Last Updated:
Kerala Style Malabar Paratha: केरल का मालाबार पराठा अपनी कुरकुरी परतों और नरम बनावट के लिए मशहूर है. थोड़ी सी मेहनत और सही तरीके से आटा बेलने पर इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है.
केरल स्टाइल मालाबार पराठा रेसिपी (Image-AI generated)
Kerala Style Malabar Paratha: केरल का मालाबार पराठा सिर्फ एक आम पराठा नहीं, बल्कि इसकी हर परत में छिपा है दक्षिण भारत का खास स्वाद. बाहर से हल्का कुरकुरा और अंदर से नरम, यह पराठा किसी भी साधारण खाने को खास बना देता है. खासकर जब इसे गर्मागर्म वेजिटेबल स्टू, चिकन करी या किसी मसालेदार ग्रेवी के साथ परोसा जाए, तो इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. हालांकि इसे देखकर कई लोगों को लगता है कि घर पर इतनी सारी परतें बनाना मुश्किल होगा, लेकिन सही तरीका पता हो तो काम उतना कठिन नहीं है. आटा गूंथने से लेकर परतें तैयार करने तक कुछ छोटी बातों का ध्यान रखकर आप घर में ही स्वादिष्ट Malabar Paratha बना सकते हैं.
मालाबार पराठा बनाने के लिए चाहिए ये सामग्री
आटा तैयार करने का तरीका- इसके लिए मैदा, नमक, थोड़ा चीनी, तेल और पानी की जरूरत होगी. कुछ लोग आटे में दूध भी मिलाते हैं, जिससे पराठा थोड़ा ज्यादा नरम बनता है. सबसे पहले मैदा में नमक और चीनी मिलाएं. अब इसमें तेल डालकर अच्छी तरह मिक्स करें और धीरे-धीरे पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें. आटा न ज्यादा सख्त हो और न ही बहुत ढीला. गूंथे हुए आटे पर थोड़ा तेल लगाकर इसे ढक दें और कम से कम 30 मिनट के लिए आराम करने दें. यही छोटा सा स्टेप पराठे की बनावट में बड़ा फर्क डालता है. अगर आटा अच्छी तरह रेस्ट करेगा, तो इसे फैलाना आसान होगा और परतें भी बेहतर बनेंगी.
इस तरह तैयार करें मालाबार पराठे की परतें
बेलने से ज्यादा जरूरी है आटे को फैलाना- अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें. एक लोई को लेकर चिकनी सतह पर रखें और हाथों से जितना हो सके पतला फैलाएं. इसके ऊपर तेल लगाएं और हल्का सूखा मैदा छिड़कें. अब इसे मोड़ते हुए लंबी पट्टी जैसा बनाएं और फिर गोल घुमाकर पेच की तरह तैयार कर लें. तैयार लोई को कुछ मिनट के लिए फिर से रेस्ट दें. इसके बाद इसे हल्के हाथों से बेलें. बहुत ज्यादा दबाव डालने से परतें चिपक सकती हैं, इसलिए धीरे-धीरे पराठे को फैलाना बेहतर रहता है. अब तवे को गर्म करें और पराठे को दोनों तरफ से सेंकें. किनारों पर थोड़ा तेल या घी लगाएं और तब तक पकाएं, जब तक सतह पर सुनहरे धब्बे दिखाई न देने लगें.
गर्मागर्म पराठे को ऐसे करें सर्व
पराठा पकने के बाद उसे दोनों हथेलियों के बीच हल्के हाथ से दबाकर परतों को अलग करें. यही तरीका मालाबार पराठे को उसकी खास फ्लेकी और लेयर्ड बनावट देता है. इसे नारियल वाली वेजिटेबल स्टू, चिकन करी, एग करी या किसी भी पसंदीदा ग्रेवी के साथ परोस सकते हैं. घर पर पहली बार बनाते समय परतें बिल्कुल बाजार जैसी न भी बनें, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. आटे को पर्याप्त रेस्ट देना और उसे बहुत पतला फैलाना इस रेसिपी की सबसे अहम कुंजी है. एक-दो बार बनाने के बाद हाथ अपने आप सेट हो जाता है और फिर घर की रसोई में ही केरल के स्वाद का मजा लिया जा सकता है.
About the Author
मीडिया की दुनिया में मेरा सफर एक रेडियो जॉकी के रूप में शुरू हुआ था, जहां शब्दों की ताकत से श्रोताओं के दिलों तक पहुंच बनाना मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि रही. माइक के पीछे की यह जादुई दुनिया ही थी जिसने मुझे इलेक्ट्र…और पढ़ें