Last Updated:
Sooji Halwa Recipe: व्रत हो या फिर कोई त्योहार सूजी का हलवा एक ऐसी रेसिपी है जो हर घर में बनती है. वैसे तो इसे बनाना बहुत आसान है, लेकिन यदि आप बिल्कुल दुकान स्टाइल सूजी का सॉफ्ट हलवा बनाना चाहते हैं, तो यहां बताए गए टिप्स को फॉलो करें.
सूजी का हलवा भारतीय घरों में बनने वाली सबसे लोकप्रिय मिठाइयों में से एक है. चाहे कोई त्योहार हो, पूजा-पाठ का अवसर हो या फिर अचानक कुछ मीठा खाने का मन करे, सूजी का हलवा अक्सर पहली पसंद बन जाता है. हालांकि, कई बार घर पर बना हलवा उतना मुलायम और स्वादिष्ट नहीं बनता. अक्सर लोग मानते हैं कि ज्यादा घी डालने से हलवा अपने आप सॉफ्ट बन जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं होता.
हलवे की बनावट सिर्फ घी की मात्रा पर निर्भर नहीं करती, बल्कि सूजी की क्वालिटी, उसकी तैयारी और पकाने के तरीके पर भी काफी कुछ निर्भर करता है. अगर सूजी को सही तरह से तैयार किया जाए और कुछ आसान किचन टिप्स अपनाए जाएं, तो मोटी दानेदार सूजी से भी बेहद मुलायम और स्वादिष्ट हलवा बनाया जा सकता है. आइए जानते हैं कि हलवे को रेस्टोरेंट जैसा सॉफ्ट और लाजवाब बनाने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
सूजी हलवा रेसिपी
अगर आपके पास मोटी सूजी है, तो सबसे पहले उसे हल्का भून लें. जब सूजी का रंग हल्का सुनहरा होने लगे, तब गैस बंद कर दें और उसे ठंडा होने दें. ठंडी होने के बाद सूजी को मिक्सी में पीसकर थोड़ा बारीक कर लें. इससे उसका टेक्सचर बेहतर हो जाता है और हलवा ज्यादा मुलायम बनता है.
इसके बाद पिसी हुई सूजी को लगभग आधे घंटे के लिए दूध में भिगोकर रखें. दूध में भिगोने से सूजी अच्छी तरह फूल जाती है और पकने के बाद उसका स्वाद और बनावट दोनों बेहतर हो जाते हैं. अगर समय हो, तो सूजी को कुछ घंटे भिगोकर रखा जा सकता है.
हलवा बनाते समय सबसे पहले कड़ाही में घी गर्म करें. चाहें तो इसमें काजू, बादाम या अन्य ड्राई फ्रूट्स हल्के भूनकर अलग निकाल लें. अब भीगी हुई सूजी को घी में डालकर धीमी आंच पर पकाएं. तेज आंच पर सूजी जल्दी भुन तो जाती है, लेकिन उसका स्वाद और मुलायमपन प्रभावित हो सकता है.
जब सूजी अच्छी तरह पक जाए, तब आवश्यकतानुसार पानी डालें और लगातार चलाते रहें. ऐसा करने से हलवे में गुठलियां नहीं बनेंगी और मिश्रण एकसार रहेगा. सूजी को तब तक पकाएं जब तक वह पूरी तरह फूलकर नरम न हो जाए.
अंत में एक छोटा चम्मच घी डालकर दो से तीन मिनट तक हलवे को चलाएं. इससे हलवे में अच्छी चमक आती है और स्वाद भी बढ़ जाता है. स्वाद को और बेहतर बनाने के लिए इलायची पाउडर, केसर और भुने हुए ड्राई फ्रूट्स भी मिलाए जा सकते हैं.
About the Author
शारदा सिंह एक अनुभवी लाइफस्टाइल पत्रकार हैं, जिनके पास डिजिटल मीडिया और कंटेंट लेखन के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का अनुभव है. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से…
और पढ़ें