Last Updated:
Makhana Chaat Recipe: चाट स्वादिष्ट होने के साथ-साथ हेल्दी हो सकता है. यहां हम आपको एक ऐसे ही चाट रेसिपी के बारे में बता रहे हैं. जब भी शाम को हल्की भूख लगे, इस आसान और पौष्टिक स्नैक को बनाकर खा सकते हैं.
शाम के समय अक्सर कुछ चटपटा और स्वादिष्ट खाने का मन करता है. ऐसे में ज्यादातर लोग समोसे, चिप्स, नमकीन या अन्य तले-भुने स्नैक्स का सेवन कर लेते हैं. हालांकि, ये चीजें स्वाद तो देती हैं, लेकिन सेहत के लिए हमेशा फायदेमंद नहीं होतीं. अगर आप भी शाम की हल्की भूख को शांत करने के लिए किसी हेल्दी और टेस्टी विकल्प की तलाश में हैं, तो मखाना चाट एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है.
ये न सिर्फ स्वाद से भरपूर होती है, बल्कि पोषण के मामले में भी काफी अच्छी मानी जाती है. मखाना फाइबर, प्रोटीन और कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होता है, जो लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करते हैं. यही वजह है कि इसे वजन घटाने वाली डाइट में भी शामिल किया जाता है. अच्छी बात यह है कि मखाना चाट को घर पर बहुत कम समय में आसानी से तैयार किया जा सकता है.
मखाना चाट बनाने का आसान तरीका
- चाट को बनाने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही या पैन लें. इसमें बिना तेल या घी डाले एक कप मखाना और आधा कप मूंगफली को धीमी आंच पर भून लें. बीच-बीच में चलाते रहें ताकि वे जलें नहीं और अच्छी तरह कुरकुरे हो जाएं.
- भूनने के बाद इन्हें ठंडा होने के लिए अलग रख दें. अब एक बड़े बाउल में भुने हुए मखाने और मूंगफली डालें. इसके बाद इसमें बारीक कटा हुआ प्याज, टमाटर और हरा धनिया मिलाएं. ये सामग्री चाट में ताजगी और स्वाद दोनों बढ़ाती हैं.
- अब इस मिश्रण में एक बड़ा चम्मच हरी चटनी और एक बड़ा चम्मच मीठी इमली-खजूर की चटनी डालें. इससे चाट में खट्टा-मीठा स्वाद आता है.
- इसके बाद स्वादानुसार नमक, काला नमक, लाल मिर्च पाउडर, भुना जीरा पाउडर और चाट मसाला मिलाएं. सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करें ताकि मसाले हर हिस्से में समान रूप से मिल जाएं.
- अब इसमें अनार के दाने और थोड़ा-सा भुजिया डालें. ऊपर से एक बड़ा चम्मच ताजा नींबू का रस डालकर हल्के हाथों से मिलाएं. नींबू का रस चाट को और ज्यादा ताजगी और स्वाद देता है.
इस बात का ध्यान रखें
चाट तैयार होने के बाद उसे ज्यादा देर तक न रखें, क्योंकि इससे मखाने नरम हो सकते हैं और उनकी कुरकुराहट कम हो सकती है. परोसने से पहले ऊपर से थोड़ा हरा धनिया और ऑयल-फ्री सेव डालकर गार्निश करें.
About the Author
शारदा सिंह एक अनुभवी लाइफस्टाइल पत्रकार हैं, जिनके पास डिजिटल मीडिया और कंटेंट लेखन के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का अनुभव है. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से…
और पढ़ें