Protein Chana Chaat Recipe: हर सुबह आपका नाश्ता पोहा, पराठा या ब्रेड तक ही सीमित रहता है और अब उसका स्वाद बोर करने लगा है, तो अब कुछ नया ट्राई करने का समय आ गया है. ऐसा नाश्ता जो स्वाद में भी लाजवाब हो और शरीर को भरपूर ताकत भी दे. आजकल की भागदौड़ भरी लाइफ में लोग अक्सर जल्दी थक जाते हैं, सुस्ती महसूस करते हैं या फिर बार-बार भूख लगने की शिकायत करते हैं. इसकी एक बड़ी वजह शरीर को सही मात्रा में प्रोटीन और पोषण न मिलना भी हो सकती है. ऐसे में काले चने की चटपटी चाट एक शानदार विकल्प बन सकती है.

इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें मौजूद प्रोटीन, फाइबर और आयरन शरीर को लंबे समय तक एनर्जी देने में मदद करते हैं, अगर आप वजन कंट्रोल करना चाहते हैं, फिट रहना चाहते हैं या दिन की शुरुआत हेल्दी तरीके से करना चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए बिल्कुल सही है. आइए जानते हैं कि प्रोटीन से भरपूर चना चाट कैसे बनाई जाती है और इसे खाने से क्या फायदे मिल सकते हैं.

क्यों खास है प्रोटीन चना चाट?
काला चना पोषण का खजाना माना जाता है. इसमें अच्छी मात्रा में प्रोटीन, आयरन, फाइबर और कई जरूरी मिनरल्स पाए जाते हैं. यही वजह है कि इसे रोज की डाइट में शामिल करने की सलाह दी जाती है. सुबह के नाश्ते में चना चाट खाने से पेट लंबे समय तक भरा रहता है, जिससे बार-बार कुछ खाने की इच्छा कम होती है. साथ ही यह शरीर को धीरे-धीरे एनर्जी देता है, जिससे दिनभर काम करने की ताकत बनी रहती है.

चना चाट खाने के फायदे
1. शरीर को अच्छी मात्रा में प्रोटीन मिलता है.
2. लंबे समय तक पेट भरा रहता है.
3. डाइजेशन बेहतर रखने में मदद मिलती है.
4. आयरन की अच्छी मात्रा मिलने से कमजोरी कम महसूस हो सकती है.
5. वजन कंट्रोल करने वालों के लिए बढ़िया विकल्प है.
6. सुबह की सुस्ती दूर करने में मदद मिल सकती है.
7. बच्चों से लेकर बड़ों तक हर कोई इसे आसानी से खा सकता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

प्रोटीन चना चाट बनाने के लिए सामग्री
1. 2 कप उबले हुए काले चने
2. 1 छोटा कप बारीक कटा प्याज
3. 1 छोटा कप बारीक कटा टमाटर
4. आधा कप उबला और बारीक कटा आलू (अगर चाहें)
5. 1 से 2 बारीक कटी हरी मिर्च
6. आधा कप बारीक कटा हरा धनिया
7. 2 बड़े चम्मच नींबू का रस
8. 1 छोटा चम्मच चाट मसाला
9. 1 छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
10. आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
11. स्वाद के मुताबिक काला नमक
12. 2 बड़े चम्मच अनार के दाने

बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले रातभर भिगोए हुए काले चनों को नमक डालकर अच्छी तरह उबाल लें. ध्यान रखें कि उबालने के बाद उनमें पानी बिल्कुल न बचा हो. अब एक बड़े बाउल में उबले हुए चने डालें. इसमें बारीक कटा प्याज, टमाटर, उबला आलू और हरी मिर्च मिला दें. इसके बाद चाट मसाला, भुना जीरा पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और काला नमक डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं ताकि हर दाने पर मसाले अच्छी तरह चिपक जाएं. अब ऊपर से ताजा नींबू का रस डालें. आखिर में हरा धनिया और अनार के दानों से सजाएं. आपकी स्वादिष्ट और प्रोटीन से भरपूर चना चाट तैयार है. इसे तुरंत सर्व करें ताकि इसका ताजा स्वाद बना रहे.

कुछ आसान टिप्स
अगर आप इसे और ज्यादा हेल्दी बनाना चाहते हैं तो इसमें उबले आलू की जगह खीरा, गाजर या शिमला मिर्च भी मिला सकते हैं. हल्का तीखा पसंद हो तो हरी मिर्च कम रखें. चाहें तो इसमें अंकुरित मूंग भी मिलाकर प्रोटीन की मात्रा और बढ़ा सकते हैं.

किन लोगों के लिए है यह नाश्ता?
जो लोग जिम जाते हैं, वजन कम करना चाहते हैं, ऑफिस में लंबे समय तक काम करते हैं या बच्चों के लिए हेल्दी टिफिन ढूंढ रहे हैं, उनके लिए यह चना चाट एक बेहतरीन विकल्प है. इसे सुबह के नाश्ते, शाम के स्नैक या हल्के डिनर के रूप में भी खाया जा सकता है.



Source link

Write A Comment