Simple Sambar Recipe in Hindi: साउथ इंडियन खाना आज पूरे भारत में खूब पसंद किया जाता है. जब बात इडली, डोसा या वडा की हो, तो सांभर के बिना स्वाद अधूरा लगता है. खट्टा, मसालेदार और सब्जियों से भरपूर सांभर सिर्फ स्वादिष्ट ही नहीं, बल्कि हेल्दी भी माना जाता है. कई लोग सोचते हैं कि होटल जैसा टेस्टी सांभर घर पर बनाना मुश्किल होता है, लेकिन सही तरीके और मसालों के साथ आप बेहद आसान तरीके से स्वादिष्ट सांभर तैयार कर सकते हैं. इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें कई तरह की सब्जियां डालकर इसे और ज्यादा पौष्टिक बनाया जा सकता है.

सांभर बनाने के लिए जरूरी सामग्री

स्वादिष्ट सांभर बनाने के लिए सबसे पहले जरूरी सामग्री तैयार कर लें. इसके लिए लगभग आधा कप अरहर दाल, 1 प्याज, 1 टमाटर, 1 गाजर, थोड़ी लौकी या सहजन, इमली का पानी, 1 से 2 चम्मच सांभर मसाला, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और नमक की जरूरत होगी. तड़के के लिए राई, करी पत्ता, सूखी लाल मिर्च और थोड़ा सा हींग इस्तेमाल किया जाता है. ताजी सब्जियों का इस्तेमाल करने से सांभर का स्वाद और भी बढ़ जाता है.

सबसे पहले दाल और सब्जियां पकाएं

सांभर बनाने के लिए सबसे पहले अरहर दाल को अच्छी तरह धोकर कुकर में डालें. इसमें हल्दी और पानी मिलाकर 3 से 4 सीटी आने तक पकाएं. इसके बाद दूसरी तरफ सब्जियों को छोटे टुकड़ों में काट लें. एक पैन में हल्का पानी डालकर गाजर, लौकी, सहजन और प्याज जैसी सब्जियों को नरम होने तक पकाएं. जब दाल अच्छी तरह गल जाए, तो उसे हल्का मैश कर लें और पकी हुई सब्जियों में मिला दें.

अब डालें सांभर का असली स्वाद

जब दाल और सब्जियां अच्छी तरह मिल जाएं, तब इसमें सांभर मसाला, नमक और थोड़ा लाल मिर्च पाउडर डालें. इसके बाद इमली का पानी मिलाएं, जिससे सांभर में हल्का खट्टापन आएगा. अब इसे 8 से 10 मिनट तक धीमी आंच पर उबलने दें, ताकि सभी मसालों का स्वाद अच्छी तरह घुल जाए. अगर सांभर ज्यादा गाढ़ा लगे, तो थोड़ा गर्म पानी मिलाया जा सकता है. इसी स्टेप पर सांभर की खुशबू पूरे घर में फैलने लगती है.

तड़का लगाए बिना अधूरा है स्वाद

साउथ इंडियन सांभर का असली स्वाद उसके तड़के में छिपा होता है. इसके लिए एक छोटे पैन में थोड़ा तेल या घी गर्म करें. उसमें राई डालें और चटकने दें. फिर सूखी लाल मिर्च, करी पत्ता और चुटकीभर हींग डालें. जब तड़का अच्छी खुशबू देने लगे, तो इसे तैयार सांभर में डाल दें. इससे सांभर का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है और बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा फ्लेवर आता है.

इडली, डोसा या चावल के साथ लें मजा

गरमा-गरम सांभर को इडली, मसाला डोसा, वडा या सादा चावल के साथ परोसा जा सकता है. इसका खट्टा-तीखा स्वाद हर किसी को पसंद आता है. एक बार अगर आप इस आसान रेसिपी से घर पर सांभर बना लेंगे, तो बाहर का सांभर खाना भूल जाएंगे. खास बात यह है कि यह स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद माना जाता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.



Source link

Write A Comment