Last Updated:
दिल्ली के चांदनी चौक में खरीदारी के साथ-साथ स्ट्रीट फूड का भी अलग ही आकर्षण है. यहां मिलने वाली चाट, कचौड़ी, रबड़ी लस्सी और ड्राई फ्रूट्स से बनी कोल्ड ड्रिंक अपने खास स्वाद के लिए मशहूर हैं. खाने के शौकीनों का कहना है कि यहां के स्ट्रीट फूड की वैरायटी और स्वाद देश के अन्य शहरों से अलग है. यही वजह है कि एक बार इन व्यंजनों का स्वाद चखने वाले लोग इसे लंबे समय तक याद रखते हैं.
दिल्ली: गर्मियों की छुट्टियों के दौरान राजधानी दिल्ली में पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है. देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां घूमने पहुंच रहे हैं. ऐसे में पुरानी दिल्ली का चांदनी चौक बाजार एक बार फिर खाने-पीने के शौकीनों से गुलजार है. यहां खरीदारी के साथ-साथ स्ट्रीट फूड का स्वाद लेने के लिए भी लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है. अगर आप दिल्ली घूमने आए हैं या आने की योजना बना रहे हैं, तो चांदनी चौक के कुछ मशहूर स्ट्रीट फूड का स्वाद लेना बिल्कुल न भूलें. दिल्ली अपने खानपान के लिए प्रसिद्ध है और चांदनी चौक को यहां के स्वाद का दिल माना जाता है. यहां मिलने वाली चाट, कचौड़ी, लस्सी, कुल्फी और अन्य व्यंजन अपने अनोखे स्वाद के लिए देशभर में मशहूर हैं.
नटराज के दही भल्ले और जंग बहादुर की कचौड़ी
चांदनी चौक में दही भल्ले की बात हो और नटराज दही भल्ला का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. मुख्य बाजार में स्थित यह दुकान वर्षों से लोगों की पसंद बनी हुई है. यहां दही भल्ले के साथ-साथ चाट और गोलगप्पे भी काफी लोकप्रिय हैं. दूर-दूर से लोग इनका स्वाद लेने पहुंचते हैं. वहीं, कचौड़ी प्रेमियों के लिए जंग बहादुर कचौड़ी वाला एक बेहतरीन विकल्प है. नटराज दही भल्ला के पास स्थित इस दुकान की कचौड़ी अपने खास स्वाद और मसालेदार सब्जी के लिए जानी जाती है. यही वजह है कि यहां हमेशा ग्राहकों की भीड़ लगी रहती है.
जैन स्नैक्स कॉर्नर और कुरेमल की कुल्फी
अगर आप कुछ अलग स्वाद चखना चाहते हैं तो चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन के पास स्थित जैन स्नैक्स कॉर्नर जा सकते हैं. यहां दही वाले मोमो के अलावा ड्राई फ्रूट्स से बनी खास लस्सी और कोल्ड ड्रिंक मिलती हैं. बादाम, पिस्ता, काजू और अखरोट से तैयार पेय पदार्थ लोगों को काफी पसंद आते हैं. मीठा खाने के शौकीनों के लिए चांदनी चौक की मशहूर कुरेमल कुल्फी जरूर ट्राई करनी चाहिए. यह पुरानी और प्रसिद्ध कुल्फी की दुकानों में से एक है. यहां आपको कुल्फी की कई तरह की वैरायटी मिल जाएगी. ड्राई फ्रूट कुल्फी से लेकर शुगर-फ्री कुल्फी तक के विकल्प यहां उपलब्ध हैं. कुल्फी का स्वाद इतना खास है कि यह मुंह में रखते ही घुल जाती है.
सस्ते और स्वादिष्ट स्ट्रीट फूड की पहचान
चांदनी चौक में कई बड़े और महंगे रेस्टोरेंट मौजूद हैं, लेकिन यहां का असली आकर्षण स्ट्रीट फूड है. कम कीमत में मिलने वाला स्वादिष्ट खाना ही इस बाजार की खास पहचान है. अगर आप यहां आएं तो दही भल्ले, कचौड़ी, चाट, रबड़ी लस्सी, कुल्फी और हलवे का स्वाद लेना बिल्कुल न भूलें. ये सभी व्यंजन न केवल पॉकेट फ्रेंडली हैं, बल्कि अपने बेहतरीन स्वाद के लिए भी मशहूर हैं. यही वजह है कि चांदनी चौक आज भी दिल्ली आने वाले हर पर्यटक की फूड लिस्ट में सबसे ऊपर बना हुआ है.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें