Last Updated:
अगर आप रोज एक जैसा नाश्ता खाकर बोर हो गए हैं, तो चना और मूंग से बना हाई-प्रोटीन चीला ट्राई करें. यह रेसिपी स्वाद, पोषण और लंबे समय तक पेट भरा रखने का बेहतरीन कॉम्बिनेशन है. जानिए इसे बनाने की आसान विधि और इसके हेल्थ बेनिफिट्स.
हेल्दी चीला
अगर आप ऐसा नाश्ता ढूंढ रहे हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ प्रोटीन और फाइबर से भी भरपूर हो, तो चना और मूंग का चीला एक बेहतरीन विकल्प है. बेसन के चीले तो आपने कई बार खाए होंगे, लेकिन अंकुरित या भीगे हुए चने और मूंग से बना चीला पोषण के मामले में और भी बेहतर माना जाता है. इसमें भरपूर मात्रा में पौधे आधारित प्रोटीन, फाइबर, आयरन और कई जरूरी विटामिन पाए जाते हैं. यही वजह है कि डाइट एक्सपर्ट्स भी हेल्दी ब्रेकफास्ट के लिए इसे अच्छी पसंद मानते हैं.
यह चीला बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी के लिए अच्छा विकल्प हो सकता है. अगर आप वजन नियंत्रित करना चाहते हैं, जिम जाते हैं या लंबे समय तक पेट भरा रखने वाला नाश्ता चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपकी डाइट का हिस्सा बन सकती है. आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.
सामग्री
1 कप भीगी हुई हरी मूंग दाल
½ कप भीगा हुआ काला चना
1 छोटा प्याज (बारीक कटा)
1 छोटी गाजर (कद्दूकस की हुई)
2 हरी मिर्च (बारीक कटी)
1 इंच अदरक
2-3 लहसुन की कलियां (वैकल्पिक)
2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
½ छोटा चम्मच जीरा
¼ छोटा चम्मच हल्दी
स्वादानुसार नमक
चीला सेंकने के लिए थोड़ा सा तेल या घी
बनाने की विधि
सबसे पहले मूंग दाल और काले चने को रातभर या कम से कम 7-8 घंटे के लिए पानी में भिगो दें. सुबह पानी निकालकर इन्हें अदरक, जीरा और थोड़ा-सा पानी डालकर मिक्सर में पीस लें. ध्यान रखें कि बैटर न ज्यादा पतला हो और न ही बहुत गाढ़ा.
अब इस बैटर में बारीक कटा प्याज, गाजर, हरी मिर्च, हरा धनिया, हल्दी और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें. चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें थोड़ा-सा काली मिर्च पाउडर या अजवाइन भी मिला सकते हैं.
अब नॉन-स्टिक या आयरन तवा गर्म करें और उस पर हल्का-सा तेल या घी लगाएं. एक करछी बैटर डालकर गोल आकार में फैलाएं. मध्यम आंच पर 2-3 मिनट तक पकाएं. जब एक तरफ सुनहरा रंग आ जाए, तो पलटकर दूसरी तरफ भी अच्छी तरह सेक लें. इसी तरह सभी चीले तैयार करें.
क्यों है यह चीला हेल्दी?
मूंग और चना दोनों ही प्रोटीन और फाइबर के अच्छे स्रोत हैं. यह चीला लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद कर सकता है, जिससे बार-बार भूख कम लगती है. इसमें मौजूद प्रोटीन मांसपेशियों के लिए फायदेमंद माना जाता है, जबकि फाइबर पाचन को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है. गाजर, प्याज और हरा धनिया मिलाने से इसमें विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट भी बढ़ जाते हैं.
About the Author
विविधा सिंह हिंदी डिजिटल पत्रकारिता का उभरता हुआ नाम हैं. उन्हें डिजिटल मीडिया में साढ़े चार साल का अनुभव है. वर्तमान में वह News18 हिंदी में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह लाइफस्टाइल वर्टि…
और पढ़ें