Last Updated:
बारिश के मौसम में चाय के साथ गरमा-गरम प्याज का पकौड़ा खाने का मजा ही अलग होता है. कम समय और घर में मौजूद आसान सामग्री से बनने वाला यह स्वादिष्ट स्नैक बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को खूब पसंद आता है. खास बात यह है कि सही मसालों और बेसन के मिश्रण से घर पर भी बाजार जैसे कुरकुरे और टेस्टी प्याज पकौड़े आसानी से तैयार किए जा सकते हैं, जो मॉनसून की शाम को और भी खास बना देते हैं.
मॉनसून के दौरान शाम होते ही लोगों का मन अक्सर कुछ गरमा-गरम और स्वादिष्ट खाने का करता है. ऐसे में घर की रसोई में महज 20 मिनट में तैयार होने वाला प्याज का पकौड़ा एक बेहतरीन नाश्ता बन सकता है.
खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए किसी खास सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती, बल्कि किचन में मौजूद सामान से ही इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है. मुजफ्फरपुर की गृहिणी सुमन देवी बताती हैं कि बारिश के मौसम में प्याज का पकौड़ा परिवार और मेहमानों के लिए सबसे पसंदीदा नाश्ता होता है.
इसकी खुशबू और स्वाद बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को पसंद आता है. उन्होंने बताया कि अगर सही तरीके से मसाले और बेसन का मिश्रण तैयार किया जाए तो घर पर भी बाजार जैसा कुरकुरा और स्वादिष्ट पकोड़ा बनाया जा सकता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
सुमन देवी के अनुसार प्याज का पकौड़ा बनाने के लिए सबसे पहले ताजा प्याज लें और उसे अच्छी तरह धोकर छिलका हटा दें. इसके बाद प्याज को लंबा और पतला काट लें ताकि तलने के बाद पकोड़ा ज्यादा कुरकुरा बने। फिर इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, थोड़ा सा लहसुन, अजवाइन, मंगरैल, हल्दी और स्वादानुसार नमक डालें. इसके बाद बेसन मिलाकर सभी सामग्री को अच्छे से हाथों से मिक्स करें.
उन्होंने बताया कि मिश्रण में ज्यादा पानी नहीं डालना चाहिए. प्याज से निकलने वाली नमी ही बेसन को बांधने के लिए काफी होती है। जरूरत हो तो थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर मिश्रण तैयार करें. इससे पकोड़ा ज्यादा क्रिस्पी बनता है.
अब कढ़ाई में तेल गर्म करें. तेल अच्छी तरह गर्म हो जाने के बाद प्याज के मिश्रण को छोटे-छोटे हिस्सों में डालें. मध्यम आंच पर इसे तब तक तलें जब तक इसका रंग सुनहरा और कुरकुरा न हो जाए. इसके बाद इसे निकालकर प्लेट में रखें.
गरमा-गरम प्याज का पकौड़ा हरी चटनी, मिर्च और चूड़ा के साथ परोसा जा सकता है. बारिश की शाम में परिवार और दोस्तों के साथ बैठकर इसका स्वाद लेने का आनंद ही अलग होता है. यह शाम के नाश्ते के लिए एक बेहतर विकल्प के साथ बेहतर कॉम्बिनेशन भी हैं.