Last Updated:

Kachha Aam Ki Daal Recipe: गर्मियों में जब भारी खाना खाने का मन नहीं करता, तब कच्चे आम की दाल स्वाद और सेहत दोनों का बेहतरीन विकल्प बन जाती है. अरहर दाल और कच्चे आम की खटास से बनी यह रेसिपी न सिर्फ भूख बढ़ाती है, बल्कि शरीर को अंदर से ठंडक भी देती है और गर्मी में राहत का अहसास कराती है.

पाली. गर्मियों का सीजन हो और थाली में आम की मिठास न घुले, ऐसा हो ही नहीं सकता. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जिस आम का आप शेक पीते हैं या अचार खाते हैं, वह आपकी रोज की दाल में भी नया स्वाद जोड़ सकता है. जी हां, अब तक आपने दाल तड़का और दाल फ्राई के कई रूप चखे होंगे, लेकिन आज हम आपको बताते हैं कच्चे आम की दाल के बारे में. यह न सिर्फ स्वाद में खास है, बल्कि इस तपती गर्मी में शरीर को ठंडक देने में भी मदद करती है. इसे हल्के तेल या घर के बने घी के साथ आसानी से तैयार किया जा सकता है.

तपती गर्मी और उमस भरे मौसम में जब भारी खाना खाने का मन न करे, तो कच्चे आम की दाल एक बेहतरीन विकल्प है. अरहर की दाल का स्वाद और कच्चे आम की खटास का मेल न सिर्फ भूख बढ़ाता है, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है. यह दाल शरीर को अंदर से ठंडक पहुंचाने में मदद करती है और डिहाइड्रेशन से बचाव में भी सहायक होती है. इस दाल को घी के तड़के के साथ जीरा राइस या ताजी रोटियों के साथ परोसा जाए तो स्वाद और भी बढ़ जाता है. साथ में आम का अचार और प्याज का सलाद हो तो पूरा भोजन और भी स्वादिष्ट हो जाता है.

पहले घर ले आए बाजार से यह सामान
अरहर (तुअर) दाल: 1 कप.
कच्चे आम (कैरी): 2 मध्यम आकार के कटे हुए.
हल्दी पाउडर: 1 छोटा चम्मच.
जीरा: 1 बड़ा चम्मच.
शुद्ध घी: 2 बड़े चम्मच (तड़के के लिए).
सूखी लाल मिर्च: 2 पीस.
हींग: 1/4 छोटा चम्मच.
नमक: स्वादानुसार.

अब समझें स्टेप बाय स्टेप पूरी बनाने की विधि

दाल की तैयारी
सबसे पहले अरहर दाल को साफ पानी से 2-3 बार धो लें और लगभग 30 मिनट के लिए भिगोकर रख दें. इससे दाल जल्दी गलती है और स्वाद भी अच्छा आता है.

कुकर में पकाएं
अब प्रेशर कुकर में भीगी हुई दाल, नमक, हल्दी और कटे हुए कच्चे आम के टुकड़े डालें. आम की गुठली भी साथ में डाल सकते हैं, इससे दाल में खट्टापन अच्छे से आ जाता है.

सीटी लगाएं
जरूरत के अनुसार पानी डालकर कुकर बंद करें और मध्यम आंच पर 3 से 5 सीटी आने तक पकाएं.

शाही तड़का तैयार करें
एक छोटे पैन में घी गर्म करें. जब घी गर्म हो जाए तो उसमें जीरा, सूखी लाल मिर्च और हींग डालें. जैसे ही मसाले चटकने लगें, इस तड़के को पकी हुई दाल में डाल दें. तड़का डालने के बाद दाल को धीमी आंच पर 2-3 मिनट तक उबालें. इससे दाल का स्वाद और भी बढ़ जाएगा और खुशबू अच्छे से घुल जाएगी.

About the Author

Anand Pandey

आनंद पाण्डेय वर्तमान में News18 हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाते हुए उन्होंने राजनीति, अपराध और लाइफ…और पढ़ें



Source link

Write A Comment