजूद सफेद और कड़े हिस्से को निकाल दें. प्रिया कुमारी के अनुसार, इस हिस्से को नहीं हटाने पर सब्जी का स्वाद कड़वा हो सकता है और गले में परेशानी भी हो सकती है. सफाई के बाद फूलों को धोकर कुकर में डालें और 2 से 3 सीटी तक उबाल लें.

सीतामढ़ी: ​अगर आप रोज़मर्रा की हरी सब्जियों से बोर हो चुके हैं और कुछ अलग तथा बेहद स्वादिष्ट आज़माना चाहते हैं, तो केले के फूल की सब्जी एक बेहतरीन विकल्प है. पकवानों का शौक रखने वालों के लिए यह एक अनोखा अनुभव हो सकता है. सीतामढ़ी जिले के डुमरा निवासी गृहणी प्रिया कुमारी के अनुसार, केले के फूल की सब्जी न सिर्फ खाने में लाजवाब होती है, बल्कि इसे बनाने का तरीका भी बेहद आसान है. बस इसे बनाते समय कुछ खास बातों का ध्यान रखना ज़रूरी है, ताकि इसके असली स्वाद का आनंद लिया जा सके और सेहत को भी कोई नुकसान न पहुंचे.

​सफाई और उबालने का सही तरीका
​प्रिया कुमारी बताती हैं कि इस सब्जी को बनाने की शुरुआत केले के फूल को अच्छी तरह साफ करने से होती है. सबसे पहले फूल की पंखुड़ियों को अलग करके सारे छोटे फूलों को एक बर्तन में निकाल लें. इसके बाद सबसे महत्वपूर्ण कदम आता है हर छोटे फूल के अंदर मौजूद सफेद रंग के कड़े बीज (डंठल) को बाहर निकालना. प्रिया कुमारी सचेत करती हैं कि अगर इस सफेद हिस्से को नहीं निकाला गया, तो सब्जी का स्वाद कड़वा हो सकता है और इसे खाने से गले में खराश या अजीब सी सनसनाती हुई सनसनी होने लगती है. सफाई के बाद फूलों को साफ पानी से धोकर कुकर में पानी के साथ डालें और धीमी आंच पर दो से तीन सीटी आने तक उबाल लें. उबलने के बाद इन्हें छानकर एक बार फिर ठंडे पानी से साफ कर लें.

मसालों का पेस्ट और तड़के की तैयारी
​सब्जी को पारंपरिक और देसी स्वाद देने के लिए प्रिया कुमारी सिलबट्टे या मिक्सी में फ्रेश मसाला पीसने की सलाह देती हैं. इसके लिए लहसुन, अदरक, जीरा, काली मिर्च (मरीच) और सूखी लाल मिर्च को एक साथ पीसकर गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें. अब चूल्हे पर कढ़ाई चढ़ाकर उसमें तेल गरम करें. तेल गरम होने पर थोड़ा सा जीरा चटकाएं और फिर बारीक कटी हुई प्याज डालकर उसे सुनहरा भूरा (गोल्डन ब्राउन) होने तक अच्छी तरह भूनें. यहीं से सब्जी की बेहतरीन रंगत और खुशबू की शुरुआत होती है.

धीमी आंच पर भुनाई और अंतिम स्पर्श
​प्याज भूनने के बाद कढ़ाई में उबले हुए केले के फूल डालें और स्वादानुसार नमक मिलाकर धीमी आंच पर करीब 10मिनट तक भूनें. इसके बाद इसमें पहले से तैयार अदरक-लहसुन का पेस्ट, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर और कटी हुई टमाटर डालें. प्रिया कुमारी के मुताबिक, सब्जी को तब तक ढककर धीमी आंच पर पकाना चाहिए जब तक कि मसाले अच्छी तरह से पक न जाएं और कढ़ाई तेल न छोड़ने लगे. जब सब्जी पूरी तरह से पककर भूरे रंग की हो जाए और तेल अलग होने लगे, तो ऊपर से थोड़ा गरम मसाला डालकर मिलाएं और गैस बंद कर दें. आपकी गरमा-गरम, खुशबूदार केले के फूल की सब्जी परोसने के लिए बिल्कुल तैयार है.

About the Author

Amita kishor

न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें



Source link

Write A Comment