Paneer Khurchan Recipe: हर दिन लंच या डिनर में पनीर की वही पुरानी सब्जी देखकर अगर घरवालों का मन कुछ अलग खाने को करे, तो पनीर खुरचन एक बढ़िया विकल्प हो सकता है. खास बात यह है कि इसके लिए घंटों किचन में खड़े रहने की जरूरत नहीं पड़ती. सही आंच और कुछ आसान ट्रिक्स के साथ यह डिश करीब 10 मिनट में तैयार की जा सकती है. इसका स्वाद साधारण पनीर की सब्जी से थोड़ा अलग होता है. प्याज और शिमला मिर्च का हल्का क्रंच, मसालों की खुशबू और पैन में चिपके मसालों से आने वाला हल्का स्मॉकी फ्लेवर इसे खास बनाता है.
शेफ कुणाल कपूर ने भी पनीर खुरचन बनाने का आसान तरीका शेयर किया है, अगर वीकेंड पर नान या रोटी के साथ कुछ चटपटा खाने का मन है, तो यह रेसिपी घर पर जरूर आजमाई जा सकती है.
पनीर खुरचन बनाने के लिए चाहिए ये चीजें
इस रेसिपी के लिए 250 ग्राम पनीर लें और उसे लंबे, पतले टुकड़ों में काट लें. इसके साथ एक बड़ा प्याज, एक शिमला मिर्च और एक टमाटर लें. प्याज और शिमला मिर्च को लंबा काटें, जबकि टमाटर के बीज निकालकर उसे भी लंबा काटना बेहतर रहेगा. मसालों में एक छोटा चम्मच जीरा, आधा छोटा चम्मच हल्दी, एक छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, एक छोटा चम्मच धनिया पाउडर, आधा छोटा चम्मच गरम मसाला और स्वाद के हिसाब से नमक लें. इसके अलावा एक बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट, दो हरी मिर्च, थोड़ी कसूरी मेथी, दो बड़े चम्मच तेल या घी और एक बड़ा चम्मच मक्खन चाहिए.
ऐसे तैयार करें मसालेदार पनीर खुरचन
तेज आंच पर करें शुरुआत
सबसे पहले चौड़ी और भारी तले वाली कड़ाही या पैन को अच्छी तरह गर्म करें. इसमें तेल या घी और मक्खन डालें. मक्खन पिघलने के बाद जीरा डालें और उसे चटकने दें. अब अदरक-लहसुन का पेस्ट और कटी हुई हरी मिर्च डालकर करीब एक मिनट भूनें. इसके बाद प्याज और शिमला मिर्च डालें. यहां एक छोटी सी बात स्वाद में बड़ा फर्क डाल सकती है. सब्जियों को ज्यादा देर तक न पकाएं. तेज आंच पर चलाते हुए उन्हें हल्का क्रंची रहने दें. यही पनीर खुरचन को सामान्य ग्रेवी वाली सब्जी से अलग बनाता है.
मसाले और पनीर डालने का सही समय
अब कटे हुए टमाटर डालें और हल्के हाथ से मिलाएं. टमाटर को पूरी तरह गलाने की जरूरत नहीं है. इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और नमक डालकर करीब 30 सेकेंड तक भूनें. अब सबसे जरूरी स्टेप आता है. पनीर के टुकड़े डालें और ऊपर से हाथों से मसलकर कसूरी मेथी डालें. पनीर को तेज आंच पर हल्के हाथ से मिलाएं. कोशिश करें कि मसाले पैन की सतह पर हल्के से लगें और फिर पनीर के साथ मिल जाएं. इसी से खुरचन वाला स्वाद और हल्की स्मॉकी खुशबू आती है. आखिर में गरम मसाला और बारीक कटा हरा धनिया डालें. एक-दो बार हल्के हाथ से चलाएं और गैस बंद कर दें. पनीर को ज्यादा देर पकाने से वह सख्त हो सकता है, इसलिए इस डिश में जल्दी पकाना ही बेहतर रहता है.
रेस्टोरेंट जैसा स्वाद पाने के लिए ध्यान रखें
पनीर खुरचन बनाते समय सबसे अहम है तेज आंच. धीमी आंच पर सब्जियां पानी छोड़ सकती हैं और डिश का टेक्सचर बदल सकता है. पैन चौड़ा हो तो सामग्री आसानी से भुनती है और पनीर को मसालों के साथ मिलाने में भी परेशानी नहीं होती. अगर पनीर फ्रिज से निकला हुआ है, तो उसे कुछ देर सामान्य तापमान पर रखने से भी बेहतर टेक्सचर मिल सकता है. बहुत ज्यादा मसाला डालने के बजाय सब्जियों, मक्खन और कसूरी मेथी के स्वाद को उभरने दें.
किसके साथ सर्व करें पनीर खुरचन?
गरमा-गरम पनीर खुरचन को तंदूरी रोटी, नान या पराठे के साथ सर्व किया जा सकता है, अगर घर में चावल पसंद किए जाते हैं, तो इसे पुलाव के साथ भी खाया जा सकता है. साथ में ठंडा रायता या प्याज-खीरे का सलाद हो, तो पूरा खाना और भी अच्छा लगता है.