Last Updated:
Kalakand Recipe: दूध से बनी बहुत सी मिठाइयों में कलाकंद का अपना ही खास स्थान है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत सामग्री की भी जरूरत नहीं पड़ती. इसे घर पर ही आसानी से बनाया जा सकता है. समस्तीपुर के कारीगर कौशल कुमार ने रेसिपी साझा की.
समस्तीपुर. बात मिठाई की हो तो कलाकंद का नाम सबसे पहले याद आता है. दूध से तैयार होने वाली यह पारंपरिक मिठाई स्वाद, खुशबू और मिठास का बेहतरीन मेल मानी जाती है. खास बात यह है कि इसे घर में बेहद आसान तरीके से तैयार किया जा सकता है. समस्तीपुर के रहने वाले कौशल कुमार बताते हैं कि घर का बना कलाकंद बाजार की मिठाइयों से ज्यादा शुद्ध और स्वादिष्ट होता है.
इसमें इस्तेमाल होने वाला दूध, इलायची और ड्राई फ्रूट इसका स्वाद कई गुना बढ़ा देते हैं. एक बार इसका स्वाद चखने के बाद लोग दूसरी मिठाइयों को भूल जाते हैं. बड़े हों या बच्चे, हर किसी को इसका स्वाद बेहद पसंद आता है. यही वजह है कि अब लोग त्योहार या खास मौके का इंतजार किए बिना भी घर में कलाकंद बनाना पसंद कर रहे हैं.
ऐसे तैयार करें स्वादिष्ट कलाकंद
कौशल कुमार बताते हैं कि कलाकंद बनाने की प्रक्रिया आसान जरूर है, लेकिन इसमें धैर्य और सही तरीका बेहद जरूरी होता है. सबसे पहले एक किलो दूध लें और उसे धीमी आंच पर लगातार गर्म करें. दूध को बीच-बीच में चलाते रहें ताकि वह नीचे से जले नहीं. जब दूध अच्छी तरह गाढ़ा होने लगे तब उसमें थोड़ा सा फिटकरी मिला पानी डालें. इसके बाद मिश्रण को लगातार चलाते रहें, जब तक कि वह दानेदार और मावा जैसा रूप न लेने लगे.
इसके बाद चीनी की बारी
फिर इसमें करीब 200 ग्राम चीनी डालें और अच्छी तरह मिलाएं. मिश्रण तैयार होने के बाद गैस बंद कर दें और उसमें इलायची पाउडर मिला दें, जिससे खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ जाएं. अब इस मिश्रण को एक ट्रे में निकालकर अच्छी तरह फैला दें और बेलन की मदद से हल्का दबाकर समतल कर लें ताकि मिठाई अच्छी तरह जम जाए.
इसके ऊपर पिस्ता, बादाम या अपनी पसंद के ड्राई फ्रूट छिड़क दें. कुछ देर ठंडा होने के बाद इसे टुकड़ों में काट लें. घर में तैयार यह कलाकंद देखने में जितना सुंदर लगता है, स्वाद में उससे कहीं ज्यादा शानदार होता है.
स्वाद ऐसा कि बार-बार खाने का करे मन
कलाकंद सिर्फ एक मिठाई नहीं, बल्कि स्वाद और परंपरा का ऐसा मेल है जो हर उम्र के लोगों को पसंद आता है. दूध की मिठास, इलायची की खुशबू और ड्राई फ्रूट का क्रंच इसे खास बना देता है. कौशल कुमार बताते हैं कि गांव और शहरों में लोग अब बाजार की जगह घर में मिठाई बनाना ज्यादा पसंद कर रहे हैं, क्योंकि इससे शुद्धता बनी रहती है. खासकर बड़े चाव या त्योहारों के मौके पर कलाकंद खाने का अलग ही आनंद होता है.
बहुत कम सामग्री में तैयार
कई लोग इसे मेहमानों के सामने परोसना भी पसंद करते हैं. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे बनाने में ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती, लेकिन स्वाद ऐसा मिलता है कि लोग लंबे समय तक याद रखते हैं. अगर आप भी घर पर कुछ नया और स्वादिष्ट ट्राई करना चाहते हैं तो दूध और ड्राई फ्रूट से तैयार यह कलाकंद आपके लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें