Last Updated:
Ragi Laddu Recipe: रागी के लड्डू स्वाद और सेहत का शानदार मेल हैं. कैल्शियम, आयरन और फाइबर से भरपूर ये लड्डू हड्डियों को मजबूत बनाने, शरीर को ऊर्जा देने और वजन कंट्रोल करने में मदद करते हैं. घर पर आसानी से बनने वाली यह हेल्दी मिठाई बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आएगी.
रागी के लड्डू की रेसिपी
Ragi Laddu Recipe: आजकल लोग स्वाद के साथ सेहत का भी खास ध्यान रखने लगे हैं. ऐसे में रागी से बनी चीजें तेजी से पसंद की जा रही हैं. रागी में कैल्शियम, आयरन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को मजबूत बनाने में मदद करते हैं. खासकर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए रागी काफी फायदेमंद माना जाता है. अगर आप भी ऐसी मिठाई की तलाश में हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ शरीर के लिए भी अच्छी हो, तो रागी के लड्डू एक बेहतरीन विकल्प हैं. इन्हें बनाना बेहद आसान है और ये लंबे समय तक खराब भी नहीं होते. सुबह के नाश्ते से लेकर शाम की हल्की भूख तक, रागी के लड्डू हर समय खाए जा सकते हैं.
खास बात यह है कि इन्हें खाने से पेट लंबे समय तक भरा रहता है, जिससे बार-बार भूख नहीं लगती. यही वजह है कि फिटनेस पसंद करने वाले लोग भी इसे अपनी डाइट में शामिल करते हैं. आइए जानते हैं घर पर स्वादिष्ट और पौष्टिक रागी के लड्डू बनाने की आसान रेसिपी.
रागी का लड्डू बनाने के लिए सामग्री
-रागी का आटा – 250 ग्राम
-घी – 50 ग्राम
-तिल – 80 ग्राम
-मूंगफली – 80 ग्राम
-गुड़ – 300 ग्राम
-जायफल – 1 छोटा चम्मच
-सौंठ पाउडर – 2 छोटा चम्मच
-छोटी इलायची पाउडर – 1 छोटा चम्मच
रागी के लड्डू बनाने की आसान विधि
सबसे पहले गैस पर एक पैन रखें और उसमें घी डालें. जब घी हल्का गर्म हो जाए, तब उसमें रागी का आटा डालकर धीमी आंच पर अच्छे से भूनें. रागी को लगातार चलाते रहें ताकि आटा जले नहीं. जब आटे से अच्छी खुशबू आने लगे और उसका रंग थोड़ा बदल जाए, तब उसे एक बर्तन में निकाल लें. अब उसी पैन में तिल डालकर हल्का भून लें. इसके बाद मूंगफली को भी अच्छी तरह सेंक लें. ठंडा होने पर तिल और मूंगफली को अलग-अलग पीस लें. अब पैन में गुड़ डालें और उसमें आधा कप पानी मिलाकर चाशनी तैयार करें. चाशनी ज्यादा पतली न रखें. जब गुड़ अच्छे से पिघल जाए, तब गैस बंद कर दें.
इसके बाद एक बड़ी थाली में भुना हुआ रागी आटा, पिसा तिल, मूंगफली, जायफल, सौंठ और इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिलाएं. अब इसमें गुड़ की चाशनी डालें और पूरे मिश्रण को अच्छी तरह मिक्स करें. जब मिश्रण थोड़ा ठंडा हो जाए, तब हाथों में हल्का घी लगाकर मनचाहे आकार के लड्डू बना लें. आपके स्वादिष्ट और हेल्दी रागी के लड्डू तैयार हैं.
रागी के लड्डू खाने के फायदे
रागी के लड्डू सिर्फ स्वाद में ही अच्छे नहीं होते, बल्कि शरीर को भी कई फायदे पहुंचाते हैं. रागी में भरपूर कैल्शियम पाया जाता है, जो हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करता है. इसमें मौजूद आयरन शरीर में खून की कमी दूर करने में सहायक माना जाता है. रागी में फाइबर भी अच्छी मात्रा में होता है, जिससे पेट लंबे समय तक भरा रहता है और वजन कंट्रोल करने में मदद मिलती है. यह पाचन को बेहतर रखने में भी मददगार है. वहीं, गुड़ और तिल शरीर को ऊर्जा देने का काम करते हैं. सर्दियों में तो रागी के लड्डू खाना और भी ज्यादा फायदेमंद माना जाता है.
About the Author
मीडिया इंडस्ट्री में 8+ साल का अनुभव, ABP, NDTV, दैनिक जागरण और इंडिया न्यूज़ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़कर काम किया। लाइफस्टाइल, धर्म और संस्कृति की कहानियों को रोचक अंदाज़ में प्रस्तुत करने का खास हुनर।…और पढ़ें