ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 ने अपने इस साल के बड़े और महत्वाकांक्षी कंटेंट स्लेट के तहत अपनी मशहूर क्राइम थ्रिलर सीरीज ‘जनावर-द बीस्ट विदिन’ के दूसरे सीजन की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इसके साथ ही एक बार फिर पर्दे पर एक गहरा, काला और रोंगटे खड़े कर देने वाला नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। इस सीरीज में अभिनेता भुवन अरोड़ा एक बार फिर अपने चर्चित किरदार सब-इंस्पेक्टर हेमंत कुमार के रूप में लौट रहे हैं। कर्तव्यनिष्ठ हेमंत इस बार एक ऐसी खौफनाक और उलझी हुई मर्डर मिस्ट्री को सुलझाते नजर आएंगे, जो उनकी सूझबूझ, हिम्मत और नैतिक मूल्यों की अब तक की सबसे कठिन परीक्षा लेगी।
‘जनावर 2’ पर भुवन अरोड़ा का बयान
सीरीज के नए सीजन में अपनी वापसी को लेकर अभिनेता भुवन अरोड़ा ने एक्सक्लूसिव बातचीत में कहा, ‘जनावर के पहले सीजन को दर्शकों से जो अपार प्यार और सराहना मिली, उसने इस पूरे सफर को मेरे लिए बेहद खास बना दिया था। यही वजह है कि सीजन 2 के साथ वापसी करना मेरे लिए बेहद रोमांचक अनुभव है।’ कहानी के नए मोड़ और अपने किरदार पर बात करते हुए भुवन ने विशेष रूप से साझा किया, ‘जो बात मुझे दोबारा इस प्रोजेक्ट से जोड़ती है, वह यह है कि इस बार कहानी केवल कैनवास के मामले में ही बड़ी नहीं हुई है, बल्कि यह पहले से कहीं ज्यादा गहरी, काली, अप्रत्याशित और परतों से भरी हुई है। हमारी दुनिया और किरदार अब काफी बदल चुके हैं और इस बार जो चुनौतियां उनके सामने हैं, वे बिल्कुल नई हैं। मेरे लिए सबसे दिलचस्प बात यह रही कि मेरा किरदार एक ऐसे मोड़ पर खड़ा है जहाँ कुछ भी सीधा या आसान नहीं है। हर नई खोज नए सवालों को जन्म देती है और हर अगला कदम जोखिम बढ़ा देता है। यह सीजन जबरदस्त सस्पेंस, तनाव और अप्रत्याशित ट्विस्ट से भरा है, और मैं दर्शकों के फिर से इस दुनिया में डूबने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।’
मानव मन की सनक और साधारण चेहरों के पीछे छिपे दरिंदे की दास्तान
आरंभ एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बन रही और शचिंद्र वत्स के निर्देशन में तैयार ‘जनावर 2’ एक विशुद्ध मनोवैज्ञानिक क्राइम थ्रिलर है। यह सीरीज इंसान के भीतर छिपे प्यार, सनक, छलावे और हैवानियत के बीच की उस बहुत महीन रेखा को दिखाती है जो अक्सर नजरअंदाज हो जाती है। यह नया सीजन इस कड़वी सच्चाई को फिर से उजागर करेगा कि समाज में सबसे खतरनाक दरिंदे अक्सर वही होते हैं जो देखने में बिल्कुल साधारण और मासूम लगते हैं।
सीरियल किलर की दहशत और जिले को हिला देने वाला सच
सीजन 2 की कहानी की शुरुआत एक नामी सीरियल किलर की वापसी के साथ होती है, जिससे पूरे जिले में दहशत फैल जाती है। लेकिन जैसे-जैसे सब-इंस्पेक्टर हेमंत जांच की गहराई में उतरते हैं, एक बेहद परेशान करने वाला सच सामने आता है कि असली हैवान तो सबके सामने ही छुपा हुआ था। धोखाधड़ी, गुप्त इरादों और रहस्यों के इस जाल में हेमंत बुरी तरह उलझ जाते हैं, जहाँ हर नया खुलासा खतरे के स्तर को कई गुना बढ़ा देता है।
कब और कहां देखें ‘जनावर सीजन 2’?
सस्पेंस और थ्रिल से भरपूर यह बहुचर्चित क्राइम ड्रामा बहुत जल्द (Premiering Soon) केवल जी5 (ZEE5) पर स्ट्रीम किया जाएगा। अगर आप साइकोलॉजिकल थ्रिलर के शौकीन हैं, तो भुवन अरोड़ा की यह थ्रिलर यात्रा आपके लिए एक बेहतरीन अनुभव साबित होने वाली है।
ये भी पढ़ें: ‘जन नायकन’ की एडवांस बुकिंग का तूफान, बिके 6 लाख से ज्यादा टिकट, रिलीज से पहले ही हुई 27 करोड़ की कमाई