रवीना टंडन की बेटी राशा थडानी बॉलीवुड डेब्यू के बाद अब साउथ सिनेमा का रुख कर चुकी हैं। राशा थडानी साउथ सुपरस्टार महेश बाबू के भतीजे जया कृष्णा घट्टामनेनी के साथ तेलुगु डेब्यू कर रही हैं। अजय भूपति के निर्देशन में बनी ये फिल्म गुरुवार, 30 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है, जिसे लेकर महेश बाबू काफी उत्साहित हैं। ये जया कृष्णा की डेब्यू फिल्म है, जिस पर महेश बाबू ने खुशी जाहिर की है और जया कृष्णा को उनकी आने वाली फिल्म के लिए शुभकामनाएं दी हैं। महेश बाबू ने X (पहले ट्विटर) पर एक वीडियो मैसेज शेयर करते हुए राशा थडानी के साथ अपने भतीजे जया कृष्णा के डेब्यू पर खुशी जाहिर की।

भतीजे जया कृष्णा के डेब्यू को लेकर उत्साहित हैं महेश बाबू

महेश बाबू ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह कहते हैं, ‘नमस्कार। मेरा भतीजा, जय कृष्णा, ‘श्रीनिवास मंगपुरम’ से अपना डेब्यू कर रहा है। पूरा परिवार उसकी नई पारी को लेकर बहुत खुश है। असल में, हम सभी बहुत उत्साहित हैं। हमने टीजर, गाने और ट्रेलर देखे हैं। लीड जोड़ी, जय कृष्णा और राशा, बहुत अच्छी लग रही है। वे बहुत होनहार लग रहे हैं। डायरेक्टर अजय भूपति और म्यूजिक कंपोजर जी.वी. प्रकाश ने अपना काम बहुत अच्छे से किया है। उन दोनों को इतने अच्छे ढंग से पेश किए जाने का श्रेय डायरेक्टर अजय भूपति को जाना चाहिए।’

टेक्नीशियंस की भी तारीफ की

अपने पोस्ट में आगे महेश बाबू ने फिल्म के टेक्नीशियंस की भी तारीफ की। उन्होंने लिखा- ‘मुझे लगता है कि फिल्म के टेक्नीशियनों ने बहुत कड़ी मेहनत की है और इस फिल्म की रीढ़ म्यूजिक डायरेक्टर जी.वी. प्रकाश हैं। इसका म्यूज़िक पहले ही हिट हो चुका है। इस फिल्म का मेरा पसंदीदा गाना ‘अलेले’ है। मुझे वह गाना बहुत पसंद आया। यह फिल्म 30 जुलाई को रिलीज हो रही है। राशा और जया कृष्णा के डेब्यू से बहुत खुश हूं। मैं पूरी टीम को 30 जुलाई के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं।’ 

जब राशा थडानी ने अपने तेलुगु डेब्यू की घोषणा की

बता दें, राशा थडानी ने नवंबर 2025 में एक पोस्ट के जरिए अपने तेलुगु डेब्यू का ऐलान किया था। एक पोस्टर शेयर करते हुए उन्होंने सुपरस्टार महेश बाबू के भतीजे जया कृष्ण घट्टामनेनी के साथ अपनी तीसरी फिल्म, श्रीनिवास मंगापुरम की घोषणा की। उन्होंने लिखा, ‘नई शुरुआत, अंतहीन आभार! मी एंडरी प्रेमा, मैं तेलुगु सिनेमा में कदम रख रही हूं। इस अवसर के लिए @dirajaybhuppati सर को धन्यवाद। चाला इस यात्रा को शुरू करने के लिए उत्साहित हैं!’ बता दें, राशा थडानी ने अभिषेक कपूर की फिल्म ‘आजाद’ से एक्टिंग में डेब्यू किया है। इस फिल्म में उनके साथ अजय देवगन और उनके भतीजे अमन देवगन मुख्य भूमिका में नजर आए थे, लेकिन ये बॉक्स ऑफिस पर पिट गई। राशा, सौरभ गुप्ता के निर्देशन में बनी बॉलीवुड रोमांटिक ड्रामा ‘लाइकी लाइका’ का भी हिस्सा हैं। इस फिल्म में अभय वर्मा भी मुख्य भूमिका में हैं।

‘वाराणसी’ में नजर आएंगे महेश बाबू

वहीं महेश बाबू की बात करें तो तेलुगु सुपरस्टार इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर सुर्खियों में हैं। ये फिल्म 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। एसएस राजामौली के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में महेश बाबू के साथ प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। हाल ही में प्रियंका चोपड़ा ‘वाराणसी’ की शूटिंग के सिलसिले में हैदराबाद पहुंची हैं, यहां वह फिल्म के बचे हुए हिस्सों की शूटिंग करेंगी।

ये भी पढ़ेंः एसएस राजामौली की ‘वाराणसी’ में ‘राम-कुंभकरण’ के बीच होगा महायुद्ध, 30 मिनट लंबा होगा वॉर सीन, लेखक ने दी जानकारी

Latest Bollywood News





Source link

Write A Comment