Onion Raita Recipe: मई-जून की तेज धूप और गर्म हवाएं शरीर को जल्दी थका देती हैं. ऐसे मौसम में अगर खाने-पीने का सही ध्यान न रखा जाए तो कमजोरी, डिहाइड्रेशन और पेट से जुड़ी दिक्कतें शुरू हो सकती हैं. दोपहर के वक्त ज्यादा तेल-मसाले वाला खाना खाने से शरीर और भारी महसूस करता है. इसी वजह से लोग गर्मियों में ऐसा खाना पसंद करते हैं जो पेट को हल्का रखे और शरीर को अंदर से ठंडक दे. ऐसे मौसम में दही से बनी चीजें सबसे ज्यादा राहत देती हैं. खासकर अगर लंच में दाल-रोटी या चावल के साथ ठंडा-ठंडा प्याज का रायता मिल जाए तो खाने का मजा दोगुना हो जाता है. प्याज को लंबे समय से लू से बचाने वाला घरेलू तरीका माना जाता है.

वहीं दही पेट को शांत रखने में मदद करता है. यही वजह है कि गर्मियों में प्याज का रायता सिर्फ स्वाद ही नहीं बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है. अच्छी बात ये है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और सिर्फ 5 मिनट में एक शानदार, चटपटा और कूलिंग डिश तैयार हो जाती है, अगर आप भी इस गर्मी में खुद को फ्रेश और एक्टिव रखना चाहते हैं तो ये आसान रायता रेसिपी आपके लंच का बेस्ट साथी बन सकती है.

गर्मियों में क्यों फायदेमंद है प्याज का रायता
प्याज की तासीर शरीर को ठंडक देने वाली मानी जाती है. यही वजह है कि गांवों में आज भी लोग गर्मियों में कच्चा प्याज खाना पसंद करते हैं. तेज धूप और लू के बीच प्याज शरीर को राहत देने में मदद कर सकता है. दूसरी तरफ दही में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया पाचन को बेहतर बनाते हैं. गर्मियों में अक्सर भारी खाना खाने से गैस और अपच की परेशानी हो जाती है, लेकिन दही से बना रायता खाने को हल्का और आसान बना देता है.

अगर इसमें पुदीना, हरा धनिया और भुना जीरा डाल दिया जाए तो इसका स्वाद भी बढ़ जाता है और शरीर को ताजगी भी मिलती है. यही वजह है कि प्याज का रायता गर्मियों के लिए एक परफेक्ट साइड डिश माना जाता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

प्याज का रायता बनाने के लिए सामग्री
-ताजा गाढ़ा दही -2 कप
-प्याज -1 बड़ा बारीक कटा हुआ
-हरी मिर्च -1 से 2 बारीक कटी हुई
-पुदीने के पत्ते -8 से 10 बारीक कटे हुए
-हरा धनिया -1 बड़ा चम्मच
-भुना जीरा पाउडर -1 छोटा चम्मच
-काला नमक -आधा छोटा चम्मच
-सादा नमक -स्वाद के मुताबिक
-लाल मिर्च पाउडर या चाट मसाला -एक चुटकी

प्याज का रायता बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले एक बड़े बाउल में ताजा और ठंडा दही लें. अब मथनी या व्हिस्कर की मदद से दही को अच्छे से फेंट लें ताकि उसमें कोई गांठ न रहे और वह बिल्कुल स्मूद हो जाए, अगर दही ज्यादा गाढ़ा लगे तो उसमें थोड़ा ठंडा पानी मिला सकते हैं. अब इसमें बारीक कटा प्याज डालें. इसके बाद हरी मिर्च, पुदीना और हरा धनिया डालकर सब चीजों को अच्छी तरह मिला लें. अब स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें भुना जीरा पाउडर, काला नमक और सामान्य नमक डालें. सारी चीजों को चम्मच से अच्छे से मिक्स करें ताकि हर मसाला दही में बराबर मिल जाए.

अगर आप ज्यादा ठंडा रायता पसंद करते हैं तो इसे 15 से 20 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें. इससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाएगा. सर्व करते वक्त ऊपर से थोड़ा भुना जीरा, चाट मसाला या लाल मिर्च पाउडर छिड़क दें. चाहें तो ऊपर से पुदीने की पत्ती भी डाल सकते हैं. इसे दाल-रोटी, पराठे, पुलाव या बिरयानी के साथ ठंडा-ठंडा परोसें.

रायते को और हेल्दी बनाने के आसान टिप्स
अगर आप इसे और हेल्दी बनाना चाहते हैं तो इसमें खीरा भी मिला सकते हैं. खीरा शरीर में पानी की कमी नहीं होने देता. जो लोग तीखा कम खाते हैं वो हरी मिर्च छोड़ सकते हैं. वहीं स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ा भुना हुआ जीरा ताजा पीसकर डालें, इससे खुशबू काफी अच्छी आती है. अगर घर में बच्चे हैं तो उनके लिए इसमें थोड़ा मीठा दही इस्तेमाल किया जा सकता है ताकि उन्हें इसका स्वाद और पसंद आए.

गर्मियों में क्या रखें ध्यान
गर्मी के मौसम में सिर्फ ठंडा खाना काफी नहीं होता, शरीर में पानी की कमी भी नहीं होनी चाहिए. इसलिए दिनभर ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं. बाहर निकलते वक्त सिर ढककर रखें और बहुत ज्यादा मसालेदार खाना खाने से बचें. ऐसे मौसम में दही, छाछ, रायता और फल जैसी चीजें शरीर को अंदर से ठंडा रखने में मदद करती हैं. प्याज का रायता इन्हीं आसान और देसी उपायों में से एक है जो स्वाद और सेहत दोनों का ध्यान रखता है.



Source link

Write A Comment