Bengali Jhinga Podi Recipe: अगर आप खाने में कुछ नया और मसालेदार ट्राई करना पसंद करते हैं, तो झींगा पोडी आपके लिए एक शानदार डिश साबित हो सकती है. झींगा यानी प्रॉन वैसे भी सीफूड लवर्स की पहली पसंद माने जाते हैं, क्योंकि ये जल्दी पक जाते हैं और मसालों का स्वाद बहुत अच्छे से सोख लेते हैं. अब तक आपने झींगा की कई तरह की रेसिपी खाई होंगी, जैसे सरसों वाले बंगाली झींगा, बटर गार्लिक प्रॉन या मसाला प्रॉन करी. लेकिन इस बार अगर आप स्वाद में एक नया ट्विस्ट चाहते हैं, तो झींगा पोडी जरूर बनाकर देखें. इस डिश में बंगाली स्टाइल झींगा के साथ साउथ इंडियन पोडी मसाले का जबरदस्त कॉम्बिनेशन देखने को मिलता है. करी पत्ता, नारियल, इमली और पोडी मसाले का फ्लेवर इस डिश को बेहद खास बना देता है.
इसका स्वाद हल्का तीखा, थोड़ा स्मोकी और काफी रिच होता है. खास बात यह है कि इसे घर पर बहुत आसानी से बनाया जा सकता है और ज्यादा समय भी नहीं लगता. अगर घर में मेहमान आने वाले हों या वीकेंड पर कुछ स्पेशल बनाना हो, तो यह डिश हर किसी का दिल जीत सकती है.
साधारण बंगाली झींगा से कैसे अलग है झींगा पोडी
बंगाली स्टाइल झींगा आमतौर पर सरसों के पेस्ट और हल्के मसालों के साथ बनाया जाता है. इसका स्वाद काफी बैलेंस और हल्का होता है, जिसमें झींगा का असली टेस्ट महसूस होता है. वहीं झींगा पोडी का फ्लेवर ज्यादा बोल्ड और मसालेदार होता है. इसमें साउथ इंडियन पोडी मसाला इस्तेमाल किया जाता है, जो भुनी दाल, सूखी लाल मिर्च और मसालों से तैयार होता है. झींगा पोडी में करी पत्ता, नारियल और इमली का इस्तेमाल इसे एकदम अलग स्वाद देता है. यह डिश खाने में काफी रिच लगती है और मसाले झींगा के ऊपर अच्छी तरह चिपक जाते हैं. यही वजह है कि यह डिश खाने वालों को पहली बार में ही पसंद आ जाती है.
क्या होता है पोडी मसाला और क्यों है इतना खास
पोडी मसाला साउथ इंडिया का एक फेमस मसाला मिक्स है. इसे भुनी हुई दाल, लाल मिर्च, करी पत्ता और अलग-अलग मसालों से तैयार किया जाता है. इसका स्वाद हल्का स्मोकी और तीखा होता है. यही मसाला झींगा पोडी को खास बनाता है. जब पोडी मसाला झींगा के साथ मिलाया जाता है, तो यह हर पीस पर अच्छी तरह चिपक जाता है. इससे झींगा का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. नारियल और इमली के साथ मिलकर इसका फ्लेवर और भी शानदार हो जाता है.
झींगा पोडी बनाने के लिए किन चीजों की होगी जरूरत
इस रेसिपी के लिए साफ किए हुए झींगा, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, नमक और नींबू का रस चाहिए होगा. इसके अलावा तेल, बटर, राई, लहसुन, करी पत्ता, प्याज, सौंफ, साबुत कश्मीरी लाल मिर्च, क्रश की हुई लाल मिर्च, कद्दूकस किया नारियल, पोडी मसाला, ब्राउन शुगर, इमली का पानी और हरा धनिया चाहिए होगा. अगर आपके पास फ्रोजन प्रॉन हैं, तो उन्हें भी इस्तेमाल कर सकते हैं. बस ध्यान रखें कि उन्हें अच्छे से डीफ्रॉस्ट करके पानी पूरी तरह निकाल लें. इससे मसाले अच्छे से लगेंगे और डिश पानीदार नहीं बनेगी.
घर पर ऐसे बनाएं मसालेदार झींगा पोडी
सबसे पहले झींगा को अच्छे से धोकर एक बाउल में रखें. अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, नमक और नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसे करीब 15 मिनट के लिए रख दें ताकि मसाले झींगा में अच्छी तरह समा जाएं. अब एक पैन में तेल और बटर गर्म करें. इसमें राई डालें और चटकने दें. इसके बाद लहसुन और करी पत्ता डालकर भूनें. अब बारीक कटे प्याज डालें और हल्का गोल्डन होने तक पकाएं.
इसके बाद सौंफ, साबुत कश्मीरी लाल मिर्च और क्रश की हुई लाल मिर्च डालकर अच्छी तरह चलाएं. मसालों की खुशबू आने लगे तो इसमें मेरिनेट किया हुआ झींगा डाल दें. इसे 2 से 3 मिनट तक पकाएं जब तक झींगा हल्का गुलाबी न हो जाए. अब इसमें कद्दूकस किया नारियल, पोडी मसाला और थोड़ा ब्राउन शुगर डालें. सारी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं ताकि मसाला झींगा पर अच्छी तरह चढ़ जाए. आखिर में इमली का पानी डालें और थोड़ी देर पकाएं जब तक मसाला गाढ़ा होकर झींगा पर अच्छी तरह कोट न हो जाए. ऊपर से करी पत्ता, हरी मिर्च और हरा धनिया डालकर गर्मागर्म सर्व करें.
किसके साथ सबसे ज्यादा स्वादिष्ट लगती है यह डिश
झींगा पोडी का स्वाद सादे गर्म चावल के साथ सबसे अच्छा लगता है. चावल इसकी मसालेदार ग्रेवी को बैलेंस करते हैं और हर बाइट को मजेदार बना देते हैं. अगर आप चाहें तो इसे नीर डोसा, परोट्टा या मलाबार पराठे के साथ भी खा सकते हैं. कई लोग इसे स्टार्टर की तरह भी पसंद करते हैं. अगर आप घर पर पार्टी रख रहे हैं, तो यह डिश मेहमानों को जरूर पसंद आएगी.
View this post on Instagram