Last Updated:

गर्मियों में हल्का और ठंडी तासीर वाला खाना शरीर के लिए बेहद जरूरी होता है. ऐसे में लौकी एक बेहतरीन विकल्प है, लेकिन कई लोग इसका स्वाद पसंद नहीं करते. अगर आप भी लौकी से दूरी बनाते हैं, तो यह दही वाला भरता रेसिपी आपके लिए परफेक्ट है, जो स्वाद और सेहत दोनों का ख्याल रखती है.

भीषण गर्मी में सही खान-पान का चुनाव शरीर को स्वस्थ रखने के लिए बेहद जरूरी होता है. आयुर्वेद में लौकी को उसकी ठंडी तासीर और आसानी से पचने वाले गुणों के कारण गर्मियों की बेहतरीन सब्जी माना गया है. हालांकि, बच्चे और युवा अक्सर इसे खाने से बचते हैं. ऐसे में इस ‘बोरिंग’ सब्जी को ‘इंट्रेस्टिंग’ बनाने के लिए यह रेसिपी किसी वरदान से कम नहीं है. कम तेल और मसालों में तैयार होने वाली यह डिश आपकी थाली की शान बढ़ा सकती है.

इस रेसिपी को बनाने के लिए मुख्य रूप से 1 ताज़ा और नरम लौकी (बिना बीज वाली) लें. तड़के के लिए 2 बारीक कटे प्याज, 2 टमाटर और 3-4 कली कटा हुआ लहसुन इस्तेमाल करें. खास सामग्री के तौर पर 1/2 कप ताज़ा फेंटा हुआ दही डालें, जो इसकी तासीर को ठंडा बनाता है. मसालों में राई-जीरा, कुचला हुआ साबुत धनिया, हल्दी, तीखी लाल मिर्च और कसूरी मेथी शामिल करें. इसके अलावा पकाने के लिए सरसों का तेल और सजावट के लिए हरा धनिया का उपयोग करें.

सबसे पहले लौकी पर हल्का सरसों का तेल लगाकर उसे सीधे गैस की आंच पर भूनें. इसे तब तक पलटते रहें जब तक इसका छिलका पूरी तरह काला न हो जाए. भुनने के बाद इसे ठंडा करके छील लें और अच्छी तरह मैश कर लें. इस प्रक्रिया से लौकी में सोंधापन यानी स्मोकी स्वाद आ जाता है, जो इसे खास बनाता है. इसके बाद कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें राई, जीरा और कुचला हुआ साबुत धनिया डालें. फिर कटा हुआ लहसुन और प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद टमाटर और हरी मिर्च डालकर उन्हें नरम होने तक पकाएं.

Add News18 as
Preferred Source on Google

अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालें. जब मसाले से तेल अलग होने लगे, तो आंच धीमी कर दें और फेंटा हुआ दही मिलाएं. दही डालने के बाद इसे लगातार चलाते रहें, ताकि यह मसालों के साथ अच्छी तरह मिल जाए. इससे भरते का स्वाद और भी बढ़ जाता है और यह गर्मी में पेट के लिए हल्का व फायदेमंद बनता है. अब तैयार मसाले में मैश की हुई भुनी लौकी डालें और अच्छी तरह मिलाएं. ऊपर से थोड़ी कसूरी मेथी रगड़कर डालें और करीब 5 मिनट तक ढक्कन लगाकर पकने दें. अंत में हरा धनिया डालकर सजाएं. अगर चाहें तो धुंगार देने के लिए जलता हुआ कोयला एक कटोरी में रखकर सब्जी के बीच में रखें, उस पर थोड़ा घी डालें और ढक्कन बंद कर दें, इससे इसका स्वाद बिल्कुल ढाबा स्टाइल जैसा हो जाएगा.

लौकी का यह ‘दही वाला भरता’ गर्मी के मौसम में लू से बचाने में मदद करता है. कम मसालों और दही के कारण इसकी तासीर ठंडी होती है, जो पित्त को शांत करने में सहायक है. इसे बाजरे के सोगरे या मिस्सी रोटी के साथ परोसा जाए, तो खाने का आनंद और भी बढ़ जाता है.



Source link

Write A Comment