Coriander Leaves Stroage Tips: हर घर की रसोई में धनिया की पत्तियां लगभग रोज इस्तेमाल होती हैं. दाल हो, सब्जी हो, रायता हो या फिर चाट, ऊपर से थोड़ा-सा हरा धनिया डालते ही खाने का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं, लेकिन सबसे बड़ी परेशानी तब होती है, जब बाजार से ताजा धनिया लाने के सिर्फ 2 दिन बाद ही उसकी पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं. कई बार पत्ते चिपचिपे हो जाते हैं, उनमें बदबू आने लगती है और पूरा गुच्छा फेंकना पड़ जाता है. इससे पैसे भी खराब होते हैं और बार-बार बाजार जाने की झंझट भी बढ़ जाती है, अगर आपके घर में भी यही समस्या रहती है, तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है.

सिंह साहब ने धनिया को लंबे समय तक हरा, ताजा और खुशबूदार रखने का बेहद आसान तरीका बताया है. इसमें किसी महंगे सामान की जरूरत नहीं पड़ती, बस स्टोर करने का सही तरीका अपनाना होता है, अगर आप कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखेंगे, तो धनिया करीब 25 दिनों तक भी ताजा बना रह सकता है.

2 दिन में ही धनिया की पत्तियां पीली क्यों हो जाती हैं?
धनिया जल्दी खराब होने की सबसे बड़ी वजह ज्यादा नमी होती है. जब धनिया की जड़ों में मिट्टी लगी रहती है या उसके बीच कोई सड़ा या पीला पत्ता छिपा होता है, तो धीरे-धीरे पूरा गुच्छा खराब होने लगता है. खराब पत्तियां एथिलीन गैस छोड़ती हैं, जिससे बाकी पत्तियां भी जल्दी पीली पड़ जाती हैं. फ्रिज के अंदर बंद माहौल और नमी इस परेशानी को और बढ़ा देती है. यही कारण है कि कई बार सिर्फ 2 दिन में ही धनिया खराब नजर आने लगता है.

सबसे पहले जड़ों को काटें
धनिया को फ्रिज में रखने से पहले उसकी जड़ों को काट देना चाहिए. जड़ों में सबसे ज्यादा मिट्टी और नमी रहती है, जो पूरे गुच्छे को जल्दी खराब कर सकती है. किसी साफ चाकू या कैंची की मदद से जड़ों वाला हिस्सा अलग कर दें. इससे स्टोर करना भी आसान हो जाता है और खराब होने की संभावना भी कम हो जाती है.

खराब पत्तों को तुरंत निकाल दें
जड़ें हटाने के बाद धनिया को एक बार अच्छी तरह फैलाकर देखें, अगर कोई पत्ता पीला, काला, गला हुआ या चिपचिपा दिखाई दे, तो उसे तुरंत अलग कर दें. एक खराब पत्ता पूरे धनिया को खराब करने के लिए काफी होता है. इसलिए स्टोर करने से पहले अच्छी तरह जांच करना जरूरी है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

एयरटाइट प्लास्टिक कंटेनर का करें इस्तेमाल
सिंह साहब के मुताबिक धनिया को खुला रखने के बजाय एयरटाइट प्लास्टिक कंटेनर में रखना ज्यादा अच्छा रहता है. कंटेनर पूरी तरह साफ और सूखा होना चाहिए. इसके नीचे पेपर टॉवल या साफ सूती कपड़ा बिछा दें. इससे अतिरिक्त नमी सोख ली जाती है और धनिया ज्यादा समय तक ताजा बना रहता है.

फ्रिज में रखने का सही तरीका
धनिया को कंटेनर में रखने के बाद उसका ढक्कन अच्छी तरह बंद कर दें. फिर उसे फ्रिज में रखें. एयरटाइट डब्बा बाहर की नमी को अंदर आने से रोकता है और अंदर का ठंडा माहौल धनिया को लंबे समय तक हरा बनाए रखता है. इससे पत्तियां सूखती भी नहीं हैं और उनकी ताजगी बनी रहती है.

समय-समय पर कंटेनर जरूर देखें
अगर आपने कंटेनर के नीचे पेपर टॉवल रखा है, तो बीच-बीच में उसे चेक करते रहें, अगर वह गीला हो गया है, तो उसे बदल दें. साथ ही अगर कोई पत्ता खराब दिखे, तो उसे तुरंत निकाल दें. ऐसा करने से बाकी धनिया सुरक्षित रहेगा और ज्यादा दिनों तक इस्तेमाल किया जा सकेगा.

25 दिनों तक ताजा रखने का आसान राज
अगर आप धनिया स्टोर करने से पहले जड़ों को हटा दें, खराब पत्तों को निकाल दें, सूखे एयरटाइट कंटेनर का इस्तेमाल करें और नमी पर ध्यान रखें, तो धनिया करीब 25 दिनों तक हरा-भरा और ताजा रह सकता है. इस आसान तरीके से बार-बार धनिया खरीदने की जरूरत भी कम होगी और रसोई में हमेशा ताजा धनिया मौजूद रहेगा.

ध्यान रखने वाली छोटी बातें
धनिया को धोकर तुरंत स्टोर न करें. अगर धोना जरूरी हो तो पहले उसे पूरी तरह सुखा लें. गीला धनिया सीधे फ्रिज में रखने से वह जल्दी खराब हो सकता है. कंटेनर हमेशा साफ और सूखा रखें. हर कुछ दिनों में कंटेनर खोलकर पत्तियों की जांच जरूर करें.



Source link

Write A Comment