Last Updated:
Green Chilli Pickle Recipe: हरी मिर्च का चटपटा अचार बनाने के लिए अब कई दिनों तक इंतजार करने की जरूरत नहीं है. एक आसान रेसिपी से सिर्फ 10 मिनट में अचार तैयार किया जा सकता है और सही तरीके से रखने पर यह लंबे समय तक स्वादिष्ट बना रहता है. हरी मिर्च का अचार बनाने की यह रेसिपी सभी को जान लेनी चाहिए.
घर पर आसानी से 10 मिनट में हरी मिर्च का अचार बनाया जा सकता है.
Hari Mirch Ka Achar Recipe: मिर्च का अचार सबसे ज्यादा पंसद किया जाता है और यह हर खाने का स्वाद बढ़ा देता है. खाने में अचार का स्वाद अलग ही मायने रखता है. पराठे हों या दाल-चावल, थोड़ा सा अचार पूरे खाने का स्वाद बढ़ा देता है. खासकर हरी मिर्च का अचार उन लोगों को बेहद पसंद आता है, जिन्हें खाने में थोड़ा तीखापन और चटपटा स्वाद पसंद होता है. कई बार अचार बनाने में धूप में सुखाने और कई दिनों तक इंतजार करने की जरूरत पड़ती है. अगर आप भी जल्दी बनने वाला हरी मिर्च का अचार बनाना चाहते हैं, तो यह आसान तरीका आपके काम आ सकता है. इस तरीके से बिना धूप में सुखाए सिर्फ 10 मिनट में स्वादिष्ट हरी मिर्च का अचार तैयार किया जा सकता है.
मिर्च का अचार बनाने के लिए सामग्री
इस झटपट अचार के लिए आपको ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ेगी. इसके लिए ताजी हरी मिर्च, सरसों का तेल, नमक, हल्दी, सौंफ, राई, मेथी दाना और थोड़ा सा नींबू का रस चाहिए. हरी मिर्च का चुनाव करते समय कोशिश करें कि मिर्च ताजी और बिना दाग वाली हो. अच्छी क्वालिटी की मिर्च से अचार का स्वाद भी बेहतर आता है.
10 मिनट में ऐसे बनाएं मिर्च का अचार
सबसे पहले हरी मिर्च को अच्छी तरह धोकर कपड़े से पूरी तरह सुखा लें, ताकि उनमें पानी न रह जाए. अब मिर्च को बीच से लंबा काट लें या छोटे टुकड़ों में काट लें. एक पैन में थोड़ा सरसों का तेल गर्म करें. तेल हल्का गर्म होने के बाद उसमें राई, सौंफ और मेथी दाना डालकर कुछ सेकंड भूनें. अब इसमें कटी हुई हरी मिर्च डालें और हल्की आंच पर 2 से 3 मिनट तक चलाते हुए पकाएं.
इसके बाद इसमें नमक, हल्दी और बाकी मसाले डालकर अच्छी तरह मिला दें. आखिर में नींबू का रस डालें और गैस बंद कर दें. आपका चटपटा हरी मिर्च का अचार तैयार है. अगर आप चाहते हैं कि अचार कई महीनों तक चले, तो कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है. सबसे पहले अचार को हमेशा साफ और सूखे कांच के जार में भरें. जार में नमी बिल्कुल नहीं होनी चाहिए.
अचार निकालते समय हमेशा सूखा चम्मच इस्तेमाल करें. गीला चम्मच लगाने से अचार जल्दी खराब हो सकता है. साथ ही, अचार को हमेशा ढककर रखें और कोशिश करें कि इसमें पर्याप्त मात्रा में तेल रहे. हरी मिर्च के अचार में थोड़ा सा अजवाइन या कलौंजी डालने से इसका स्वाद और खुशबू बढ़ सकती है. अगर आपको ज्यादा तीखा पसंद नहीं है, तो कम तीखी हरी मिर्च का इस्तेमाल कर सकते हैं.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 हिंदी की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें