Last Updated:

गोंडा की बीनू ने गर्मियों में घर पर स्वादिष्ट और लंबे समय तक चलने वाला आम का अचार बनाने की आसान विधि साझा की है. इस रेसिपी में ताजे कच्चे आम, पारंपरिक मसालों और सरसों के तेल का सही उपयोग कर बिना मिलावट का लाजवाब अचार तैयार किया जाता है. खास बात यह है कि इसे कुछ ही दिनों में तैयार किया जा सकता है और धूप में रखने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. यह देसी रेसिपी हर घर में बाजार जैसा स्वाद देने के लिए परफेक्ट मानी जा रही है.

गोंडा: गर्मियों का मौसम आते ही आम के अचार की खुशबू हर घर में महसूस होने लगती है. अगर आप भी घर पर स्वादिष्ट और लंबे समय तक चलने वाला आम का अचार बनाना चाहते हैं, तो गोंडा की बीनू द्वारा बताई गई यह आसान विधि आपके बहुत काम आ सकती है. इस तरीके से तैयार किया गया अचार स्वाद में लाजवाब होने के साथ-साथ पूरी तरह घर का बना और बिना मिलावट वाला होता है.

अच्छे और शुद्ध आम का करें चयन

लोकल 18 से बातचीत के दौरान बीनू बताती हैं कि अच्छे अचार के लिए सबसे पहले ताजे और कच्चे आम का चयन करना चाहिए. आम को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें और फिर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. इसके बाद अचार के लिए मसाले तैयार किए जाते हैं.

इन मसाले का करें प्रयोग

मसाले बनाने के लिए करीब 50 ग्राम धनिया, 200 ग्राम सौंफ, 100 ग्राम जीरा, 25 ग्राम मेथी, 10 ग्राम मंगरेल, 10 ग्राम अजवाइन, 100 ग्राम काली सरसों, 100 ग्राम पीली सरसों, 200 ग्राम काली मिर्च और 400 ग्राम नमक लिया जाता है. बीनू बताती हैं कि सभी खड़े मसालों में से एक-एक चम्मच मसाला अलग निकालना चाहिए. बाकी बचे मसालों को पीसकर पाउडर बना लें. बाद में अलग रखे गए खड़े मसाले भी अचार में डाल दिए जाते हैं. इससे अचार का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं.

आम के आचार की रेसिपी

अब कटे हुए आम के टुकड़ों में हल्दी और नमक मिलाकर कुछ घंटों के लिए रख दें. इससे आम थोड़ा नरम हो जाता है और उसमें मौजूद अतिरिक्त पानी बाहर निकल जाता है. यह प्रक्रिया अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में भी मदद करती है.
इसके बाद तैयार मसालों को आम के टुकड़ों में अच्छी तरह मिला दें. फिर इसमें लगभग आधा लीटर सरसों का तेल डालें. ध्यान रखें कि तेल को पहले हल्का गर्म कर लें और फिर ठंडा होने के बाद ही अचार में मिलाएं. ऐसा करने से अचार जल्दी खराब नहीं होता और उसका स्वाद भी बेहतर हो जाता है.

बीनू के अनुसार अचार को हमेशा कांच या अच्छी गुणवत्ता वाले प्लास्टिक के साफ और सूखे डिब्बे में भरकर रखना चाहिए. डिब्बे में नमी बिल्कुल नहीं होनी चाहिए, क्योंकि नमी के कारण अचार खराब हो सकता है.

धूप में रखना है जरूरी

अचार बनने के बाद अगले 4 से 5 दिनों तक उसे रोजाना एक बार साफ और सूखे चम्मच से चलाएं. साथ ही डिब्बे को रोज कुछ समय के लिए धूप में रखें. धूप लगने से मसाले आम में अच्छी तरह मिल जाते हैं और अचार का स्वाद और भी बढ़ जाता है.
कुछ दिनों बाद आपका स्वादिष्ट आम का अचार तैयार हो जाएगा. घर पर बना यह अचार न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि इसमें किसी तरह की मिलावट भी नहीं होती. यदि आप भी इस गर्मी में बाजार जैसा स्वाद अपने घर में पाना चाहते हैं, तो बीनू की बताई इस आसान विधि से आम का अचार जरूर तैयार करें.

About the Author

Vivek Kumar

विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें



Source link

Write A Comment