मानसून का मौसम जहां तपती गर्मी से राहत लाता है, वहीं यह हमारे बालों के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं होता। इस मौसम में हवा में नमी बहुत बढ़ जाता है, जो बालों से जुड़ी कई समस्याओं की मुख्य वजह बनता है। इससे बाल कमजोर होकर बेजान हो जाते हैं और जड़ों से टूटने लगते हैं। सामान्य दिनों की तुलना में मानसून में बाल दोगुने रफ्तार से झड़ते हैं। वहीं पसीना और हवा की नमी मिलकर स्कैल्प पर चिपचिपाहट पैदा करते हैं। यह बैक्टीरिया और फंगस के पनपने के लिए बिल्कुल अनुकूल होता है, जिससे सिर में खुजली, डैंड्रफ और फंगल इन्फेक्शन की समस्या बढ़ जाती है। ऐसे में हेयर केयर में रोजमेरी ऑयल को शामिल कर आप बालों से जुड़ी समस्याओं से छुटकारा दिला सकते हैं। इसके इस्तेमाल से बालों की ग्रोथ तेजी से होती है। ऐसे में यहां हम बताने जा रहे हैं कि आप रोजमेरी ऑयल का इस्तेमाल कैसे करें।
बालों के लिए क्यों खास है रोजमेरी ऑयल?
रोजमेरी ऑयल में एंटीऑक्सीडेंट्स, एंटी-इन्फ्लेमेटरी और एंटी-माइक्रोबियल गुण पाए जाते हैं। यह स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन को सुधारता है। जब स्कैल्प में ब्लड का फ्लो बेहतर होता है, तो बालों के रोम को भरपूर पोषण मिलता है, जिससे बालों का झड़ना कम होता है और हेयर ग्रोथ में मदद मिलती है।
रोजमेरी ऑयल इस्तेमाल करने का सही तरीका
रोजमेरी ऑयल एक ‘एसेंशियल ऑयल’ है, इसलिए इसे कभी भी सीधे स्कैल्प पर नहीं लगाना चाहिए। ऐसा करने से जलन हो सकती है। सबसे पहले 2 चम्मच नारियल तेल, बादाम तेल या जैतून तेल लें। इसमें 4 से 5 बूंदें रोजमेरी एसेंशियल ऑयल की मिलाएं। इस मिश्रण को हल्का गुनगुना करें और उंगलियों की मदद से स्कैल्प पर हल्के हाथों से मसाज करें। इसे कम से कम 1 घंटे या रातभर बालों में लगा रहने दें, फिर माइल्ड शैम्पू से धो लें।
अगर आपके पास तेल लगाने का समय नहीं है, तो अपने रेगुलर शैम्पू में मिक्स करके लगा सकते हैं। इसके लिए शैंपू में 2-3 बूंदें रोजमेरी ऑयल की मिला लें। इससे स्कैल्प पर मसाज करते हुए बाल धोएं। इससे बाल जड़ों से मजबूत होंगे।