दक्षिण भारतीय व्यंजनों की बात हो और डोसे का जिक्र न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता. लेकिन अगर आप साधारण डोसे से कुछ अलग और खास स्वाद चखना चाहते हैं, तो कर्नाटक का प्रसिद्ध बेन्ने डोसा जरूर ट्राई करें. “बेन्ने” का मतलब होता है मक्खन, इसलिए इसे बटर डोसा भी कहा जाता है. यह डोसा बाहर से सुनहरा और कुरकुरा होता है, जबकि अंदर से बेहद मुलायम और स्पंजी रहता है. इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका खास बैटर और मक्खन या घी में पकाने का तरीका है.

कर्नाटक के दावणगेरे शहर का बेन्ने डोसा पूरे देश में काफी पॉप्यूलर हो रहा है. इसे नारियल की चटनी, टमाटर की चटनी, चिली-गार्लिक चटनी और एक्सट्रा मक्खन के साथ परोसा जाता है. सही तरीके से फर्मेंट किया गया बैटर और सही तवा इस डोसे के टेस्ट का राज माना जाता है. अगर आप भी घर पर रेस्टोरेंट जैसा बेन्ने डोसा बनाना चाहते हैं, तो इसकी आसान विधि जान लीजिए.

बेन्ने डोसा को खास क्या बनाता है?
साधारण डोसा बैटर में आमतौर पर चावल, उड़द दाल और मेथी दाना इस्तेमाल किया जाता है. वहीं बेन्ने डोसा के लिए इडली चावल, उड़द दाल, मेथी दाना, पोहा और चना दाल का उपयोग किया जाता है. पोहा डोसे को स्पंजी बनाता है, जबकि चना दाल उसे सुनहरा रंग देने में मदद करती है.

बैटर तैयार करने का तरीका
सबसे पहले इडली चावल, उड़द दाल, मेथी दाना, पोहा और चना दाल को अच्छी तरह धोकर 6 से 8 घंटे या रातभर पानी में भिगो दें. इसके बाद इन्हें थोड़ा पानी डालकर पीस लें. बैटर बहुत पतला या बहुत गाढ़ा नहीं होना चाहिए. पीसने के बाद इसमें नमक मिलाएं और 6 से 8 घंटे के लिए फर्मेंट होने दें. गर्म मौसम में बैटर जल्दी फर्मेंट हो जाता है.

परफेक्ट बेन्ने डोसा बनाने के टिप्स
फर्मेंट होने के बाद बैटर की कंसिस्टेंसी जांचें. जरूरत हो तो थोड़ा पानी मिलाकर उसे बहने लायक बनाएं. डोसा बनाने के लिए कास्ट आयरन तवे का इस्तेमाल करें. तवा गर्म होने पर उस पर थोड़ा पानी छिड़कें और कपड़े से साफ कर लें. तवे पर तेल न लगाएं.

अब एक कलछी बैटर तवे पर डालें और हल्का मोटा गोल आकार दें. ऊपर से भरपूर मात्रा में घी या मक्खन डालें. डोसे को तेज आंच पर तब तक पकाएं जब तक वह सुनहरा और कुरकुरा न हो जाए. इसे पलटने की जरूरत नहीं होती. तैयार डोसे को मोड़कर गर्मागर्म परोसें.

ध्यान रखें
बचा हुआ बैटर फ्रिज में रखकर पूरे सप्ताह इस्तेमाल किया जा सकता है. हालांकि, डोसा बनाने से पहले बैटर को कम से कम 30 मिनट पहले बाहर निकाल लेना चाहिए.



Source link

Write A Comment