Last Updated:
गर्मियों और बरसात के मौसम में मिलने वाले करोंदे से घर पर खट्टा-चटपटा अचार आसानी से बनाया जा सकता है. कृषि विज्ञान केंद्र की गृह विज्ञान एक्सपर्ट के अनुसार एक किलो करोंदे के लिए सरसों, मेथी, जीरा, सौंफ, नमक और स्वादानुसार मसालों की जरूरत होती है. करोंदों को 24 घंटे नमक-हल्दी में रखने और अच्छी तरह सुखाने के बाद सरसों के तेल व मसालों में मिलाकर अचार तैयार किया जा सकता है.
गोंडा: गर्मी और बरसात के मौसम में करोंदा बाजार में आसानी से मिल जाता है. करोंदे का अचार खट्टा और स्वादिष्ट होता है. इसे घर पर भी आसानी से बनाया जा सकता है. इसके लिए ज्यादा सामान की जरूरत नहीं होती है.
अचार बनाने के लिए जरूरी सामान
लोकल 18 से बातचीत के दौरान दीनदयाल शोध संस्थान कृषि विज्ञान केंद्र गोपाल ग्राम की गृह विज्ञान एक्सपर्ट डॉ. ममता त्रिपाठी ने करोंदे का अचार बनाने की आसान विधि बताई.
उन्होंने बताया कि एक किलो करोंदे का अचार बनाने के लिए करीब 100 ग्राम सरसों, 10 ग्राम मेथी दाना, 10 ग्राम जीरा, 100 ग्राम नमक और दो बड़े चम्मच सौंफ की जरूरत होती है. इसके अलावा हल्दी, लाल मिर्च और हींग स्वाद के अनुसार इस्तेमाल की जा सकती है.
इस तरह तैयार करें मसाला
सबसे पहले कड़ाही में शुद्ध सरसों का तेल गर्म करें. तेल गर्म करते समय इसमें थोड़ी मेथी और काली मिर्च या लौंग डाल सकते हैं. इससे तेल शुद्ध हो जाता है. इसके बाद सरसों, मेथी दाना, जीरा और सौंफ को हल्का गर्म कर लें. इन मसालों को ठंडा होने के बाद दरदरा पीस लें. मसाले को बहुत बारीक नहीं पीसना चाहिए. इसमें स्वाद के अनुसार लाल मिर्च और थोड़ी हींग मिला दें. अब सरसों के तेल को थोड़ा ठंडा होने दें, इसके बाद इसमें तैयार मसाला अच्छी तरह मिला दें.
करोंदों को ऐसे करें तैयार
ममता त्रिपाठी ने बताया कि सबसे पहले ताजे करोंदों को अच्छी तरह धो लें. इसके बाद इन्हें काटकर इसमें नमक और हल्दी मिला दें. करोंदों को करीब 24 घंटे के लिए रखा रहने दें. 24 घंटे बाद करोंदों को साफ कपड़े पर फैलाकर अच्छी तरह सुखा लें. अच्छी तरह सूखने के बाद इन्हें तैयार किए गए मसाले और सरसों के तेल में डालकर अच्छी तरह मिला दें.
इस तरह घर पर स्वादिष्ट करोंदे का अचार तैयार हो जाएगा. अचार को साफ और सूखे कांच के जार में भरकर रखें. अचार निकालने के लिए हमेशा साफ और सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें, ताकि इसमें नमी न जाए और अचार जल्दी खराब न हो.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…
और पढ़ें