होमफोटोलाइफ़फूड

घर पर बनाएं रेस्टोरेंट वाला मलाईदार मटर पनीर, स्वाद में लगेगा एकदम लाजवाब

Last Updated:

Restaurant Style Matar Paneer: मटर पनीर भारतीय रसोई की सबसे पसंदीदा और शाही सब्जियों में से एक है, जिसे त्योहारों से लेकर खास मौकों तक बड़े चाव से बनाया जाता है. अगर आप भी घर पर होटल जैसा मलाईदार और स्वादिष्ट मटर पनीर बनाना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी आपके बेहद काम आएगी. सही मसालों, मुलायम पनीर और क्रीमी ग्रेवी के साथ तैयार यह डिश हर निवाले में शानदार स्वाद देगी. जानिए इसे बनाने का आसान तरीका और वे खास टिप्स, जिससे आपका मटर पनीर हर बार परफेक्ट बनेगा.

मटर पनीर ऐसी डिश है, जो त्योहार, पारिवारिक समारोह, मेहमानों की दावत या वीकेंड के स्पेशल लंच में अक्सर बनाई जाती है. इसकी मलाईदार ग्रेवी और नरम पनीर का स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है. अगर सही सामग्री और सही तरीका अपनाया जाए, तो घर पर भी बिल्कुल होटल जैसा स्वादिष्ट मटर पनीर आसानी से बनाया जा सकता है.

मटर पनीर बनाने के लिए 250 ग्राम चौकोर कटे पनीर, 1 कप हरी मटर, 2 बड़े प्याज, 3 टमाटर, 1 इंच अदरक, 6 से 7 लहसुन की कलियां, 2 हरी मिर्च, 2 बड़े चम्मच तेल या घी, 1 छोटा चम्मच जीरा, 1 तेजपत्ता, आधा छोटा चम्मच हल्दी, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर, आधा छोटा चम्मच गरम मसाला, आधा छोटा चम्मच कसूरी मेथी, 2 बड़े चम्मच फ्रेश क्रीम और स्वादानुसार नमक की जरूरत होगी.

सबसे पहले प्याज, टमाटर, अदरक, लहसुन और हरी मिर्च को बड़े टुकड़ों में काट लें. एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और इन सभी चीजों को 8 से 10 मिनट तक हल्का नरम होने तक भूनें. मिश्रण ठंडा होने पर इसे मिक्सर में डालकर एकदम मुलायम पेस्ट बना लें. यही पेस्ट ग्रेवी को गाढ़ापन, अच्छा रंग और शानदार स्वाद देता है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

केवटलिया चौबे निवासी मंटू कुमार के अनुसार, अब कड़ाही में तेल या घी गर्म करें. इसमें जीरा और तेजपत्ता डालें. जीरा चटकने लगे तो तैयार पेस्ट डालकर मध्यम आंच पर अच्छी तरह भूनें. जब मसाले से तेल अलग होने लगे, तब हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक डालें. मसालों को 2 से 3 मिनट तक अच्छी तरह पकाएं, ताकि उनका कच्चापन पूरी तरह खत्म हो जाए.

अब उबली हुई हरी मटर ग्रेवी में डालें और जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी मिलाकर करीब 5 मिनट तक पकाएं. इसके बाद पनीर के टुकड़े डालें और धीमी आंच पर 4 से 5 मिनट तक पकने दें. इससे मसालों का स्वाद पनीर में अच्छी तरह समा जाता है. ध्यान रखें कि पनीर को ज्यादा देर तक न पकाएं, वरना वह सख्त हो सकता है.

जब सब्जी लगभग तैयार हो जाए, तब कसूरी मेथी को हथेलियों के बीच हल्का मसलकर डालें. इसके बाद फ्रेश क्रीम और गरम मसाला मिलाएं. अब 1 से 2 मिनट तक धीमी आंच पर पकाकर गैस बंद कर दें. इससे मटर पनीर की ग्रेवी मलाईदार बनती है और उसकी खुशबू भी कई गुना बढ़ जाती है.

अगर पनीर थोड़ा सख्त हो, तो उसे 10 मिनट तक गुनगुने पानी में भिगो दें. इससे वह दोबारा मुलायम हो जाएगा. ग्रेवी को और ज्यादा रिच बनाना चाहते हैं, तो उसमें थोड़ा काजू का पेस्ट मिला सकते हैं. वहीं बच्चों के लिए मटर पनीर बना रहे हैं, तो लाल मिर्च कम रखें, ताकि स्वाद हल्का और संतुलित रहे.

गरमा-गरम मटर पनीर को तंदूरी रोटी, नान, पराठा, फुल्का या जीरा राइस के साथ परोसें. ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया और थोड़ा मक्खन डाल दें. इस आसान विधि को अपनाकर आप हर बार घर पर ऐसा स्वादिष्ट मटर पनीर बना सकते हैं, जिसकी तारीफ परिवार और मेहमान दोनों जरूर करेंगे.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



Source link

Write A Comment