Last Updated:
Simple Pumpkin Sabji Recipe: कद्दू की साधारण सब्जी को भी अमचूर, सौंफ और गुड़ जैसी 3 चीजों की मदद से बेहद स्वादिष्ट बनाया जा सकता है. सही मसालों और हल्के खट्टे-मीठे स्वाद के साथ घर पर बनी कद्दू की सब्जी भी रेस्टोरेंट जैसी लग सकती है. कुछ आसान किचन टिप्स इसकी खुशबू और स्वाद दोनों को बढ़ा सकते हैं.
कद्दू की सब्जी को टेस्टी बनाने के लिए उसमें अमचूर और थोड़ा गुड़ मिला दें.
Kaddu Ki Sabji Recipe in Hindi: कद्दू की सब्जी भारतीय घरों में काफी पसंद की जाती है. ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष मौकों पर कद्दू की सब्जी बनाई जाती है. इसका हल्का मीठा स्वाद और नरम टेक्सचर इसे खास बनाता है, लेकिन कई बार लोग शिकायत करते हैं कि घर पर बनाई गई कद्दू की सब्जी में वैसा स्वाद नहीं आता, जो दीवाना बना दे. हालांकि सही मसालों और कुछ खास चीजों का इस्तेमाल करके साधारण कद्दू की सब्जी को भी बेहद स्वादिष्ट बनाया जा सकता है. अगर आप भी चाहते हैं कि आपकी बनाई सब्जी हर किसी को पसंद आए, तो इसमें 3 खास चीजें जरूर ट्राई करें.
घर पर टेस्टी कद्दू की सब्जी कैसे बनाएं
कद्दू की सब्जी का स्वाद बढ़ाने के लिए सबसे पहली चीज है अमचूर पाउडर या इमली का हल्का इस्तेमाल. कद्दू में प्राकृतिक मिठास होती है, इसलिए हल्की खटास उसका स्वाद और ज्यादा बैलेंस्ड बना देती है. कई रेस्टोरेंट स्टाइल रेसिपीज में मीठे और खट्टे स्वाद का कॉम्बिनेशन ही सब्जी को खास बनाता है. अगर आपके पास अमचूर नहीं है, तो थोड़ा-सा नींबू रस भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
दूसरी जरूरी चीज है सौंफ. कद्दू की सब्जी में हल्की दरदरी सौंफ डालने से इसकी खुशबू और स्वाद दोनों काफी बढ़ जाते हैं. खासकर उत्तर भारत में बनने वाली कद्दू की सब्जी में सौंफ का इस्तेमाल काफी लोकप्रिय माना जाता है. यह मसाला सब्जी को हल्का मीठा और ढाबे जैसा फ्लेवर देने में मदद करता है.
तीसरी चीज है गुड़. थोड़ी-सी मात्रा में गुड़ डालने से कद्दू का स्वाद और ज्यादा उभरकर आता है. कई लोग चीनी का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन गुड़ सब्जी को ज्यादा देसी और गहरा स्वाद देता है. खास बात यह है कि गुड़, खटास और मसालों के साथ मिलकर सब्जी का स्वाद बेहद लाजवाब बना सकता है.
कद्दू की सब्जी बनाते समय मसालों को अच्छी तरह भूनना भी बेहद जरूरी माना जाता है. जीरा, हींग, हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर का सही संतुलन स्वाद को काफी बेहतर बना सकता है. अगर आप थोड़ी मसालेदार सब्जी पसंद करते हैं, तो हरी मिर्च और अदरक का इस्तेमाल भी किया जा सकता है.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें