एशेज क्रिकेट की प्रतिष्ठित सीरीज में शुमार होती है। लगभग 144 साल से इस सीरीज का आयोजन हो रहा है। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जाने वाली एशेज सीरीज दोनों टीमों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल होती है। यही वजह है कि इस सीरीज का क्रिकेट फैंस को बेसब्री से इंतजार होता है। इस बीच एक अनोखी एशेज सीरीज को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड 2027 में पहली बार मेन्स मिक्स्ड डिसेबिलिटी एशेज सीरीज में मुकाबला करेंगे। मिक्स्ड डिसेबिलिटी क्रिकेट को पहली बार 2025 में इंटरनेशनल लेवल पर शुरू किया गया था, जिसमें इंग्लैंड और भारत ने इस फॉर्मेट के पहले दो इंटरनेशनल एडिशन में हिस्सा लिया था।
अगले साल होने वाली एशेज सीरीज नए डिसेबिलिटी क्रिकेट फॉर्मैट में ऑस्ट्रेलिया का पहला इंटरनेशनल इवेंट होगा। इस फॉर्मेट में शारीरिक, बौद्धिक या सुनने की अक्षमता वाले क्रिकेटर एक ही टीम में साथ खेलते हैं। इस सीरीज की तैयारी के लिए 2027 नेशनल क्रिकेट इन्क्लूजन चैंपियनशिप (NCIC) के शेड्यूल में मिक्स्ड डिसेबिलिटी फीचर मैच को शामिल किया गया है। यह फीचर मैच और साथ ही NCIC, मिक्स्ड डिसेबिलिटी एशेज स्क्वाड के लिए खिलाड़ियों को चुनने की प्रक्रिया का हिस्सा होंगे।
अगले साल पहली बार होगा आयोजन
साल 2027 में पहली बार मिक्स्ड डिसेबिलिटी एशेज का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत ऑस्ट्रेलिया की मेन्स मिक्स्ड डिसेबिलिटी टीम T20I सीरीज के लिए इंग्लैंड का दौरा करेगी, जो डिसेबिलिटी क्रिकेट के विकास में एक और अहम पड़ाव होगा। इस पहली सीरीज की तारीखें और वेन्यू अभी तय नहीं हुए हैं, लेकिन इसमें इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया पहली बार मिक्स्ड डिसेबिलिटी फॉर्मेट में एशेज खेलेंगे। यह सीरीज इंग्लैंड के 2027 एशेज समर का हिस्सा होगी, जिसमें पुरुषों और महिलाओं के एशेज मुकाबले भी शामिल होंगे।
यह ऐलान हाल के सालों में मिक्स्ड डिसेबिलिटी क्रिकेट के विस्तार के बाद की गई है। इंग्लैंड पहले ही भारत के खिलाफ सीरीज़ खेल चुका है और इस समर में एक और सीरीज होनी है। 2027 की मिक्स्ड डिसेबिलिटी एशेज सीरीज की तारीखों और वेन्यू की घोषणा जल्द ही की जाएगी।
CA के क्रिकेट चीफ सीरीज को लेकर उत्साहित
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेट चीफ जेम्स ऑलसॉप ने कहा कि मिक्स्ड डिसेबिलिटी एशेज सीरीज से ऑस्ट्रेलिया में दिव्यांग क्रिकेटरों को पुरुषों, महिलाओं और नेत्रहीनों की एशेज सीरीज की तरह ही खेल की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्विताओं में से एक में एक नया अध्याय जोड़ने का मौका मिलेगा। हम मिक्स्ड डिसेबिलिटी टीमें उतारने के लिए दूसरे देशों के क्रिकेट बोर्ड के साथ जुड़ने को लेकर उत्साहित हैं और पिछले दो सालों से इंग्लैंड और भारत की सीरीज को दिलचस्पी से देख रहे हैं।
यह भी पढ़ें:
टीम इंडिया अगस्त में खेलेगी टेस्ट सीरीज, जसप्रीत बुमराह को लेकर सस्पेंस, जल्द होगा स्क्वाड का ऐलान
बेन स्टोक्स ने रिटायरमेंट के बाद खेली मैच विनिंग शतकीय पारी, वनडे कप में दिखाया वही पुराना अंदाज