अगर आप भी हेल्दी के नाम पर बाजार से प्रोटीन बार खरीदते हैं तो अब ऐसा न करें। आप घर में अपनी पसंद की हेल्दी चीजों और हाई प्रोटीन फूड से प्रोटीन बार बना सकते हैं। सबसे खास बात कि ये पूरी तरह शुगर फ्री हैं और खाते ही आपके शरीर को एनर्जी मिलेगी। आप इन प्रोटीन बार को फ्रिज में बनाकर स्टोर कर लें और पूरे सप्ताह रोज 1-2 प्रोटीन बार आसानी से खा सकते हैं। बच्चों को भी ये रेसिपी खूब पसंद आएगी। बढ़ती उम्र के बच्चों के लिए ये हेल्दी प्रोटीन बार काफी फायदेमंद साबित होंगे। तो चलिए बिना देरी किए फटाफट नोट कर लीजिए घर पर बने चॉकलेट प्रोटीन बार की रेसिपी।
चॉकलेट प्रोटीन बार रेसिपी
पहला स्टेप- इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही या पैन लें और उसमें 1 चम्मच देसी घी डाल दें। अब इसमें 2-3 चम्मच कद्दू के बीज, 2-3 चम्मच सूरजमुखी के बीज, 6-7 अखरोट के टुकड़े, 2-3 चम्मच मूंगफली के दाने, 2 चम्मच सफेद तिल डाल कर हल्का रोस्ट कर लें। 3-4 मिनट में ये सारी चीजें भुन जाएंगी।
दूसरा स्टेप- अब इसी में 2 बड़े चम्मच भरकर चना सत्तू डाल दें और थोड़ी देर मीडियम फ्लेम पर लगातार चलाते हुए भून लें। सत्तू भुने चने से बना होता है तो इसे बहुत ज्यादा भूनने की जरूरत नहीं है। तैयार मिश्रण को ठंडा होने दें और फिर इसे एक मिक्सी के जार में डाल दें। अब आपको इसमें 1 बड़ा चम्मच कोको पाउडर, अगर कोई प्रोटीन पाउडर है तो 1 बड़ा चम्मच प्रोटीन पाउडर और 8-10 खजूर बीज निकालकर डाल दें।
तीसरा स्टेप- अब इसमें थोड़ा पिसा हुआ नारियल पाउडर डालें और सारी चीजों को ग्राइंड कर लें। अब एक कांच या प्लास्टिक का लंबा कंटेनर लें और उसमें नीचे एक बटर पेपर लगा दें। तैयार मिक्सचर को कंटेनर में डालकर सेट कर दें और ऊपर से पिघली हुई चॉकलेट या न्यूटिला डालकर ऊपर से कटे हुए बादाम और किशमिश डालें। आप इसे अपने पसंदीदा ड्राई फ्रूट्स डालकर गार्निश करें।
चौथा स्टेप- अब इसे फ्रिज में सेट होने के लिए रख दें और करीब 1-2 घंटे बाद आप इसे कंटेनर से निकाल लें और अपनी पसंद की शेप में काट लें। तैयार है बिना मिलावट वाला घर का बना हेल्दी प्रोटीन बार, बच्चे जब मीठा खाने की जिद करें तो ये प्रोटीन बार उन्हें खाने में दे सकते हैं।