पराठा भारतीय घरों में सबसे पसंदीदा नाश्तों में से एक है. आमतौर पर लोग आलू, गोभी या पनीर के पराठे बनाते हैं, लेकिन अगर आप कुछ नया और स्वादिष्ट ट्राई करना चाहते हैं, तो कॉर्न चीज पराठा एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. यह पराठा स्वाद के साथ-साथ बच्चों और बड़ों दोनों को खूब पसंद आता है. खास बात यह है कि इसमें स्वीट कॉर्न और चीज का शानदार कॉम्बिनेशन होता है, जो इसे बेहद लजीज बनाता है.

अगर आपके बच्चे बार-बार पिज्जा या बाहर का फास्ट फूड खाने की जिद करते हैं, तो आप घर पर यह आसान रेसिपी बनाकर उन्हें खुश कर सकते हैं. बाहर से कुरकुरा और अंदर से चीजी फिलिंग वाला यह पराठा नाश्ते, टिफिन या शाम के स्नैक के लिए भी एकदम परफेक्ट है. इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता और घर में मौजूद कुछ साधारण सामग्री से ही तैयार किया जा सकता है. आइए जानते हैं स्वादिष्ट कॉर्न चीज पराठा बनाने की आसान विधि.

कॉर्न चीज पराठा रेसिपी

आवश्यक सामग्री
1 कप स्वीट कॉर्न
1 कप कद्दूकस किया हुआ चीज
3-4 लहसुन की कलियां
1-2 हरी मिर्च
बारीक कटा हरा धनिया
स्वादानुसार नमक
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच ऑरिगैनो
पराठा बनाने के लिए आटा
घी आवश्यकतानुसार

बनाने की विधि
सबसे पहले एक चॉपर में स्वीट कॉर्न, लहसुन की कलियां और हरी मिर्च डालें. अब ढक्कन बंद करके इन्हें बारीक चॉप कर लें. चॉप करने के बाद कॉर्न में मौजूद अतिरिक्त पानी को अच्छी तरह निचोड़ लें. इससे पराठा बेलने में आसानी होगी और फिलिंग बाहर नहीं निकलेगी. इसे आप मिक्सर में भी दरदरा पीस सकते हैं.

अब एक बड़े बाउल में कद्दूकस किया हुआ चीज डालें. इसमें चॉप किया हुआ कॉर्न, बारीक कटा हरा धनिया, नमक, लाल मिर्च पाउडर और ऑरिगैनो मिलाएं. सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करके स्वादिष्ट स्टफिंग तैयार कर लें.

इसके बाद आटे की एक लोई लें और उसे हल्का बेल लें. ऊपर से थोड़ा नमक, लाल मिर्च पाउडर और थोड़ा घी लगाकर समान रूप से फैला दें. अब तैयार कॉर्न-चीज मिश्रण को बीच में रखें और चारों तरफ से मोड़कर बंद कर दें.

लोई को धीरे-धीरे चौकोर आकार में दोबारा बेलें. तवा गर्म करें और पराठे को दोनों तरफ से सेंकें. ऊपर से थोड़ा घी लगाएं और सुनहरा भूरा तथा कुरकुरा होने तक पकाएं.

गरमा-गरम कॉर्न चीज पराठा तैयार है. इसे दही, टमाटर केचप या अपनी पसंदीदा चटनी के साथ सर्व करें और स्वाद का आनंद लें.



Source link

Write A Comment