पलामू. आजकल का दौर-भागदौड़ और फास्ट लाइफ का है. जहां लोग सुबह जल्दी उठकर ऑफिस, स्कूल या अपने काम पर जाने की तैयारी में जुट जाते हैं. ऐसे में नाश्ता बनाने के लिए ज्यादा समय देना हर किसी के लिए आसान नहीं होता. यही कारण है कि लोग जल्दी तैयार होने वाले नूडल्स और दूसरी इंस्टेंट डिश को पसंद करते हैं. लेकिन अगर आप ऐसा नाश्ता चाहते हैं, जिसे बनाते समय आपको लगातार रसोई में खड़े रहने की जरूरत न पड़े, तो आज की यह देसी डिश आपके लिए खास हो सकती है.
सावन में देसी स्वाद का मजा
सावन के मौके पर झारखंड और बिहार के घरों में कई तरह के पारंपरिक और स्वादिष्ट व्यंजन बनने लगते हैं. बारिश के इस मौसम में चटपटा खाने का मन हो तो मक्के की घुघनी एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है. खास बात यह है कि इसे बनाने की प्रक्रिया आसान है और पकने के दौरान आपको लगातार इसकी निगरानी करने की जरूरत नहीं पड़ती. इसके साथ यह स्वाद के साथ स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक होती है.
ऐसे तैयार करें मक्के की घुघनी
मक्के की घुघनी बनाने के लिए सबसे पहले ताजे मक्के के भुट्टे से दाने अलग कर लें. इसके बाद मक्के के दानों को अच्छी तरह साफ करके पानी से धो लें. अब इन दानों को कुकर में डालें और उसमें पानी मिलाकर पकने के लिए रख दें. मक्के के दानों को अच्छी तरह नरम होने तक करीब 10 से 12 सीटी तक पकाया जा सकता है. हालांकि, सीटी की संख्या मक्के की किस्म और दानों की कठोरता के अनुसार बदल सकती है, जिसे पकने में लगभग 45 से 50 मिनट का समय लगता है.
काम के साथ तैयार होगा नाश्ता
गृहिणी शर्मिला वर्मा ने बताया कि मक्के के दाने कुकर में पक रहे हैं, तब आप अपने घर के दूसरे जरूरी काम निपटा सकते हैं. यही इस देसी नाश्ते की खासियत है. हालांकि इसकी तैयारी पहले से कर लेना ठीक रहता है. एक दिन पहले जब फ्री हों, तब दानें निकालकर रख सकते हैं. ये खराब नहीं होते. इन्हें बनाते समय नूडल्स या दूसरी इंस्टेंट डिश की तरह लगातार चूल्हे के सामने खड़े रहने की जरूरत नहीं होती. मक्का पकने के बाद कुकर खोलें और घुघनी को एक बर्तन में निकाल लें.
चटपटा स्वाद ऐसे बढ़ाएं
उन्होंने कहा कि अब इसमें स्वादानुसार नमक, नींबू का रस और चाट मसाला डालें. चाहें तो अपनी पसंद के अनुसार बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च और हरा धनिया भी मिला सकते हैं. सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाने के बाद तैयार है सावन का स्वादिष्ट और देसी मक्के की घुघनी, जिसे आप खाकर लंच में भी ले जा सकते हैं.
देसी स्वाद के साथ आसान विकल्प
उन्होंने कहा कि मक्के की घुघनी सिर्फ स्वादिष्ट ही नहीं, बल्कि घर के पारंपरिक खान-पान से जुड़ी डिश भी है. सावन के मौसम में जब चटपटा खाने का मन करे और सुबह समय की कमी हो, तो यह आसान नाश्ता आपकी रसोई में जगह बना सकता है. इसका फायदा यह भी है कि यह सेहत के लिए भी लाभदायक होता है.
इसमें कार्बोहाइड्रेट अच्छी मात्रा में होता है, जो शरीर को ऊर्जा देता है, जबकि इसमें मौजूद फाइबर पाचन तंत्र को बेहतर रखने और कब्ज जैसी समस्या से बचाने में मदद करता है. मक्के में विटामिन बी समूह, फोलेट, मैग्नीशियम और पोटैशियम जैसे पोषक तत्व भी पाए जाते हैं. इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट, खासकर ल्यूटिन और जीएक्सैंथिन, आंखों के स्वास्थ्य के लिए उपयोगी हैं.