Last Updated:

भीषण गर्मी और लू के मौसम में शरीर को ठंडा और हाइड्रेटेड रखना बेहद जरूरी होता है. ऐसे में सत्तू का शरबत एक बेहतरीन देसी पेय के रूप में सामने आता है. पोषक तत्वों से भरपूर सत्तू न केवल शरीर को तुरंत ऊर्जा देता है, बल्कि पाचन तंत्र को मजबूत बनाने, डिहाइड्रेशन से बचाने और लू के प्रभाव को कम करने में भी मददगार माना जाता है.

गर्मी में सबसे फायदेमंद माना जाता है सत्तू का शरबत, जो शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ भरपूर ऊर्जा भी देता है. यही कारण है कि बिहार और पूर्वी यूपी में इसे गर्मी का ‘देसी टॉनिक’ कहा जाता है. इसमें ढेरों पोषक तत्व होते हैं. इसे गरीबों का प्रोटीन भी कहा जाता है. साथ ही ये फाइबर, कैल्शियम, मैग्नीशियम, पोटैशियम, आयरन से भरपूर होता है, जो गर्मी में पाचन को फिट रखने के लिए बेस्ट चीज है.

डॉक्टर आनंद तिवारी ने Local 18 से बातचीत में बताया कि सत्तू एक पारंपरिक पेय है, जो शरीर को अंदर से ठंडा रखने के साथ-साथ लू से बचाव में भी काफी कारगर माना जाता है. सत्तू भुने हुए चने, जौ या मक्का को पीसकर तैयार किया जाता है. इसे पानी में घोलकर शरबत के रूप में पिया जाता है, जो गर्मी के मौसम में शरीर को तुरंत राहत और ऊर्जा प्रदान करता है.

अगर इसे पीने के तरीके की बात करें, तो सत्तू का सेवन नमकीन और मीठे दोनों रूपों में किया जा सकता है. नमकीन सत्तू का शरबत बनाने के लिए इसमें ठंडा पानी, काला नमक, भुना जीरा और नींबू मिलाया जाता है. वहीं, मीठा सत्तू तैयार करने के लिए इसमें गुड़ या शहद मिलाकर पिया जाता है. डॉक्टर के अनुसार, सुबह घर से निकलने से पहले सत्तू का सेवन करना सबसे अधिक फायदेमंद माना जाता है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

सत्तू का एक गिलास मीठा या नमकीन शरबत पीने से लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होता है और भूख भी कम लगती है. इसे बनाने के लिए आधा कप सत्तू एक बाउल या जग में लें. इसमें एक गिलास पानी डालकर अच्छी तरह मिलाएं, ताकि कोई गांठ न बने. इसके बाद आधा कप और पानी मिला दें. अपनी पसंद के अनुसार इसे गाढ़ा या पतला बनाकर सेवन किया जा सकता है.

नमकीन सत्तू का शरबत तैयार करने के लिए इसमें एक चम्मच भुना हुआ जीरा पाउडर मिलाएं. जीरे को पहले तवे पर भूनकर पीस लें. इसके बाद आधा चम्मच काली मिर्च पाउडर, एक चौथाई चम्मच काला नमक, स्वादानुसार सादा नमक, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, बारीक कटा प्याज, हरा धनिया और नींबू का रस डालें. सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाने के बाद शरबत को गिलास में निकालकर सर्व करें. स्वाद और ठंडक बढ़ाने के लिए इसमें बर्फ के कुछ टुकड़े भी डाले जा सकते हैं.

डॉक्टर आनंद तिवारी के अनुसार, सत्तू के सेवन से कई स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं. यह शरीर को ठंडा रखने में मदद करता है और लू से बचाव में भी कारगर माना जाता है. सत्तू में मौजूद प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट शरीर को तुरंत ऊर्जा प्रदान करते हैं, जिससे थकान और कमजोरी दूर होती है. इसके अलावा, इसमें भरपूर मात्रा में फाइबर पाया जाता है, जो पाचन तंत्र को मजबूत बनाने और पेट को स्वस्थ रखने में सहायक होता है.

डॉक्टर आनंद तिवारी के अनुसार, सत्तू कब्ज और गैस जैसी पाचन संबंधी समस्याओं से राहत दिलाने में भी मददगार होता है. यह लंबे समय तक पेट भरा होने का एहसास कराता है, जिससे वजन नियंत्रित रखने में सहायता मिल सकती है. सत्तू का ग्लाइसेमिक इंडेक्स अपेक्षाकृत कम होता है, इसलिए इसे डायबिटीज के मरीजों के लिए भी लाभकारी माना जाता है. इसके अलावा, गर्मी के मौसम में यह शरीर में पानी की कमी को पूरा करने में मदद करता है, जिससे डिहाइड्रेशन और लू के खतरे से बचाव हो सकता है.

इसके अलावा, दोपहर के समय या अधिक शारीरिक मेहनत करने के बाद सत्तू का सेवन करने से शरीर को तुरंत ऊर्जा और राहत मिलती है. सत्तू एक सस्ता, आसानी से उपलब्ध और बेहद पौष्टिक देसी सुपरफूड है, जो गर्मी के मौसम में शरीर को ठंडा रखने के साथ-साथ कई स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव में भी मददगार माना जाता है. यदि आप इस भीषण गर्मी में खुद को फिट, ऊर्जावान और सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो सत्तू को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बना सकते हैं.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



Source link

Write A Comment