Last Updated:
Smoky Tomato Chutney Recipe: कोडरमा के ग्रामीण इलाकों में टमाटर की चटनी बनाने का देसी अंदाज बेहद खास है. पके टमाटर को पकाकर उसमें लहसुन, मिर्च और नमक मिलाया जाता है. इसके बाद गर्म लकड़ी के कोयले पर सरसों तेल डालकर चटनी को स्मोकी फ्लेवर दिया जाता है. कोयले के धुएं से चटनी में सोंधी खुशबू और अनोखा स्वाद आता है.
कोडरमा. कोडरमा के ग्रामीण इलाकों के खान-पान की अपनी अलग पहचान है. यहां साधारण से दिखने वाले खाद्य पदार्थों को भी देसी अंदाज में ऐसा स्वाद दिया जाता है, जो खाने वाले को लंबे समय तक याद रहता है. ऐसी ही एक खास चीज है स्मोकी टमाटर की चटनी, जिसे कोडरमा के ग्रामीण क्षेत्रों में गर्म कोयले का धुआं देकर तैयार किया जाता है. कोयले से मिलने वाला सोंधापन और सरसों तेल की खुशबू इस चटनी के स्वाद को और खास बना देती है.
कोडरमा की गृहणी राधिका प्रजापति ने बताया कि स्मोकी टमाटर की चटनी बनाने के लिए सबसे पहले एक पके हुए टमाटर को अच्छी तरह धो लिया जाता है. इसके बाद टमाटर को धीमी आंच पर पकाया जाता है. टमाटर को बीच-बीच में पलटते रहना जरूरी है, ताकि वह चारों तरफ से अच्छी तरह पक जाए और अंदर तक नरम हो जाए.
लकड़ी के कोयले का होता है इस्तेमाल
जब टमाटर पूरी तरह पक जाता है तो उसे एक खाली बर्तन में निकालकर कुछ देर ठंडा होने के लिए छोड़ दिया जाता है. ठंडा होने के बाद टमाटर का छिलका आसानी से निकाल लिया जाता है. इसके बाद चटनी का असली देसी स्वाद तैयार करने की प्रक्रिया शुरू होती है. राधिका ने बताया कि टमाटर का छिलका उतारने के बाद उसमें लहसुन और हरी मिर्च डाली जाती है. इसके बाद सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाया जाता है. स्वाद के अनुसार इसमें नमक भी डाला जाता है. अब इस चटनी को खास बनाने के लिए लकड़ी के कोयले का इस्तेमाल किया जाता है.
गर्म कोयले के ऊपर सरसों का तेल डालने से मिलता है स्मोकी फ्लेवर
इसके लिए लकड़ी के कोयले को गर्म कर अच्छी तरह जला लिया जाता है. जब कोयला गर्म होकर अंगारे जैसा हो जाता है, तब उसे चटनी के बर्तन में सावधानी से चम्मच से रखा जाता है. इसके ऊपर थोड़ा सा सरसों का तेल डाला जाता है. गर्म कोयले पर तेल पड़ते ही धुआं उठने लगता है और यही धुआं टमाटर की चटनी में खास स्मोकी फ्लेवर पहुंचाता है. कुछ देर तक धुएं को चटनी के साथ रहने देने के बाद कोयले को निकाल लिया जाता है और चटनी को अच्छी तरह मिला दिया जाता है. इसके बाद तैयार होती है सोंधी खुशबू और धुएं के स्वाद से भरपूर टमाटर की चटनी.
बिना किसी महंगे मसाले की बनती है देसी लाजवाब चटनी
उन्होंने बताया कि इस चटनी की खासियत यह है कि इसमें किसी महंगे मसाले या विशेष सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. पका हुआ टमाटर, लहसुन, मिर्च, नमक, सरसों का तेल और लकड़ी का कोयला ही इसके स्वाद को खास बना देते हैं. खासकर गर्म चावल के साथ इस स्मोकी टमाटर की चटनी का स्वाद बेहद लाजवाब लगता है. ग्रामीण इलाकों में इस तरह की चटनी सिर्फ भोजन का हिस्सा नहीं, बल्कि देसी खान-पान की उस परंपरा की झलक भी है.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…
और पढ़ें