Last Updated:

Jamshedpur Unique Food Stall: जमशेदपुर में ‘टेस्टी टंग’ नामक एक अनोखा फूड स्टॉल क्रिकेट प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है. यह स्टॉल क्रिकेट के जुनून और खाने के स्वाद को एक साथ पेश करता है. इनके मेन्यू में क्रिकेटरों के नाम पर व्यंजन हैं. इसे पुष्पराज सिंह चलाते हैं, जो 8 महिलाओं को रोजगार भी दे रहे हैं.

ख़बरें फटाफट

जमशेदपुर. जमशेदपुर में क्रिकेट को लेकर लोगों की दीवानगी किसी से छिपी नहीं है, लेकिन शहर के कदमा गणेश पूजा मैदान में एक ऐसा फूड स्टॉल है, जहां क्रिकेट का जुनून और खाने का स्वाद एक साथ देखने को मिलता है. इस स्टॉल का नाम ‘टेस्टी टंग’ है, जिसे पुष्पराज सिंह चलाते हैं. पुष्पराज खुद क्रिकेट के बड़े प्रेमी हैं और बिहार के समस्तीपुर जिले की क्रिकेट टीम के कप्तान भी रह चुके हैं. क्रिकेट से उनका लगाव आज भी बरकरार है और इसी जुनून को उन्होंने अपने फूड स्टॉल के मेनू में भी शामिल कर लिया है.

क्रिकेटर्स के नाम पर हैं खाने का नाम
शाम करीब 5 बजे से कदमा गणेश पूजा मैदान में उनका स्टॉल सज जाता है. यहां पहुंचने वाले लोग सबसे पहले मेनू देखकर चौंक जाते हैं, क्योंकि आम फूड स्टॉल की तरह यहां सिर्फ खाने के नाम नहीं लिखे हैं, बल्कि कई लोकप्रिय क्रिकेटरों के नाम पर व्यंजनों के नाम रखे गए हैं. मेनू में ‘पंड्या का पनीर पराठा’, ‘शुभमन गिल का सत्तू पराठा’, ‘विराट का कढ़ाई चिकन’, ‘सचिन की प्योर वेज थाली’ और ‘धोनी की मटन थाली’ जैसे नाम लोगों का ध्यान खींचते हैं.

फेवरेट क्रिकेटर की डिश ऑर्डर करते हैं
पुष्पराज बताते हैं कि क्रिकेट उनके लिए सिर्फ खेल नहीं, बल्कि जुनून है. वह खुद क्रिकेट खेल चुके हैं और लंबे समय तक मैदान से जुड़े रहे हैं. इसी वजह से उन्होंने सोचा कि अपने खाने के कारोबार को भी क्रिकेट से जोड़ा जाए. उन्होंने अलग-अलग डिश को क्रिकेटरों की लोकप्रियता और अपनी पसंद के अनुसार नाम दिया है. यही वजह है कि यहां खाने से पहले लोग मेनू की तस्वीर जरूर लेते हैं और कई लोग अपने पसंदीदा क्रिकेटर के नाम वाली डिश को ही ऑर्डर करना पसंद करते हैं.

शाम को लगती है भीड़
टेस्टी टंग की खासियत सिर्फ क्रिकेट थीम वाला मेनू ही नहीं है. यहां साफ-सफाई और हाइजीन का भी खास ध्यान रखा जाता है. ग्राहकों के सामने ही खाना तैयार किया जाता है, जिससे लोग अपनी आंखों के सामने अपनी पसंद की डिश बनते हुए देख सकते हैं. कम कीमत में भरपेट खाना मिलने की वजह से यहां शाम के समय युवाओं, परिवारों और क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ देखने को मिलती है.

टीम में महिलाएं भी हैं
इस फूड स्टॉल की एक और खास बात रोजगार से जुड़ी है. पुष्पराज के साथ काम करने वाले स्टाफ में महिलाएं शामिल हैं. वह अपने कारोबार के साथ करीब 8 महिलाओं को रोजगार भी दे रहे हैं. उनका कहना है कि कारोबार के साथ अगर दूसरे लोगों को रोजगार देने का मौका मिले, तो इससे बेहतर बात और क्या हो सकती है. महिलाओं की टीम मिलकर ग्राहकों के लिए खाना तैयार करने से लेकर स्टॉल की व्यवस्था तक संभालती है.

अलग है ये फूड स्टॉल
कदमा गणेश पूजा मैदान में शाम 5 बजे के बाद अगर आप कुछ अलग अंदाज में खाना चाहते हैं, तो टेस्टी टंग का क्रिकेट थीम वाला मेनू आपको जरूर आकर्षित करेगा. यहां क्रिकेटरों के नाम वाली डिश, कम कीमत, साफ-सफाई और ग्राहकों के सामने खाना तैयार होने का अनुभव इसे बाकी फूड स्टॉल से अलग बनाता है. खासकर क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह जगह स्वाद के साथ अपने पसंदीदा खिलाड़ियों के नाम से जुड़ने का एक अनोखा मौका देती है.

About the Author

Raina Shukla

Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…

और पढ़ें



Source link

Write A Comment