Last Updated:
Mango Halwa Recipe: अगर आप आम से कुछ नया और खास बनाना चाहते हैं तो मैंगो हलवा एक शानदार विकल्प हो सकता है. यह रेसिपी न केवल आसान है, बल्कि कम सामग्री में जल्दी तैयार भी हो जाती है. आम का पल्प, सूजी, घी और ड्राई फ्रूट्स से बनने वाला यह हलवा स्वाद और सेहत दोनों का बेहतरीन संगम माना जाता है. आम में मौजूद विटामिन ए और सी शरीर को ऊर्जा देने में मदद करते हैं, जबकि सूजी और मेवे इसे पौष्टिक बनाते हैं. गर्मियों की शाम में परिवार के साथ मैंगो हलवे का स्वाद लेना एक खास अनुभव साबित हो सकता है.
जोधपुर. फलों के राजा आम का नाम सुनते ही मुंह में मिठास घुल जाती है. गर्मियों के मौसम में आम से बनी कई स्वादिष्ट चीजें लोगों की पसंद बन जाती हैं. आम का शेक, आइसक्रीम, आमरस और मैंगो कुल्फी तो लगभग हर घर में बनाई जाती है, लेकिन अगर आप इस बार आम से कुछ नया और खास बनाना चाहते हैं तो मैंगो हलवा एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. यह मिठाई स्वाद में लाजवाब होने के साथ-साथ बेहद आसान तरीके से तैयार हो जाती है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत भी नहीं पड़ती.
मैंगो हलवा बनाने के लिए सबसे पहले एक पका हुआ और मीठा आम लें. आम को छीलकर उसके छोटे-छोटे टुकड़े कर लें और मिक्सी में पीसकर मुलायम पल्प तैयार कर लें. इसके बाद एक कड़ाही में दो से तीन चम्मच घी गर्म करें. घी गर्म होने पर उसमें सूजी डालें और धीमी आंच पर सुनहरा होने तक भूनें. जब सूजी से अच्छी खुशबू आने लगे और उसका रंग हल्का सुनहरा हो जाए, तब उसमें सावधानीपूर्वक गर्म पानी डालें. पानी डालते समय मिश्रण को लगातार चलाते रहें ताकि उसमें गांठें न पड़ें.
ऐसे तैयार कर सकते हैं आम के पल्प का लाजवाब हलवा
जब सूजी अच्छी तरह पक जाए तो उसमें तैयार किया हुआ आम का पल्प डाल दें और मिश्रण को लगातार चलाते हुए पकाएं. इसके बाद स्वादानुसार चीनी मिलाएं. कुछ मिनट तक पकाने पर मिश्रण गाढ़ा होने लगेगा और हलवे का रंग भी आकर्षक दिखाई देने लगेगा. अंत में कटे हुए बादाम, काजू, पिस्ता और अन्य पसंदीदा ड्राई फ्रूट्स डालकर अच्छी तरह मिला लें. चाहें तो ऊपर से थोड़ी इलायची पाउडर भी डाल सकते हैं, जिससे स्वाद और सुगंध दोनों बढ़ जाएंगे.
स्वाद और सेहत दोनों का है बेहतरीन संगम
मैंगो हलवा केवल स्वादिष्ट ही नहीं बल्कि पोषण से भरपूर भी होता है. आम में विटामिन ए, विटामिन सी, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं, जो शरीर को ऊर्जा देने और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करते हैं. वहीं सूजी और ड्राई फ्रूट्स इसे और अधिक पौष्टिक बना देते हैं. यह हलवा बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है.
गर्मियों की शाम में परिवार के साथ बैठकर मैंगो हलवे का आनंद लेना एक अलग ही अनुभव देता है. किसी मेहमान के आने पर या फिर मीठा खाने की इच्छा होने पर इसे आसानी से घर में तैयार किया जा सकता है. यदि आप आम के मौसम में पारंपरिक मिठाइयों से कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो मैंगो हलवा जरूर बनाएं. इसकी आसान रेसिपी, शानदार स्वाद और पौष्टिक गुण इसे गर्मियों की खास मिठाई बना देते हैं.
About the Author
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से News18 हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें