अक्षय कुमार और सैफ अली खान पिछले कुछ दिनों से अपनी नई क्राइम-थ्रिलर ‘हैवान’ को लेकर चर्चा में थे, जो अब सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। बॉक्स ऑफिस पर फिलहाल ‘हनुमान अंश’ का बोलबाला देखने को मिल रहा है, जो 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है। वहीं ‘मिर्जापुरः द मूवी’ भी अपना भौकाल दिखाती नजर आ रही है। इस बीच रिलीज हुई ‘हैवान’ को बॉक्स ऑफ़िस पर कुछ खास रिस्पॉन्स मिलता नहीं दिख रहा है। अक्षय कुमार और सैफ अली खान जैसे स्टार्स होने के बावजूद ये फिल्म ओपनिंग डे पर 3 करोड़ का ही कलेक्शन कर पाई और दूसरे दिन भी फिल्म की कमाई में इजाफा देखने को नहीं मिला। शुक्रवार को औसत शुरुआत के बाद, दूसरे दिन इस एक्शन थ्रिलर फिल्म की कमाई में गिरावट देखने को मिली।

‘हैवान’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन डे 2

इंडस्ट्री ट्रैकर सैक्निलक के अनुसार, 7,224 शोज के साथ पहले दिन 3 करोड़ का कलेक्शन करने वाली ‘हैवान’ दूसरे दिन 5,759 शोज के साथ 2.50 करोड़ का ही कलेक्शन कर पाई और इसी के साथ ये आज भी 10 करोड़ के आंकड़े से काफी दूर रह गई। फिल्म को रिलीज हुए दो दिन हो गए हैं और अब अब तक ये फिल्म 5.50 करोड़ का ही कलेक्शन कर सकी है। फिल्म की कुल ऑक्यूपेंसी की बात करें तो, ‘हैवान’ की कुल ऑक्यूपेंसी 12.77 प्रतिशत रही। फिल्म को सबसे बढ़िया रिस्पॉन्स शाम के शोज में मिला, जिसमें ऑक्यूपेंसी 16 प्रतिशत रही।

‘हैवान’ का बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला

अभी सिनेमाघरों में अलग-अलग जॉनर की कई फिल्में चल रही हैं, जिनमें क्राइम-थ्रिलर ‘मिर्जापुर: द मूवी’, माइथोलॉजिकल फिल्म ‘हनुमान अंश’, ‘मंदादी’, ‘सरदार 2’, ‘एपिक’ और ‘वीडियो’ जैसी फिल्में शामिल हैं। इनमें से हनुमान अंश और मिर्जापुरः द मूवी को दर्शकों से सबसे बढ़िया रिस्पॉन्स मिल रहा है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि अक्षय कुमार और सैफ अली खान की यह फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच पाती है या इस मुकाबले में पीछे रह जाती है।

‘हैवान’ की कहानी और कास्ट

‘हैवान’ की कहानी की बात करें तो ये श्याम नाम के एक नेत्रहीन व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार सैफ अली खान ने निभाया है। उसकी जिंदगी में तब खतरनाक मोड़ आता है, जब वह एक रिटायर्ड जज और एक रहस्यमयी महिला से जुड़े मुश्किल मामले में फंस जाता है। जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, उसे बदले की भावना से भरे एक बेरहम कातिल परशुराम  का सामना करना पड़ता है, जिसका किरदार अक्षय कुमार ने निभाया है। फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान के साथ बोमन ईरानी, ​​सैयामी खेर, श्रिया पिलगांवकर और शारिब हाशमी भी अहम भूमिकाओं में हैं। इसमें मोहनलाल का भी एक कैमियो रोल है। गौरतलब है कि ‘हैवान’ फिल्म प्रियदर्शन की मलयालम फिल्म ‘ओप्पम’ पर आधारित है, जो 2016 में रिलीज हुई थी और इस फिल्म में मोहनलाल मुख्य भूमिका में थे।

ये भी पढ़ेंः Haiwaan X Review: ‘खिलाड़ी Vs अनाड़ी’ की टक्कर ने बढ़ाया रोमांच, अक्षय-सैफ की परफॉर्मेंस पर जमकर बरसा प्यार

Latest Bollywood News





Source link

Write A Comment