How To Make Restaurant-Style Soft Paneer : पनीर भारतीय खाने का एक अहम हिस्सा है. शाही पनीर, मटर पनीर और पालक पनीर से लेकर पनीर टिक्का तक, इससे कई स्वादिष्ट डिशेज़ बनाई जाती हैं. लेकिन, बाज़ार से खरीदा हुआ पनीर अक्सर काफी सख्त या रबर जैसा हो जाता है. अगर आप घर पर एकदम मुलायम, ताज़ा और नरम पनीर बनाना चाहते हैं, तो इसका तरीका बहुत आसान है इसके लिए आपको बस दूध और कुछ आम चीज़ों की जरूरत होगी…
पनीर बनाने के लिए सामग्री
2 लीटर फुल-क्रीम दूध, 2-3 बड़े चम्मच नींबू का रस, 2 बड़े चम्मच पानी, एक साफ़ मलमल का कपड़ा, एक छलनी, एक भारी बर्तन या वज़न.
सबसे पहले, दूध गरम करें
भारी तले वाले बर्तन में मध्यम आंच पर दूध गरम करें. इसे बीच-बीच में चलाते रहें ताकि यह तले में चिपके नहीं. जब दूध अच्छी तरह गरम हो जाए, तो आंच धीमी कर दें.
इसके बाद, एक छोटी कटोरी में नींबू का रस और पानी मिलाएं. धीरे-धीरे इस मिश्रण को गरम दूध में डालें और हल्के हाथ से चलाते रहें। जल्द ही, दूध फटने लगेगा और सफेद पनीर के दाने अलग होने लगेंगे. जब हरे-पीले रंग का पानी साफ-साफ अलग दिखने लगे, तो नींबू का मिश्रण डालना बंद कर दें.
पनीर को छानना
एक बड़ी छलनी पर साफ मलमल का कपड़ा रखें और फटे हुए दूध को उसमें डाल दें. पनीर और पानी अलग हो जाएंगे; पनीर को कपड़े में इकट्ठा कर लें.
अगर आप नींबू का खट्टापन पूरी तरह निकालना चाहते हैं, तो पनीर को ठंडे पानी से धो सकते हैं. इसके बाद, कपड़े को अच्छी तरह बांधें और अतिरिक्त पानी निचोड़ दें.
नरम पनीर का राज
पनीर को बहुत ज़ोर से निचोड़ने की गलती न करें. ज़्यादा दबाव से सारा मॉइस्चर निकल सकता है, जिससे पनीर सख्त हो जाएगा. लिपटे हुए पनीर को एक समतल प्लेट या बोर्ड पर रखें और उसके ऊपर हल्का वजन रख दें. इसे लगभग 20-30 मिनट तक सेट होने दें. अगर आपको बहुत नरम पनीर चाहिए, तो इसे ज़रूरत से ज़्यादा देर तक न दबाएं.
पनीर को नरम रखना
तैयार पनीर को चौकोर टुकड़ों में काट लें. अगर तुरंत इस्तेमाल नहीं करना है, तो इसे पानी से भरे एयरटाइट कंटेनर में रखकर फ्रिज में स्टोर कर सकते हैं. इस्तेमाल करने से पहले पनीर को थोड़ी देर गुनगुने पानी में भिगोने से यह और भी नरम हो सकता है.
फुल-क्रीम दूध इस्तेमाल करने से नरम पनीर बनता है. दूध फाड़ते समय नींबू का रस धीरे-धीरे डालें और बहुत ज़्यादा खट्टी चीज़ों का इस्तेमाल न करें. पनीर को बहुत ज़्यादा दबाने या पकाने से भी उसका टेक्सचर सख्त हो सकता है.