Easy Butter Recipe: आजकल ज्यादातर लोग हेल्थ को लेकर पहले से ज्यादा जागरूक हो गए हैं, और यही वजह है कि घर का बना खाना फिर से ट्रेंड में लौट आया है. खासकर जब बात मक्खन की आती है, तो लोग पैकेट वाले मक्खन से ज्यादा घर का ताजा, क्रीमी और शुद्ध मक्खन पसंद करते हैं. बाजार में मिलने वाले मक्खन में अक्सर प्रिजर्वेटिव्स, कलर और कई बार फ्लेवर भी मिलाए जाते हैं, जो हर किसी के लिए सही नहीं होते, लेकिन घर पर मक्खन बनाना जितना आसान लगता है, कई लोगों के लिए उतना होता नहीं है. अक्सर शिकायत यही रहती है कि दही से मक्खन निकालने में बहुत समय लगता है, हाथ थक जाते हैं और फिर भी मक्खन बाजार जैसा स्मूद या दानेदार नहीं बनता.
ऐसे में कुकिंग एक्सपर्ट श्वेता खैरनार ने एक बेहद आसान और असरदार तरीका बताया है, जिसे “बर्फ वाली ट्रिक” कहा जा रहा है. इस ट्रिक की मदद से न सिर्फ मक्खन जल्दी बनता है, बल्कि उसकी टेक्सचर भी बिल्कुल परफेक्ट आती है. अच्छी बात ये है कि इसमें ज्यादा मेहनत या खास मशीन की जरूरत नहीं पड़ती.
दही से मक्खन निकालने का आसान तरीका
घर पर मक्खन बनाने की शुरुआत सही दही से होती है, अगर आप अच्छा रिजल्ट चाहती हैं, तो थोड़ा खट्टा और गाढ़ा दही चुनें. हल्का खट्टापन फैट को जल्दी अलग करने में मदद करता है और मक्खन ज्यादा मात्रा में निकलता है. कोशिश करें कि दही ठंडा हो, यानी सीधे फ्रिज से निकला हुआ. अब एक गहरे बर्तन में 2 से 3 कप दही लें. इसे हैंड विस्क, ब्लेंडर या बड़े चम्मच से फेंटना शुरू करें. ध्यान रखें कि आप एक ही दिशा में मथें, इससे प्रोसेस जल्दी होती है. कुछ मिनट बाद आप देखेंगे कि दही हल्का होने लगा है और उसकी बनावट बदल रही है.
बर्फ वाली ट्रिक कैसे काम करती है
जब दही थोड़ा हल्का हो जाए, तब धीरे-धीरे उसमें आधा से एक कप बर्फ जैसा ठंडा पानी डालें. यही इस पूरी प्रक्रिया का गेम चेंजर है. ठंडा पानी डालने से दही का फैट तुरंत जमने लगता है और अलग होकर ऊपर तैरने लगता है. अगर आप नॉर्मल या गुनगुना पानी डालेंगी, तो मक्खन पिघल सकता है और सही टेक्सचर नहीं आएगा. इसलिए तापमान का ध्यान रखना बहुत जरूरी है.
मक्खन के दाने कैसे पहचानें
जैसे-जैसे आप मथती रहेंगी, ऊपर छोटे-छोटे सफेद दाने दिखने लगेंगे. धीरे-धीरे ये दाने एक साथ जुड़कर बड़े गुच्छों में बदल जाएंगे. यही असली मक्खन है. जब ऊपर पूरा मक्खन तैरने लगे और नीचे पतला तरल रह जाए, तो समझ लें कि आपका मक्खन तैयार है.
मक्खन की सफाई और स्टोरेज
अब मक्खन को धीरे से निकालकर ठंडे पानी में 2-3 बार धो लें. इससे उसमें मौजूद खट्टापन खत्म हो जाता है और मक्खन ज्यादा दिनों तक फ्रेश रहता है. धोने के बाद इसे एक कांच के बर्तन में रखकर फ्रिज में स्टोर करें. सही तरीके से रखा जाए तो यह एक हफ्ते तक आसानी से चल सकता है.
View this post on Instagram