Gujarati Sambharo Recipe : रोज-रोज एक जैसा खाना खाकर अगर आप भी बोर हो गए हैं और थाली में कुछ चटपटा और क्रंची खाने का मन कर रहा है, तो कच्चे पपीते से बनने वाली यह गुजराती डिश जरूर ट्राई करें. गुजरात में पपीता सांभारो काफी पसंद किया जाता है. यह एक ऐसी झटपट बनने वाली साइड डिश है, जो साधारण दाल-चावल, रोटी, पराठे या खिचड़ी का स्वाद भी बढ़ा देती है. इस रेसिपी की सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती और यह कुछ ही मिनटों में तैयार हो जाती है.

शेफ संजीव कपूर की बताई इस आसान रेसिपी में कच्चे पपीते के साथ राई, हरी मिर्च, करी पत्ता, हल्दी, नींबू और थोड़ी सी चीनी का इस्तेमाल किया जाता है. इसका स्वाद खट्टा, मीठा और तीखा होता है, जबकि कच्चा पपीता इसे हल्का क्रंच देता है. आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.
शेफ संजीव कपूर की बताई इस आसान रेसिपी से आप करीब 10 मिनट में स्वाद से भरपूर पपीता सांभारो तैयार करें.

पपीता सांभारो बनाने के लिए सामग्री
1 कच्चा पपीता
1-2 चम्मच तेल
1 छोटा चम्मच राई
2-3 हरी मिर्च
8-10 करी पत्ते
एक चुटकी हल्दी
स्वादानुसार नमक
आधा छोटा चम्मच चीनी
1 छोटा चम्मच नींबू का रस

ऐसे तैयार करें गुजराती पपीता सांभारो-

सबसे पहले कच्चे पपीते को अच्छी तरह धोकर छील लें. इसके बाद इसके बीज निकालकर पपीते को कद्दूकस कर लें. अगर आप चाहें तो इसे बहुत पतले लच्छों में भी काट सकते हैं. ध्यान रखें कि पपीते के टुकड़े ज्यादा मोटे न हों, क्योंकि पतले लच्छों में मसालों का स्वाद अच्छी तरह मिल जाता है.

अब एक कढ़ाई या पैन को गैस पर रखें और उसमें 1 से 2 चम्मच तेल डालकर गर्म करें. तेल गर्म होने पर इसमें राई डालें. जब राई चटकने लगे तो इसमें कटी हुई हरी मिर्च और करी पत्ता डाल दें. इन्हें कुछ सेकंड तक भूनें. इसके बाद एक चुटकी हल्दी डालकर तुरंत मिला दें.

अब इसमें कद्दूकस किया हुआ कच्चा पपीता डालें. ऊपर से स्वादानुसार नमक और करीब आधा छोटा चम्मच चीनी डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं और मध्यम आंच पर करीब 2 से 3 मिनट तक पकाएं.

पपीते को ज्यादा न पकाएं-पपीता सांभारो बनाते समय एक बात का खास ध्यान रखें कि पपीते को ज्यादा देर तक न पकाएं. इस डिश की खासियत इसका हल्का कुरकुरा और क्रंची टेक्सचर है. अगर आप इसे ज्यादा देर तक पकाएंगे, तो पपीता नरम होकर अपना क्रंच खो सकता है.

जब पपीता थोड़ा नरम हो जाए, लेकिन उसमें हल्का क्रंच बना रहे, तब गैस बंद कर दें. आखिर में इसमें ताजा नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिला दें. आपका चटपटा गुजराती पपीता सांभारो तैयार है.

किसके साथ खाएं पपीता सांभारो?
पपीता सांभारो को आप साइड डिश के तौर पर कई चीजों के साथ खा सकते हैं. इसे गरमा-गरम थेपला, पराठे, पूरी, खिचड़ी या दाल-चावल के साथ परोसा जा सकता है. इसका खट्टा-मीठा और तीखा स्वाद साधारण खाने को भी थोड़ा अलग और मजेदार बना देता है.

अगर आपको ज्यादा तीखा खाना पसंद है, तो हरी मिर्च की मात्रा बढ़ा सकते हैं. इसी तरह खट्टापन बढ़ाने के लिए थोड़ा और नींबू का रस डाला जा सकता है. चीनी की मात्रा भी अपने स्वाद के हिसाब से कम या ज्यादा की जा सकती है.

तो अगली बार घर में कच्चा पपीता हो और उससे कुछ अलग बनाने का मन करे, तो इस आसान गुजराती पपीता सांभारो को जरूर ट्राई करें. कम समय, कम सामग्री और शानदार स्वाद वाली यह साइड डिश आपकी रोज की थाली में नया ट्विस्ट ला सकती है.



Source link

Write A Comment