Besan Barfi recipe: घर में बनी मिठाइयों का स्वाद हमेशा अलग ही होता है. जब मिठाई अपने हाथों से तैयार की जाए, उसमें शुद्ध देसी घी, ताजा मावा और खुशबूदार मसालों का मेल हो, तो हर निवाला यादगार बन जाता है. आजकल बाजार में मिलने वाली कई मिठाइयों को लेकर लोग मिलावट और ताजगी को लेकर चिंतित रहते हैं. ऐसे में अगर वही मिठास घर की रसोई में आसानी से तैयार हो जाए, तो इससे बेहतर क्या हो सकता है, अगर आप भी कुछ नया और खास बनाने की सोच रहे हैं, तो बेसन की मुठिया बर्फी आपके लिए शानदार विकल्प है. इस रेसिपी की सबसे खास बात यह है कि इसमें बेसन को सीधे भूनने की जगह पहले उसका सख्त आटा गूंथा जाता है.
फिर छोटी-छोटी मुठिया बनाकर देसी घी में धीमी आंच पर तला जाता है. इसके बाद उसे दरदरा पीसकर मावा, चाशनी, इलायची और जायफल के साथ पकाया जाता है. यही तरीका इस बर्फी को दानेदार बनावट और ऐसा स्वाद देता है, जो हर किसी को पसंद आता है. आइए जानते हैं छाया की रसोई से मिली इस आसान और स्वादिष्ट रेसिपी के बारे में.
बेसन का आटा कैसे तैयार करें
इस मिठाई की शुरुआत बेसन से होती है. सबसे पहले आधा किलो छना हुआ बेसन एक बड़े बर्तन में लें. इसमें दो बड़े चम्मच देसी घी डालकर हाथों से अच्छी तरह मिलाएं. जब घी पूरे बेसन में अच्छी तरह मिल जाए, तब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें. ध्यान रखें कि पानी एक साथ न डालें, वरना आटा नरम हो जाएगा और मुठिया सही नहीं बनेंगी.
इमेज AI
मुठिया बनाकर धीमी आंच पर तलें
अब तैयार आटे से छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लें. इन्हें हल्का दबाकर मुठिया जैसा आकार दें. इस तरह आकार देने से अंदर तक अच्छी तरह पकने में मदद मिलती है. कड़ाही में देसी घी गर्म करें. जब घी मध्यम गर्म हो जाए, तब मुठिया डालें. गैस की आंच हमेशा धीमी या मीडियम रखें. तेज आंच पर मुठिया बाहर से जल्दी लाल हो जाएंगी, लेकिन अंदर से कच्ची रह सकती हैं. इन्हें पलटते हुए सुनहरा होने तक तलें और फिर पूरी तरह ठंडा होने दें.
दरदरा चूरा बनाकर दोबारा भूनें
ठंडी हो चुकी मुठिया को छोटे टुकड़ों में तोड़कर मिक्सर में दरदरा पीस लें. बहुत बारीक पाउडर न बनाएं, क्योंकि हल्की दानेदार बनावट ही इस मिठाई की पहचान है. अब बचा हुआ छना घी दूसरी कड़ाही में डालें. इसमें तैयार चूरा डालकर धीमी आंच पर दोबारा भूनें. जब रंग हल्का बदलने लगे और खुशबू आने लगे, तब अगला कदम शुरू करें.
इमेज AI
मावा मिलाने से आएगा शाही स्वाद
अब आधा किलो ताजा मावा हाथों से तोड़कर इस मिश्रण में डालें. धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए अच्छी तरह भूनें. मावा और बेसन जब एकसाथ मिल जाएंगे, तब मिश्रण और भी स्वादिष्ट हो जाएगा. यही स्टेप इस बर्फी को रिच स्वाद देता है.
एक तार की चाशनी तैयार करें
दूसरे बर्तन में दो कप चीनी और आधा कप पानी डालकर चाशनी बनाएं. चाहें तो हल्का केसरिया रंग और कुछ केसर के धागे भी डाल सकते हैं. चाशनी को एक तार आने तक पकाएं. अब तैयार गर्म चाशनी को बेसन और मावे के मिश्रण में डालें. इसे लगातार चलाते रहें ताकि चाशनी अच्छी तरह मिल जाए और मिश्रण गाढ़ा होने लगे.
आखिर में दें स्वाद का खास तड़का
जब मिश्रण गाढ़ा हो जाए, तब गैस बंद कर दें. इसमें कद्दूकस किया हुआ थोड़ा सा जायफल और एक छोटा चम्मच इलायची पाउडर मिलाएं. इन दोनों की खुशबू मिठाई का स्वाद कई गुना बढ़ा देती है. अब एक प्लेट या ट्रे में हल्का घी लगाकर चिकना करें. तैयार मिश्रण इसमें डालकर बराबर फैला दें. ऊपर से बारीक कटे बादाम, पिस्ता और चाहें तो चांदी का वर्क लगाएं. पूरी तरह ठंडा होने के बाद मनचाहे आकार में काट लें.
स्वाद के साथ मिलेगा घर की मिठास
बेसन की मुठिया बर्फी सिर्फ स्वादिष्ट ही नहीं, बल्कि देखने में भी हलवाई की दुकान जैसी लगती है. इसकी दानेदार बनावट, मावे की रिचनेस और इलायची-जायफल की खुशबू हर टुकड़े को खास बना देती है, अगर आप त्योहार, पूजा, मेहमानों की खातिरदारी या परिवार के लिए घर पर कुछ अलग बनाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी जरूर आजमाएं. एक बार बनाने के बाद इसका स्वाद लंबे समय तक याद रहेगा.