Mango Slice Kulfi Recipe: गर्मी शुरू होते ही सबसे पहले जो चीज़ याद आती है, वो है ठंडी-ठंडी कुल्फी या आइसक्रीम. खासकर आम का सीजन हो, तो मैंगो फ्लेवर का क्रेज अपने आप बढ़ जाता है. बच्चों से लेकर बड़े तक, हर किसी की फेवरेट लिस्ट में मैंगो कुल्फी जरूर शामिल होती है, अगर आपने कभी दिल्ली की फेमस मैंगो स्लाइस कुल्फी खाई है, तो आप जानते होंगे कि उसका स्वाद कितना रिच और क्रीमी होता है, लेकिन हर शहर में वैसी कुल्फी मिलना आसान नहीं है, और जहां मिलती भी है, वहां दाम थोड़ा ज्यादा होता है. ऐसे में अगर आप वही स्वाद घर पर, वो भी बिना किसी मशीन और बिना महंगी क्रीम के बना लें, तो बात ही अलग हो जाती है.
अच्छी बात ये है कि इस रेसिपी में ज्यादा झंझट नहीं है और आसानी से मिलने वाली चीजों से ही आप इसे तैयार कर सकते हैं. इस आर्टिकल में हम आपको स्टेप-बाय-स्टेप तरीका बताएंगे, साथ ही कुछ काम के टिप्स भी देंगे, जिससे आपकी कुल्फी बिल्कुल मार्केट जैसी क्रीमी और स्मूद बने.
इंग्रेडिएंट्स
कुल्फी बेस के लिए:
-2 कप दूध
-2 चम्मच पानी
-2 टीस्पून कॉर्नफ्लोर या अरारोट
-1/2 कप चीनी
-1 कप ताजी मलाई
-1/2 कप पिसी हुई चीनी
अन्य चीजें
-3-4 बड़े पके आम
-पिस्ता (सजाने के लिए)
-क्लिंग रैप
बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले एक पैन में थोड़ा पानी डालकर उसमें डेढ़ कप दूध डालें और गैस पर गर्म करें. बाकी बचा हुआ आधा कप दूध अलग रखें. अब इस बचे हुए दूध में कॉर्नफ्लोर या अरारोट डालकर अच्छे से मिला लें ताकि उसमें कोई गांठ न रहे. जब पैन में रखा दूध उबलने लगे, तो उसमें चीनी डाल दें. जैसे ही दूध फिर से उबाल ले, उसमें कॉर्नफ्लोर वाला मिश्रण डालें और लगातार चलाते रहें. कुछ ही मिनट में ये मिश्रण हल्का गाढ़ा और क्रीमी हो जाएगा. इसके बाद गैस बंद कर दें और इसे पूरी तरह ठंडा होने दें.
अब एक बाउल में ताजी मलाई लें और उसे छान लें ताकि उसमें कोई दाने न रहें. इसमें पिसी हुई चीनी डालकर हल्के हाथ से फेंटें. ध्यान रखें कि ज्यादा जोर से न फेंटें, नहीं तो मक्खन बन सकता है.
जब दूध का मिश्रण ठंडा हो जाए, तो उसे मलाई में मिलाएं और अच्छे से मिक्स करें. अब इस तैयार मिक्स को फ्रिज में ठंडा होने के लिए रख दें. अब आम लें और ऊपर से हल्का सा काट लें. धीरे-धीरे अंदर की गुठली निकालें, लेकिन ध्यान रखें कि आम का छिलका न कटे. अंदर थोड़ा पल्प रहने दें ताकि स्वाद और अच्छा आए. अब इन आमों को क्लिंग रैप से कवर करके गिलास में खड़ा कर दें. ठंडा किया हुआ कुल्फी मिक्स इन आमों के अंदर भरें और ऊपर से कटा हुआ हिस्सा वापस लगा दें. अब इन्हें फ्रीजर में रातभर के लिए जमने के लिए रख दें. अगले दिन जब कुल्फी जम जाए, तो आम का छिलका हटाएं और इसे स्लाइस में काट लें. ऊपर से पिस्ता डालें और सर्व करें.
परफेक्ट कुल्फी के लिए खास टिप्स
कॉर्नफ्लोर डालते वक्त लगातार चलाते रहें, नहीं तो गांठ बन सकती है. मलाई को ज्यादा देर तक फेंटने से बचें. आम जितने मीठे होंगे, कुल्फी उतनी ही टेस्टी बनेगी. कुल्फी को धीरे-धीरे फ्रीज होने दें, इससे बर्फ नहीं जमेगी.